टीम इंडिया ने तिरुवनंतपुरम में खेले गए पांचवें टी20 मैच में न्यूजीलैंड को 46 रन से हरा दिया है। इसके साथ ही सूर्यकुमार यादव ब्रिगेड ने 4-1 से सीरीज पर कब्जा जमा लिया है। टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम ने 5 विकेट के नुकसान पर 271 रन का स्कोर खड़ा किया था। ईशान किशन ने 43 गेंद में 103, कप्तान सूर्या ने 30 गेंद में 63, ओपनर अभिषेक शर्मा ने 16 गेंद में 30, जबकि हार्दिक पंड्या ने 17 गेंद में 42 रन का योगदान दिया।
जवाब में न्यूजीलैंड की टीम ने भी अच्छी शुरुआत की थी। फिन एलेन ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर कीवी टीम को 8वें ओवर में ही 100 के पार पहुंचा दिया था। वह खतरनाक लग रहे थे लेकिन अक्षर पटेल ने उन्हें 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर चलता कर न्यूजीलैंड की पारी पटरी से उतार दी। इसके बाद भारतीय टीम ने लगातार अंतराल पर विकेट चटकाया और न्यूजीलैंड को 225 पर ही समेट दिया। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट झटके। अक्षर ने 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट लिए।
यह भी पढ़ें: पहली 16 गेंद में 18 रन, फिर आई ईशान किशन की आंधी और टूट गया सूर्या का रिकॉर्ड
खाली हाथ रहे बुमराह
अर्शदीप ने पहले ही ओवर में टिम साइफर्ट (3) का विकेट निकाला लेकिन एलन ने दूसरे छोर से लगातार बड़े शॉट खेलकर न्यूजीलैंड को मुकाबले में बनाए रखा। एलन ने 38 गेंद में 8 चौके और 6 छक्कों की मदद से 80 रन ठोके। रचिन रवींद्र ने 17 गेंद में 30 रन बनाए। दोनों के बीच दूसरे विकेट के लिए 48 गेंद में 100 रन की साझेदारी हुई। हालांकि उनके बाद कोई नहीं चल सका। अर्शदीप-अक्षर के अलावा वरुण चक्रवर्ती और रिंकू सिंह सफल गेंदबाज रहे। वरुण और रिंकू ने 1-1 विकेट लिए। जसप्रीत बुमराह ने 4 ओवर में 58 रन लुटाए। उन्होंने कोई विकेट भी नहीं मिला।
ईशान किशन का सनसनीखेज शतक
भारत ने पहले बैटिंग करते हुए 3 ही ओवर में संजू सैमसन का विकेट गंवा दिया। संजू लगातार पांचवें मैच में फ्लॉप रहे। वह अपने घरेलू मैदान पर सिर्फ 6 रन ही बना सके। उनके जाने के कुछ ही देर बाद अभिषेक शर्मा भी आउट हो गए। पांच ओवर की समाप्ति पर 48/2 स्कोर हो चुका था। यहां से ईशान किशन और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 137 रन की साझेदारी कर विशालकाय स्कोर की नींव रखी।
यह भी पढ़ें: संजू सैमसन का खेल खत्म? टी20 वर्ल्ड कप से पहले लगातार पांचवें मैच में हुए फ्लॉप
सूर्या ने 210 के स्ट्राइक रेट से 63 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 6 छक्के लगाए। उनके आउट होने के कुछ ही देर बाद ईशान किशन ने अपने टी20 इंटरनेशनल करियर का पहला शतक पूरा किया। ईशान ने इस दौरान 6 चौके और 10 छक्के उड़ाए। उन्होंने टी20 वर्ल्ड कप से पहले यह सनसनीखेज शतक ठोक प्लेइंग-XI में अपनी जगह और पुख्ता कर ली। न्यूजीलैंड की ओर से सैंटनर, जैकब डफी और काइल जेमीसन ने 50 से ज्यादा रन लुटाए।