साउथ अफ्रीका ने जीता दूसरा वनडे, 358 रन बनाकर भी हारी भारतीय टीम
साउथ अफ्रीका ने 359 रन का टारगेट आसानी से हासिल कर सीरीज में बराबरी हासिल कर ली है। विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ की शतकीय पारी बेकार चली गई।

रायपुर में अपनी अर्धशतकीय पारी के दौरान शॉट खेलते मैथ्यू ब्रीत्जके, Photo Credit: PTI
भारतीय टीम रायपुर वनडे में 358 रन भी बनाकर हार गई है। साउथ अफ्रीका ने इस विशाल टारगेट को 4 गेंद शेष रहते 6 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। विराट कोहली (102), ऋतुराज गायकवाड़ (105) और कप्तान केएल राहुल (नाबाद 66) की शानदार पारियों की बदौलत टीम इंडिया ने पहाड़ समान स्कोर खड़ा किया लेकिन खराब फील्डिंग और साधारण गेंदबाजी के चलते 350 प्लस रन भी कम पड़ गए।
साउथ अफ्रीका की ओर से एडन मारक्रम ने बेहतरीन शतकीय पारी खेली। मारक्रम ने 98 गेंद में 110 रन बनाए। डेवाल्ड ब्रेविस ने 34 गेंद में 1 चौका और 5 छक्कों की मदद से 54 रन ठोके। मैथ्यू ब्रीत्जके (68), कप्तान टेम्बा बावुमा (46) और कॉर्बिन बॉश (नाबाद 29) ने भी अहम योगदान दिया, जिससे साउथ अफ्रीका ने वनडे क्रिकेट में घर से बाहर अपने सबसे बड़े रन चेज को अंजाम देकर सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली।
पढ़ें पल-पल के अपडेट्स
Live Updates
2025-12-03T22:09
साउथ अफ्रीका ने रच दिया इतिहास
कॉर्बिन बॉश और केशव महाराज ने 4 गेंद शेष रहते ही साउथ अफ्रीका को 359 रन के टारगेट तक पहुंचा दिया है। प्रोटियाज टीम ने वनडे क्रिकेट में विदेशी सरजमीं पर अपने सबसे सफल रन चेज को अंजाम देकर सीरीज में 1-1 की बराबरी हासिल कर ली है।
https://twitter.com/ICC/status/1996258200442847303
2025-12-03T21:49
साउथ अफ्रीका को 4 ओवर में 18 रन की जरूरत
टोनी डॉर्जी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव के कारण रिटायर हर्ट हो गए हैं। हालांकि कॉर्बिन बॉश ने लगातार अंतराल पर बाउंड्री लगाकर जरूरी रन रेट को 6 से नीचे ला दिया है। साउथ अफ्रीका को आखिरी 24 गेंद में 18 रन की जरूरत है। कॉर्बिन बॉश के साथ क्रीज पर केशव महाराज हैं।
2025-12-03T21:36
साउथ अफ्रीका का छठा विकेट गिरा
अर्शदीप सिंह ने मार्को यानसन के रूप में साउथ अफ्रीका को छठा झटक दे दिया है। मैच का रुख बदल रहा है। साउथ अफ्रीका को 33 गेंद में 37 रन की दरकार है। भारतीय टीम को जीत के लिए डेथ ओवर्स में और कमाल करने की जरूरत है।
2025-12-03T21:30
साउथ अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन वापस
महंगे साबित हो रहे प्रसिद्ध कृष्णा ने मैथ्यू ब्रीत्जके (68) का बहुमूल्य विकेट झटक लिया है। 317 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। उसे जीत के लिए 37 गेंद में 42 रन की आवश्यक्ता है। मार्को यानसन क्रीज पर आए हैं।
2025-12-03T21:10
ब्रेविस के तूफान को कुलदीप को रोका
कुलदीप यादव ने डेवाल्ड ब्रेविस का बड़ा विकेट झटक लिया है। ब्रेविस ने 41वें ओवर की दूसरी गेंद पर लंबा छक्का जड़कर 33 गेंद में अपना अर्धशतक पूरा किया लेकिन अगली गेंद को भी दर्शकों के बीच भेजने के प्रयास में वह लॉन्ग ऑन पर लपक लिए गए। टोनी डीजॉर्ज बैटिंग करने आए हैं।
https://twitter.com/BCCI/status/1996244935452823568
2025-12-03T21:03
ब्रेविस-ब्रीत्जके की धुआंधार बल्लेबाजी
मैथ्यू ब्रीत्जके और डेवाल्ड ब्रेविस ने 10 ओवर में 85 रन की साझेदारी कर मैच का पलड़ा साउथ अफ्रीका के पक्ष में झुका दिया है। ब्रीत्जके 52 गेंद में 53, जबकि ब्रेविस 32 गेंद में 48 रन पर पहुंच गए हैं। प्रोटियाज टीम को आखिरी 10 ओवर में सिर्फ 77 रन की जरूरत है। उसके हाथ में 7 विकेट हैं। भारतीय टीम को गुच्छे में विकेट चाहिए।
2025-12-03T20:07
हर्षित राणा ने झटका मारक्रम का बड़ा विकेट
हर्षित राणा ने शतकवीर एडन मारक्रम का विकेट झटक लिया है। उन्होंने मारक्रम को धीमी गेंद पर फंसाया। मारक्रम 98 गेंद में 110 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 197 के स्कोर पर साउथ अफ्रीका का तीसरा विकेट गिरा है। डेवाल्ड ब्रेविस बैटिंग करने आए हैं।
2025-12-03T19:48
मारक्रम का आतिशी शतक
एडन मारक्रम ने 88 गेंद में धुआंधार शतक जड़ दिया है। मारक्रम ने अपनी पारी में अब तक 9 चौके और 4 छक्के लगाए हैं। उनके वनडे करियर का यह चौथा शतक है। मारक्रम की इस पारी की बदौलत साउथ अफ्रीकी टीम मुकाबले में मजबूती से बनी हुई है। उसे जीत के लिए 23 ओवर में 182 रन बनाने हैं।
2025-12-03T19:38
25 ओवर के बाद साउथ अफ्रीका 150 के पार
भारतीय टीम को साउथ अफ्रीकी कप्तान टेम्बा बावुमा (46) के रूप में दूसरी सफलता मिल गई है लेकिन एडन मारक्रम एक छोर पर जमे हुए हैं। 25 ओवर के बाद प्रोटियाज टीम का स्कोर 153/2 है। मारक्रम 79, जबकि नए बल्लेबाज मैथ्यू ब्रीत्जके 13 रन बनाकर खेल रहे हैं।
2025-12-03T19:08
मारक्रम ने जड़ा अर्धशतक
एडन मारक्रम ने 52 गेंद में अपना पचासा पूरा कर लिया है। वह और टेम्बा बावुम सहजता से साउथ अफ्रीका की पारी को आगे बढ़ा रहे हैं। भारत को दूसरे विकेट की जल्द जरूरत है।
2025-12-03T18:42
साउथ अफ्रीका की सधी हुई शुरुआत
अर्शदीप सिंह ने पांचवें ओवर में क्विंटन डीकॉक (8) विकेट झटक भारत को शुरुआती सफलता दिला थी लेकिन एडन मारक्रम ने कप्तान टेम्बा बावुमा के साथ मिलकर साउथ अफ्रीका को पावरप्ले में और झटका नहीं लगने दिया और स्कोर 50 के पार पहुंचा दिया है।
2025-12-03T17:50
साउथ अफ्रीका की बैटिंग शुरू
साउथ अफ्रीकी टीम 359 रन के टारगेट का पीछा करने उतर गई है। एडन मारक्रम के साथ ओपनिंग करने के लिए क्विंटन डीकॉक को भेजा गया है। पहला ओवर अर्शदीप सिंह लेकर आए हैं।
2025-12-03T17:20
भारत ने साउथ अफ्रीका को दिया 359 रन का टारगेट
भारतीय टीम ने विराट कोहली और ऋतुराज गायकवाड़ के शतक और केएल राहुल की नाबाद अर्धशतकीय पारी की मदद से 5 विकेट के नुकसान पर 358 रन का स्कोर खड़ा किया है। राहुल 43 गेंद में 6 चौके और 2 छक्के की मदद से 66 रन बनाकर नाबाद रहे। रवींद्र जडेजा ने 27 गेंद में नाबाद 24 रन बनाए। साउथ अफ्रीका को सीरीज में बराबरी हासिल करने के लिए विशाल टारगेट को चेज करना होगा।
2025-12-03T16:43
भारत को लगा पांचवां झटका
भारतीय टीम ने एक और विकट गंवा दिया है। वॉशिंगटन सुंदर रन आउट हो गए हैं। 289 के स्कोर पर भारत की आधी टीम पवेलियन लौट गई है। अब केएल राहुल और रवींद्र जडेजा पर जिम्मेदारी है कि वे तगड़ा फिनिश दें और भारत को 400 के करीब पहुंचाएं।
2025-12-03T16:32
शतक लगाने के बाद कोहली पवेलियन लौटे
विराट कोहली भी शतक लगाने के बाद बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में आउट हो गए हैं। उन्हें लुंगी एनगिडी ने अपना शिकार बनाया। कोहली ने 93 गेंद में 7 चौके और 2 छक्कों की मदद से 102 रन बनाए। उनका विकेट 284 के स्कोर पर गिरा। वॉशिंगटन सुंदर बैटिंग करने आए हैं।
2025-12-03T16:25
कोहली की 53वीं ODI सेंचुरी
विराट कोहली ने वनडे क्रिकेट में अपना 53वां शतक ठोक दिया है। उन्होंने रांची की तरह रायपुर में भी उछलकर हवा में पंच मारा और अपनी सेंचुरी का जश्न मनाया। वह सिर्फ 90 गेंद में तिहरे अंक में पहुंचे। भारत का स्कोर 38 ओवर की समाप्ति पर 275/3 है।
https://twitter.com/BCCI/status/1996170594749173771
2025-12-03T16:16
ऋतुराज आउट
ऋतुराज शतक लगाने के बाद तेज बल्लेबाजी करने के प्रयास में आउट हो गए हैं। उन्हें मार्को यानसन ने डीप फाइन लेग पर लपकवाया। ऋतुराज ने 83 गेंद में 12 चौके और 2 छक्कों की मदद से 105 रन की पारी खेली। नंबर-5 पर केएल राहुल आए हैं।
2025-12-03T16:05
ऋतुराज ने जड़ा अपना पहला ODI शतक
ऋतुराज गायकवाड़ ने लंबे समय बाद मिले मौके को दोनों हाथों से लपकते हुए अपने ODI करियर का पहला शतक जड़ दिया है। एक ओपनर होकर भी नंबर-4 पर बैटिंग कर रहे ऋतुराज ने चौके के साथ 77 गेंद में सेंचुरी पूरी की। दूसरे छोर पर खड़े विराट कोहली ने उन्हें गले लगाकर बधाई दिया। कोहली भी शतक के करीब हैं।
https://twitter.com/BCCI/status/1996167890282991908
2025-12-03T15:21
विराट कोहली ने भी जड़ा अर्धशतक
विराट कोहली ने अपनी फॉर्म को बरकरार रखा है। पिछले मैच में 135 रन की पारी खेलने वाले कोहली ने रायपुर में 48 गेंद में अर्धशतक जड़ दिया है। 25 ओवर के खेल के बाद भारत का स्कोर 158/2 है।
https://twitter.com/BCCI/status/1996155332226343094
2025-12-03T15:18
ऋतुराज गायकवाड़ ने ठोका अर्धशतक
ऋतुराज गायकवाड़ ने अपने वनडे करियर का दूसरा अर्धशतक जड़ दिया है। भारत का स्कोर 24 ओवर में ही 150 के पार पहुंच गया है। विराट कोहली भी अपनी फिफ्टी के करीब हैं।
2025-12-03T14:25
यशस्वी जायसवाल फिर हुए फ्लॉप
यशस्वी जायसवाल एक बार फिर बाएं हाथ के तेज गेंदबाज के सामने अपना विकेट गंवा बैठे हैं। पावरप्ले के आखिरी ओवर में मार्को यानसन के सामने वह पुल करने के प्रयास में स्क्वेयरलेग पर कैच देकर पवेलियन लौटे। उन्होंने 38 गेंद में सिर्फ 22 रन बनाए। विराट कोहली का साथ देने ऋतुराज गायकवाड़ आए हैं।
2025-12-03T14:01
रोहित शर्मा OUT
लंबे समय तक स्ट्राइक से दूर रहे रोहित शर्मा आउट हो गए हैं। रोहित ने पांचवें ओवर में नांद्रे बर्गर को लगातार तीन चौके जड़े थे लेकिन पांचवीं गेंद पर वह विकेट के पीछे लपक लिए गए। गेंद उनके बल्ले का महीन सा किनारा लेकर क्विंटन डीकॉक के पास गई। अंपायर ने उंगली नहीं खड़ी की, जिसके बाद साउथ अफ्रीका ने रिव्यू लिया और उनका फैसला सही साबित हुआ। 40 के स्कोर पर भारत को पहला झटका लगा है। रोहित 8 गेंद में 14 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
2025-12-03T13:50
लाइन-लेंथ से भटके साउथ अफ्रीकी गेंदबाज
पहले 3 ओवर के खेल में साउथ अफ्रीका की दिशाहीन गेंदबाजी रही है। लुंगि एनगिडी और नांद्रे बर्गर 12 अतिरिक्त रन दे चुके हैं। भारत का स्कोर बिना किसी नुकसान के 25 रन है। यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा क्रीज पर हैं।
2025-12-03T13:26
साउथ अफ्रीका ने किए तीन बदलाव
इस मैच के लिए भारतीय टीम ने अपनी टीम में कोई बदलाव नहीं किया है। कप्तान तेंबा बावुमा वापस आए हैं। उनके अलावा केशव महराज और लुंगी एंगिडी भी वापसी कर रहे हैं। पिछले मैच में कप्तान बावुमा को आराम दिया गया था।
2025-12-03T13:21
लगातार 20 वनडे में टॉस हारा भारत
साल 2023 के वर्ल्ड कप मैच के फाइनल में भारतीय टीम टॉस हार गई थी। तब से अब तक भारत 20वां वनडे मैच खेल रहा है और सभी में टॉस हारा ही है।
2025-12-03T13:19
वनडे में टीम इंडिया ने दिखाया दम
टेस्ट सीरीज में शर्मनाक हार के बाद जब रांची में भारत और साउथ अफ्रीका के बीच पहला वनडे खेला गया तो भारतीय टीम ने अपना दमखम दिखाया। भारत के धुरंधर बल्लेबाज विराट कोहली के शतक की बदौलत भारतीय टीम ने 349 रन बना डाले थे। जवाब में बल्लेबाजी करने की उतरी साउथ अफ्रीका की टीम 50वें ओवर की दूसरी गेंद पर 332 रन पर ऑल आउट हो गई भारत ने 17 रन से यह मैच जीत लिया।
2025-12-03T13:17
टेस्ट सीरीज में भारत की शर्मनाक हार
वनडे सीरीज से पहले भारत और साउथ अफ्रीका के बीच दो टेस्ट मैचों की सीरीज खेली गई थी। दोनों ही टेस्ट मैचों में भारत को हार का सामना करना पड़ा था।
https://twitter.com/BCCI/status/1996121279267832104
और पढ़ें
Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies
CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap


