इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के दूसरे ही दिन फैंस को ब्लॉकबस्टर मुकाबला देखने को मिलेगा। आज (रविवार) शाम 7:30 बजे से टूर्नामेंट के इतिहास की दो सबसे सफल टीमें चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) आमने-सामने होगी। चेन्नई की कमान ऋतुराज गायकवाड़ के हाथों में है। वहीं मुंबई की अगुवाई सूर्यकुमार यादव करेंगे। मुंबई की टीम पिछले सीजन तीन बार स्लो ओवर रेट का दोषी पाई गई थी। ऐसे में उनके रेगुलर कप्तान हार्दिक पंड्या पर एक मैच का बैन लगाया गया है। इस वजह से हार्दिक इस मुकाबले में नहीं खेल पाएंगे।
मुंबई की कमजोरी का फायदा उठाएगी चेन्नई?
पीठ की चोट से उबर रहे धाकड़ तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह मुंबई के शुरुआती 3-4 मैचों में नहीं खेल पाएंगे। हार्दिक पंड्या के भी बैन होने से चेन्नई के खिलाफ उनकी गेंदबाजी आक्रमण कमजोर नजर आ रही है। चेन्नई की टीम इसका फायदा उठाकर लय हासिल करना चाहेगी। ऋतुराज गायकवाड़ के ऊपर टीम को अच्छी शुरुआत देने की जिम्मेदारी होगी। उनके साथ डेवोन कॉनवे और रचिन रवींद्र में से कोई एक ओपनिंग करने आ सकता है। इसके बाद राहुल त्रिपाठी और शिवम दुबे जैसे बल्लेबाज उतरेंगे। देखना होगा कि महेंद्र सिंह धोनी कितनी गेंदों के लिए बल्लेबाजी करने आते हैं।
यह भी पढ़ें: विराट कोहली और फिल सॉल्ट ने KKR को धोया, RCB का विजयी आगाज
चेपॉक में स्पिनर्स होंगे हावी?
चेन्नई और मुंबई की टक्कर चेपॉक स्टेडियम में होगी। यहां की पिच स्पिनरों की मददगार रहती है। मगर पिछले सीजन इस मैदान पर तेज गेंदबाजों का बोलबाला रहा था। हालांकि इस बार चेपॉक में स्पिन फ्रेंडली पिच देखने को मिल सकती है। चेन्नई ने मेगा ऑक्शन में दिग्गज ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन और अफगानिस्तान के बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर नूर अहमद पर भारी राशि खर्च किए थे। रवींद्र जडेजा पहले से ही स्क्वॉड में हैं। इस स्पिन तिकड़ी को देखते हुए माना जा रहा है कि चेपॉक में टर्निंग ट्रैक तैयार किया जाएगा।
मुंबई के पास मिचेल सैंटनर के रूप में क्वालिटी स्पिनर है। सैंटनर के पास चेन्नई में खेलना भरपूर अनुभव है। मुंबई की टीम सैंटनर के साथ मुजीब उर रहमान को उतार सकती है। सैंटनर के अलावा दीपक चाहर भी लंबे समय से चेन्नई का हिस्सा रहे हैं। वह भी चेपॉक की पिच को भली भांति जानते हैं, जिससे मुंबई को फायदा मिल सकता है।
यह भी पढ़ें: इरफान पठान IPL 2025 के कॉमेंट्री पैनल से क्यों किए गए बाहर? ये है वजह
रोहित शर्मा के साथ रिकलटन करेंगे ओपनिंग
ईशान किशन के जाने के बाद रोहित शर्मा को नए ओपनिंग जोड़ीदार के साथ उतरना होगा। साउथ अफ्रीका के विकेटकीपर बल्लेबाज रायन रिकलटन उनके साथ पारी की शुरुआत कर सकते हैं। तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव मिडिल ऑर्डर की जिम्मेदारी संभालेंगे। हार्दिक की गैरमौजूदगी में रॉबिन मिंज को आईपीएल डेब्यू का मौका मिल सकता है। झारखंड से आने वाले रॉबिन मिंज को पिछले सीजन गुजरात टाइटंस ने खरीदा लेकिन बाइक एक्सीडेंट में चोटिल होने के कारण वह नहीं खेल पाए थे। नमन धीर पर मुंबई ने एक पार फिर भरोसा जताया है। उनके लिए फ्रेंचाइजी ने मेगा ऑक्शन में अपना इकलौता राइट टू मैच कार्ड इस्तेमाल किया था। उन्हें फिनिशर का रोल मिल सकता है।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
चेन्नई - डेवोन कॉनवे, ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), राहुल त्रिपाठी, दीपक हुड्डा, शिवम दुबे, सैम करन, रवींद्र जडेजा, एमएस धोनी (विकेटकीपर), आर अश्विन, नूर अहमद, मथीशा पथिराना
इम्पैक्ट प्लेयर - खलील अहमद/अंशुल कंबोज
मुंबई - रोहित शर्मा, रायन रिकलटन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, सूर्यकुमार यादव (कप्तान), नमन धीर, रॉबिन मिंज, मिचेल सैंटनर, मुजीब उर रहमान, दीपक चाहर, कर्ण शर्मा, ट्रेंट बोल्ट
इम्पैक्ट प्लेयर - सत्यनारायण राजू/अश्वनी कुमार