इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 के चौथे मुकाबले में आज (24 मार्च) दिल्ली कैपिटल्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की टक्कर होगी। यह मैच विशाखापट्टनम में खेला जाएगा। दिल्ली कैपिटल्स ने विशाखापट्टनम के वाईएस राजशेखर रेड्डी क्रिकेट स्टेडियम को अपना दूसरा होम वेन्यू चुना है। वे अपने पहले दो मुकाबले यहीं खेलेंगे।
दिल्ली और लखनऊ की टक्कर में फैंस को एक दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिलेगी। स्टार बल्लेबाज ऋषभ पंत और केएल राहुल अपनी पुरानी टीमों के खिलाफ उतरेंगे। दिल्ली कैपिटल्स के साथ आईपीएल करियर की शुरुआत करने वाले ऋषभ पंत अब एलएसजी की जर्सी में नजर आएंगे। फ्रेंचाइजी ने उन्हें टीम की कमान दी है। वहीं 3 सीजन तक एलएसजी की कप्तानी करने वाले केएल राहुल अब दिल्ली कैपिटल्स की ओर से खेलेंगे। राहुल को कप्तान बनाए जाने की चर्चा थी लेकिन उन्होंने लीडरशिप रोल से खुद को दूर रखा।
यह भी पढ़ें: जोफ्रा आर्चर पर 'नस्लीय' टिप्पणी कर बुरे फंसे हरभजन सिंह!
पंत चलेंगे ये चाल
लखनऊ सुपर जायंट्स ने पहले बैटिंग करते हुए अब तक 73 फीसदी मैचों में जीत दर्ज की है। आईपीएल 2022 से यह सभी टीमों से ज्यादा है। इस आंकड़े को देखते हुए अगर ऋषभ पंत टॉस जीतते हैं तो वह बल्लेबाजी चुनना पसंद करेंगे। पिछले सीजन दिल्ली कैपिटल्स के तेज गेंदबाजों ने 10.7 की इकॉनमी से रन लुटाए थे। पंत उनकी इस कमजोरी से भली भांति वाकिफ हैं। ऐसे में वह दिल्ली कैपिटल्स के पेसर्स को निशाना बनाने के प्लान के साथ उतर सकते हैं।
हालांकि इस बार डीसी की तेज गेंदबाजी युनिट बेहतर नजर आ रही है। मिचेल स्टार्क, टी नटराजन और मोहिद शर्मा को खरीदकर उन्होंने पेस आक्रमण को मजबूत कर लिया है। मुकेश कुमार के लिए मेगा ऑक्शन में उन्होंने राइट टू मैच कार्ड का इस्तेमाल किया था। मोहित शर्मा, स्टार्क और नटराजन को प्लेइंग-XI में सीधी एंट्री हो सकती है, जबकि टोटल डिफेंड करते समय मुकेश कुमार को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर मौका दिया जा सकता है। देखना दिलचस्प होगा कि कप्तान अक्षर पटेल किस कॉम्बिनेशन के साथ उतरते हैं।
यह भी पढ़ें: IPL 2025 के बाद भी रिटायर नहीं होंगे धोनी? 'थाला' ने खत्म किया सस्पेंस
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI:
LSG - युवराज चौधरी, मिचेल मार्श, ऋषभ पंत (कप्तान और विकेटकीपर), निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, डेविड मिलर, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, राजवर्द्धन हंगारगेकर, रवि बिश्नोई, शमार जोसेफ
इम्पैक्ट प्लेयर - प्रिंस यादव
दिल्ली कैपिटल्स - जेक फ्रेजर-मैकगर्क, फाफ डुप्लेसी, अभिषेक पोरेल, केएल राहुल (विकेट कीपर), ट्रिस्टन स्टब्स, अक्षर पटेल (कप्तान), आशुतोष शर्मा, मोहित शर्मा, कुलदीप यादव, मिचेल स्टार्क, टी नटराजन,
इम्पैक्ट प्लेयर - समीर रिजवी/मुकेश कुमार