logo

ट्रेंडिंग:

आशुतोष शर्मा ने LSG के जबड़े से छीना मैच, DC ने रचा इतिहास

आशुतोष शर्मा ने लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ हार के मुहाने पर खड़ी दिल्ली कैपिटल्स कैपिटल्स को 1 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी। आशुतोष 31 गेंद में 66 रन बनाकर नाबाद रहे।

Ashutosh Sharma

आशुतोष शर्मा। (Photo Credit: IPL/X)

दिल्ली कैपिटल्स (DC) ने सांसें रोक देने वाले मुकाबले में लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) को 1 विकेट से हरा दिया है। विशाखापट्टनम में सोमवार (24 मार्च) को खेले गए आईपीएल 2025 के चौथे मैच में LSG ने 210 रन का टारगेट दिया था, जिसे दिल्ली कैपिटल्स ने 9 विकेट खोकर 3 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। आशुतोष शर्मा ने 31 गेंद में नाबाद 65 रन की करिश्माई पारी खेली। उन्होंने अंत तक खड़े रहकर DC को चमत्कारिक जीत दिलाई। आईपीएल इतिहास में दिल्ली का यह सबसे बड़ा रन चेज है। 20 साल के युवा लेग स्पिन ऑलराउंडर विपराज निगम ने भी 15 गेंद में ताबड़तोड़ 39 रन बनाकर इस जीत में अहम भूमिका निभाई।    

DC vs LSG लाइव अपडेट

Live Updates

March 24, 23:21

आशुतोष शर्मा ने DC को दिलाई रोमांचक जीत

आशुतोष शर्मा ने दिल्ली कैपिटल्स को 1 विकेट से रोमांचक जीत दिला दी है। आखिरी ओवर की तीसरी गेंद पर उनके पास स्ट्राइक आई और उन्होंने छक्के के साथ मैच फनिश कर दिया। 65 रन पर 5 विकेट गिरने के बाद क्रीज पर आए आशुतोष ने 31 गेंद में नाबाद 65 रन ठोके, जिसमें 5 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इससे पहले विपराज निगम ने 15 गेंद में 39 रन बनाकर DC को मोमेंटम दिलाया।

March 24, 23:16

दिल्ली आखिरी ओवर में चाहिए 6 रन

विपराज निगम के जाने के बाद आशुतोष शर्मा ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी से दिल्ली कैपिटल्स को जीत के करीब पहुंचा दिया है। दिल्ली कैपिटल्स को आखिरी ओवर में 6 रन बनाने हैं। उनकी आखिरी जोड़ी क्रीज पर है।

March 24, 22:54

विपराज-आशुतोष ने पलटा मैच

विपराज निगम और आशुतोष शर्मा ने 21 गेंद में धुआंधार 55 रन की साझेदारी कर मैच पलट दिया है। दिल्ली को अब 24 गेंद में 42 रन की जरूरत है। विपराज 14 गेंद में 39 रन बनाकर खेल रहे हैं, जिसमें 5 चौके और 1 छक्का शामिल है। आशुतोष 23 गेंद में 31 पर हैं।

March 24, 22:38

स्टब्स के आउट होते ही DC की उम्मीदें खत्म

ट्रिस्टन स्टब्स के आउट होते ही दिल्ली कैपिटल्स की बची-खुची उम्मीदें भी ध्वस्त हो गई हैं। स्टब्स ने 13वें ओवर की पहली दो गेंदों पर दो गगनचुंबी छक्के लगाए थे लेकिन एम सिद्धार्थ ने अगली ही गेंद पर अच्छी वापसी की और स्टब्स को क्लीन बोल्ड कर दिया। स्टब्स ने 22 गेंद में 34 रन की पारी खेली। दिल्ली कैपिटल्स का स्कोर 113/6 हो गया है।

March 24, 22:09

दिल्ली कैपिटल्स की आधी पारी सिमटी

अक्षर पटेल के बाद फाफ डुप्लेसी भी आउट हो गए हैं। 65 के स्कोर पर दिल्ली कैपिटल्स की आधी पारी सिमट गई है। कप्तान अक्षर (22) को दिग्वेश राठी ने आउट किया। इसके बाद फाफ डुप्लेसी (29) का विकेट रवि बिश्नोई ने चटकाया। ट्रिस्टन स्टब्स का साथ देने इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में आशुतोष शर्मा आए हैं।

March 24, 21:45

दिल्ली कैपिटल्स के 3 विकेट धड़ाम

लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहली 10 गेंदों में ही दिल्ली कैपिटल्स के 3 विकेट चटका दिए हैं। शार्दुल ठाकुर ने पहले ओवर में जेक फ्रेजर-मैकगर्क (1) और अभिषेक पोरेल (0) को चलता किया। इसके बाद बाएं हाथ के स्पिनर एम सिद्धार्थ ने समीर रिजवी को विकेट के पीछे कप्तान ऋषभ पंत के हाथों कैच आउट करवाया। क्रीज पर अब कप्तान अक्षर पटेल और उप-कप्तान फाफ डुप्लेसी की जोड़ी है।

March 24, 21:22

LSG ने DC को दिया 210 रन का टारगेट

डेविड मिलर ने पारी की आखिरी दो गेंदों पर दो छक्के लगाकर लखनऊ सुपर जायंट्स को 209 रन के टोटल तक पहुंचा दिया है। मिचेल मार्श (36 गेंद में 72 रन) और निकोलस पूरन (30 गेंद में 75 रन) की आतिशी पारियों की मदद से एक समय LSG 250 के आस-पास जाती दिख रही थी लेकिन इसके बाद दिल्ली कैपिटल्स ने अच्छी वापसी की। कुलदीप यादव ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 20 रन देकर 2 विकेट झटके। मिचेल स्टार्क को 3 सफलता मिली। हालांकि उन्होंने 4 ओवर में 42 रन खर्च दिए।

March 24, 21:00

LSG की पारी बिखरी

कुलदीप यादव और मिचेल स्टार्क ने लखनऊ सुपर जायंट्स की पारी बिखेर दी है। LSG का स्कोर 161/2 से 5 विकेट के नुकसान पर 177 रन हो गया है। कुलदीप ने पंत को आउट करने के बाद आयुष बदोनी को पवेलियन भेजा। इस बीच स्टार्क ने निकोलस पूरन को क्लीन बोल्ड कर दिया। 3 ओवर का खेल बाकी है। डेविड मिलर और शाहबाज क्रीज पर हैं। देखना है कि वह LSG को कहां तक पहुंचा पाते हैं।

March 24, 20:40

ऋषभ पंत जीरो पर आउट

कप्तान ऋषभ पंत 6 गेंद खेलकर जीरो पर आउट हो गए हैं। उन्होंने कुलदीप यादव की गेंद पर लॉन्ग ऑफ पर आसान कैच थमाया। निकोलस पूरन 27 गेंद में 70 रन बनाकर क्रीज पर डटे हुए हैं। उनका साथ देने डेविड मिलर आए हैं। 14 ओवर के बाद LSG का स्कोर 162/3 है।

March 24, 20:30

मुकेश कुमार ने मार्श के तूफान पर लगाया ब्रेक

मुकेश कुमार ने धीमी गेंद पर मिचेल मार्श को फंसा लिया है। मार्श 36 गेंद में 72 रन की तूफानी पारी खेलकर आउट हुए। दिल्ली कैपिटल्स की टीम यहां से रन गति पर विराम लगाना चाहेगी। निकोलस पूरन 21 गेंद में 42 रन बनाकर खेल रहे हैं। कप्तान ऋषभ पंत अब क्रीज पर आए हैं।

March 24, 20:10

मार्श का आतिशी अर्धशतक

मिचेल मार्श ने 21 गेंद में पचासा जड़ दिया है। दूसरे छोर से निकोलस पूरन भी धांसू बल्लेबाजी कर रहे हैं। 9 ओवर में LSG का स्कोर 100 के पार पहुंच गया है।

March 24, 19:50

LSG को लगा पहला झटका

विपराज निगम ने LSG को पहला झटका दे दिया है। इस युवा लेग स्पिनर ने एडन मारक्रम को लॉन्ग ऑफ पर लपवा दिया। मारक्रम 13 गेंद में 15 रन बनाकर पवेलियन लौटे। 4.4 ओवर के बाद लखनऊ का स्कोर 46/1 हो गया है। निकोलस पूरन नंबर 3 पर उतरे हैं।

March 24, 19:37

मारक्रम के 1000 आईपीएल रन पूरे

एडन मारक्रम ने आईपीएल में 1000 रन पूरे कर लिए हैं। मारक्रम पंजाब किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। आज वह लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए डेब्यू कर रहे हैं।

March 24, 19:35

मारक्रम-मार्श ओपनिंग करने उतरे

लखनऊ सुपर जायंट्स की बल्लेबाजी शुरू हो गई है। एडन मारक्रम और मिचेल मार्श की सलामी जोड़ी क्रीज पर उतरी है। दोनों ने 1.3 ओवर में 12 रन बटोर लिए हैं। मिचेल स्टार्क और शाहबाज अहमद अटैक पर हैं।

March 24, 19:10

दोनों टीमों की प्लेइंग-XI

LSG - ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), डेविड मिलर, आयुष बदोनी, मिचेल मार्श, प्रिंस यादव, दिग्वेश सिंह, निकोलस पूरन, शाहबाज अहमद, एडन मारक्रम, शार्दुल ठाकुर, रवि बिश्नोई

LSG इम्पैक्ट प्लेयर्स - एम सिद्धार्थ, अब्दुल समद, हिम्मत सिंह, आकाश सिंह, राजवर्द्धन हंगारगेकर

DC - फाफ डुप्लेसी, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, अभिषेक पोरेल (विकेटकीपर), समीर रिजवी, अक्षर पटेल (कप्तान), ट्रिस्टन स्टब्स, विपराज निगम, मिचेल स्टार्क, कुलदीप यादव, मोहित शर्मा, मुकेश कुमार

DC इम्पैक्ट प्लेयर्स - करुण नायर, आशुतोष शर्मा, डोनोवन फरेरा, त्रिपुराना विजय, दर्शन नालकंडे

March 24, 19:05

दिल्ली कैपिटल्स ने जीता टॉस

दिल्ली कैपिटल्स के कप्तान अक्षर पटेल ने टॉस जीतकर लखनऊ सुपर जायंट्स को पहले बैटिंग करने के लिए आमंत्रित किया है।

शेयर करें

संबंधित खबरें

Reporter

और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap