पिछले सीजन पॉइंट्स टेबल में सबसे निचले स्थान पर रही मुंबई इंडियंस (MI) ने आईपीएल 2025 में भी खराब शुरुआत की है। सितारों से सजी मुंबई इंडियंस को लगातार दूसरे मुकाबले में मुंह की खानी पड़ी है। शनिवार (29 मार्च) को अहमदाबाद में उसे शुभमन गिल की कप्तानी वाली गुजरात टाइटंस (GT) ने 36 रन से धूल चटा दी। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए गुजरात टाइटंस ने निर्धारित 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 196 रन का टोटल खड़ा किया था। इसके जवाब में MI 6 विकेट खोकर 160 रन तक ही पहुंच सकी।
गुजरात की जीत के हीरो साई सुदर्शन, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा रहे। युवा ओपनर सुदर्शन ने 18वें ओवर तक बल्लेबाजी कर गुजरात को बड़े स्कोर तक पहुंचाया। इसके बाद सिराज और प्रसिद्ध ने मुंबई इंडियंस के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त कर जीत सुनिश्चित की। मुंबई इंडियंस को लगातार चौथे सीजन अपने शुरुआती दो मुकाबले में हार का सामना करना पड़ा।
यह भी पढ़ें: मुंबई इंडियंस के खिलाफ सुनील नारायण खेलेंगे या नहीं? फिटनेस पर आया बड़ा अपडेट
गिल और बटलर का भी बल्ला बोला
कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन की सलामी जोड़ी ने गुजरात टाइटंस को अच्छी शुरुआत दी। दोनों ने पहले विकेट के लिए 8.3 ओवर में 78 रन जोड़े। शुभमन गिल 27 गेंद में 4 चौके और 1 छक्के की मदद से 38 रन बनाकर आउट हुए। साई सुदर्शन ने लगातार दूसरा अर्धशतक जड़ा। 18वें ओवर की अंतिम गेंद पर आउट होने से पहले सुदर्शन ने 63 रन की पारी खेली, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। नंबर 3 पर आए जोस बटलर ने 24 गेंद में 39 रन बनाए। उन्होंने 5 चौके और 1 छक्का जड़ा। टॉप ऑर्डर के शानदार प्रदर्शन की बदौलत गुजरात टाइटंस की टीम 200 के करीब पहुंचने में कामयाब रही। एक मैच के बैन के बाद वापसी कर रहे मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पंड्या ने 4 ओवर में 29 रन देकर 2 विकेट झटके।
सिराज-प्रसिद्ध के सामने नहीं टिक पाए MI के बल्लेबाज
लक्ष्य का पीछा करते हुए MI को पहले ही ओवर में बड़ा झटका लगा। रोहित शर्मा एक बार फिर 4 गेंद खेलकर पवेलियन लौटे। उन्हें मोहम्मद सिराज ने लगातार दो चौके खाने के बाद क्लीन बोल्ड कर दिया। इसके बाद सिराज ने मुंबई इंडियंस के दूसरे ओपनर रायन रिकलटन (6) को निपटाया। तिलक वर्मा और सूर्यकुमार यादव ने तीसरे विकेट के लिए 62 रन की साझेदारी कर मुंबई को संभाला। प्रसिद्ध कृष्णा ने तिलक को आउट कर मुंबई को तीसरा झटका दिया। तिलक वर्मा ने 36 गेंद में 39 रन की धीमी पारी खेली। रन गति बढ़ाने के प्रयास में वह चलते बने। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे रॉबिन मिंज (3) को साई किशोर ने पवेलियन भेजा।
यह भी पढ़ें: राजस्थान रॉयल्स के कोच ने ऐसा क्या कहा कि सुर्खियों में आ गए रियान पराग?
बढ़ते जरूरी रन रेट के दबाव में सूर्या भी अपना संयम खो बैठे। उन्होंने 28 गेंद में 1 चौके और 4 छक्के उड़ाते हुए 48 रन बनाए। 16वें ओवर की आखिरी गेंद पर उन्हें प्रसिद्ध कृष्णा ने गिल के हाथों लपकवाया। हार्दिक पंड्या 17 गेंद में 11 रन ही बना सके। नमन धीर और मिचेल सैंटनर ने नाबाद 18-18 रन बनाकर हार का अंतर कम किया। सिराज ने 4 ओवर में 34 रन देकर 2 विकेट अपने नाम किए। प्रसिद्ध ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 18 रन खर्चे और 2 विकेट झटके।