एडिलेड में भी हारी टीम इंडिया, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज कब्जाई
ऑस्ट्रेलिया ने दूसरे वनडे में टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। कंगारू टीम ने तीन बदलाव किए हैं। भारतीय टीम बिना किसी बदलाव के उतरी है। पढ़िए लाइव अपडेट।

विकेट लेने के बाद अक्षर पटेल को बधाई देते साथी खिलाड़ी, Photo Credit: BCCI/X
भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच 3 मैचों की वनडे सीरीज का दूसरा मुकाबला एडिलेड में खेला जा रहा है। पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर टीम इंडिया ने 8 विकेट के नुकसान पर 264 रन का स्कोर खड़ा किया है। इस टारगेट का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम के 8 विकेट गिर गए हैं। मुकाबला रोमांचक मोड़ पर है। पढ़िए पल-पल का अपडेट।
एडिलेड से लाइव अपडेट:-
Live Updates
October 23, 17:10
ऑस्ट्रेलिया ने जीता मुकाबला
कूपर कोनोली (नाबाद 61 रन) ने ऑस्ट्रेलिया को सफलतापूर्वक लक्ष्य तक पहुंचा दिया है। भारत ने बैक टू बैक 3 विकेट लेकर वापसी की कोशिश की थी लेकिन कोनोली ने उसकी उम्मीदों पर पानी फेर दिया। ऑस्ट्रेलिया ने 22 गेंद शेष रहते इस मुकाबले को जीतकर सीरीज भी कब्जा ली है।
October 23, 17:04
रोमांचक हुआ मैच
मिचेल ओवन और कूपर कोनोली की विस्फटोक बल्लेबाजी से मुकाबला एकतरफा हो गया था लेकिन टीम इंडिया ने पिछले 4 ओवर में 3 विकेट लेकर रोमांच पैदा कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया जीत से 5 रन दूर है। भारत को 2 विकेट चाहिए।
October 23, 16:15
हर्षित राणा का शिकार बने मैथ्यू शॉर्ट
हर्षित राणा ने मैथ्यू शॉर्ट का विकेट झटक लिया है। उन्होंने बाउंसर पर शॉर्ट को डीप स्क्वेयरलेग की दिशा में सिराज के हाथों लपकवाया। 186 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया की आधी टीम सिमट गई है। उसे 84 गेंद में 78 रन की जरूरत है। शॉर्ट 78 गेंद में 74 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
October 23, 15:49
सिराज ने छोड़ा मैथ्यू शॉर्ट का कैच
एलेक्स कैरी को बोल्ड करने के बाद वॉशिंगटन सुंदर ने अपने अगले ओवर में मैथ्यू शॉर्ट को भी फंसा लिया था लेकिन मोहम्मद सिराज ने बैकवर्ड पॉइंट पर आसान कैच छोड़ दिया। शॉर्ट इस समय 55 रन के निजी स्कोर पर थे। अब देखना होगा कि सिराज की यह गलती कितनी भारी पड़ती है। 29 ओवर की समाप्ति के बाद ऑस्ट्रेलिया का स्कोर 129/4 है।
October 23, 15:32
सुंदर ने कैरी को किया क्लीन बोल्ड
वॉशिंगटन सुंदर ने अनुभवी विकेटकीपर बल्लेबाज एलेक्स कैरी को क्लीन बोल्ड कर मुकाबले को रोमांचक बना दिया है। कैरी स्वीप शॉट लगाने के प्रयास में चारों खाने चित हो गए। 132 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को चौथा झटका लगा है। उसे जीत के लिए 23 ओवर में 133 रन की जरूरत है। अर्धशतक जड़कर खेल रहे मैथ्यू शॉर्ट का साथ देने कूपर कोनोली आए हैं।
October 23, 15:12
ऑस्ट्रेलिया का तीसरा विकेट गिरा
अक्षर पटेल ने मैट रैनशॉ को क्लीन बोल्ड कर मैथ्यू शॉर्ट के साथ उनकी अर्धशतकीय साझेदारी तोड़ दी है। 109 के स्कोर पर ऑस्ट्रेलिया को तीसरा झटका लगा है। रेनशॉ 30 रन बनाकर आउट हुए।
https://twitter.com/StarSportsIndia/status/1981298231922610523
October 23, 14:25
हर्षित राणा ने हेड का बड़ा विकेट झटका
हर्षित राणा ने ट्रेविस हेड (28) का बड़ा विकेट झटक लिया है। उन्होंने हेड को कोहली के हाथों लपकवाया। टीम इंडिया को दूसरी सफलता भी जल्दी मिल गई है। मुकाबला अब बराबरी पर खड़ा है।
October 23, 14:00
अर्शदीप ने दिलाई पहली सफलता
अर्शदीप सिंह ने टीम इंडिया को पहली सफलता दिला दी है। बाएं हाथ के इस तेज गेंदबाज ने ऑस्ट्रेलियाई कप्तान मिचेल मार्श को पवेलियन भेजा है। अर्शदीप की दूर जाती बैक ऑफ लेंथ गेंद पर कड़ा प्रहार करने के प्रयास में मार्श अपने बल्ले का किनारा ही लगा पाए। केएल राहुल ने आसान कैच लपका। अर्शदीप ने आखिरकार कंगारू टीम की ओपनिंग जोड़ी तोड़ दी है। अर्शदीप और मोहम्मद सिराज की बेहतरीन गेंदबाजी के बावजूद टीम इंडिया 7 ओवर तक विकेट से दूर थी। मार्श 24 गेंद में 11 रन बनाकर आउट हुए।
October 23, 12:59
हर्षित-अर्शदीप ने रखी लाज
हर्षित राणा और अर्शदीप सिंह ने 9वें विकेट के लिए 37 रन की बहुमूल्य साझेदारी कर भारत को 264 के स्कोर तक पहुंचा दिया है। बॉलिंग ऑलराउंडर हर्षित ने 18 गेंद में 3 चौकों की मदद से नाबाद 24 रन बनाए। वहीं अर्शदीप ने 14 गेंद में 13 रन जोड़े। अब इस जोड़ी से बॉलिंग में कमाल की आस है।
October 23, 12:29
भारत की पारी ढही
भारतीय टीम ने पिछली 20 गेंद में तीनों ऑलराउंडरों के विकेट गंवा दिए हैं। वॉशिंगटन सुंदर (12) को जेवियर बार्टलेट ने पवेलियन भेजा। इसके बाद एडम जाम्पा ने 45वें ओवर में अक्षर पटेल (44) और नीतीश कुमार रेड्डी (8) का विकेट झटक भारत की पारी बिखर दी है। टीम इंडिया का स्कोर 226/8 हो गया है। हर्षित राणा से उम्मीद है कि वह स्कोर को 250 के करीब लेकर जाएं।
October 23, 11:53
भारत की आधी पारी सिमटी
एडम जाम्पी ने केएल राहुल (11) को भी क्लीन बोल्ड कर दिया है। 174 के स्कोर पर भारत की आधी पारी सिमट गई है। अब टीम इंडिया को बड़े स्कोर तक पहुंचने की जिम्मेदारी अक्षर पटेल और वॉशिंगटन सुंदर के कंधों पर है।
October 23, 11:33
श्रेयस अय्यर भी लौटे पवेलियन
रोहित शर्मा के बाद सेट बल्लेबाज श्रेयस अय्यर भी आउट हो गए हैं। श्रेयस 33वें ओवर में एडम जाम्पा की गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में क्लीन बोल्ड हुए। उन्होंने 77 गेंद में 61 रन बनाए। भारत का स्कोर 160/4 हो गया है। केएल राहुल बल्लेबाजी करने आए हैं।
October 23, 11:14
स्टार्क का शिकार बने रोहित
मिचेल स्टार्क ने रोहित शर्मा के रूप में भारतीय टीम को तीसरा झटका दे दिया है। रोहित शॉट गेंद पर पुल करते हुए छक्का जड़ने के प्रयास में डीप स्क्वेयरलेग पर आसान कैच थमा बैठे। रोहित 97 गेंद में 73 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अक्षर पटेल को नंबर-5 पर भेजा गया है।
October 23, 11:09
श्रेयस अय्यर ने भी पूरी की फिफ्टी
टीम इंडिया के उप-कप्तान श्रेयस अय्यर ने भी अर्धशतक पूरा कर लिया है। श्रेयस 29वें ओवर की पहली गेंद पर सिंगल लेकर इस मुकाम पर पहुंचे। भारत का स्कोर 130/2 है। श्रेयस और रोहित के बीच शतकीय साझेदारी पूरी हो चुकी है।
https://twitter.com/BCCI/status/1981233732381229332
October 23, 10:50
रोहित शर्मा ने ठोका अर्धशतक
रोहित शर्मा ने फिफ्टी जड़ दिया है। उन्होंने 74 गेंद में अपने वनडे करियर का 59वां अर्धशतक पूरा किया। रोहित ने श्रेयस अय्यर के साथ मिलकर भारतीय पारी को संभाल ली है। अब रन गति बढ़ाने की जरूरत है।
https://twitter.com/StarSportsIndia/status/1981228327043289441
October 23, 10:18
भारतीय टीम ने 50 रन का आंकड़ा छुआ
टीम इंडिया ने 15वें ओवर में जाकर 50 रन का आंकड़ा छुआ है। रोहित शर्मा धीरे-धीरे लय में आ रहे हैं। वह 56 गेंद में 26 रन बनाकर खेल रहे हैं। श्रेयस अय्यर 21 गेंद में 13 रन पर हैं। पिच से अभी भी गेंदबाजों को मदद मिल रही है।
October 23, 09:35
विराट कोहली लगातार दूसरे मैच में डक पर आउट
विराट कोहली जीरो पर आउट हो गए हैं। पिछले मैच में भी वह खाता नहीं खोल सके थे। जेवियर बार्टलेट ने एक ही ओवर में भारत को दो बड़े झटके दे दिए हैं। श्रेयस अय्यर का क्रीज पर आगमन हुआ है।
October 23, 09:32
शुभमन गिल OUT
कप्तान शुभमन गिल 9 रन बनाकर आउट हो गए हैं। दूसरे छोर पर रोहित शर्मा संघर्ष कर रहे हैं, जिसका असर शुभमन की बैटिंग पर भी पड़ा और वह सातवें ओवर की पहली गेंद पर चौका जड़ने के प्रयास में मिड ऑफ पर लपके गए। जेवियर बार्टलेट ने ऑस्ट्रेलिया को पहली सफलता दिलाई। क्रीज पर विराट कोहली आए हैं। भारत का स्कार 17/1 हो गया है।
October 23, 09:02
भारत की बल्लेबाजी शुरू
शुभमन गिल और रोहित शर्मा क्रीज पर आ गए हैं। टीम इंडिया को उनसे अच्छी शुरुआत की उम्मीद होगी। मिचेल स्टार्क पहला ओवर लेकर आए हैं।
October 23, 08:50
दोनों टीमों की प्लेइंग-XI
ऑस्ट्रेलिया - ट्रेविस हेड, मिशेल मार्श (कप्तान), मैथ्यू शॉर्ट, मैट रेनशॉ, एलेक्स कैरी (विकेटकीपर), मिचेल ओवेन, कूपर कोनोली, जेवियार बार्टलेट, मिचेल स्टार्क, एडम जाम्पा, जोश हेजलवुड
भारत - रोहित शर्मा, शुभमन गिल (कप्तान), विराट कोहली, श्रेयस अय्यर, केएल राहुल (विकेटकीपर), अक्षर पटेल, नीतीश कुमार रेड्डी, वॉशिंगटन सुंदर, हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज, अर्शदीप सिंह
October 23, 08:46
फिर टॉस हारे शुभमन गिल
सिक्के ने एक बार फिर भारतीय कप्तान शुभमन गिल का साथ नहीं दिया है। ऑस्ट्रेलिया के कप्तान मिचेल मार्श ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है।
https://twitter.com/BCCI/status/1981196522953068848
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap

