लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) ने गुजरात टाइटंस (GT) के विजयरथ को रोक दिया है। LSG ने शनिवार को दोपहर के मुकाबले में GT को 6 विकेट से मात दे दी। इसी के साथ शुभमन गिल की टीम का लगातार 4 मैचों से चला आ रहा जीत का सिलसिला थम गया है। टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करते हुए GT ने 6 विकेट के नुकसान पर 180 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे LSG ने 4 विकेट खोकर 3 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। LSG ने इसके साथ ही जीत की हैट्रिक पूरी की।
मारक्रम-पूरन की फिफ्टी
मिचेल मार्श की गैरमौजूदगी में एडन मारक्रम के साथ कप्तान ऋषभ पंत ओपनिंग करने उतरे। मारक्रम और पंत ने पावरप्ले में 61 रन बटोरकर रन चेज में LSG को अच्छी शुरुआत दिलाई। सातवें ओवर की दूसरी गेंद पर प्रसिद्ध कृष्णा ने पंत का विकेट झटका। खराब फॉर्म से जूझ रहे पंत 18 गेंद में 21 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मारक्रम और निकोलस पूरन ने 29 गेंद में 58 रन कूट दिए। इस बीच मारक्रम ने 26 गेंद में अपनी फिफ्टी पूरी की। मारक्रम और पूरन जल्दी मैच फिनिश करने के मूड में थे लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने मारक्रम को चलता कर GT को थोड़ी राहत दिलाई।
मारक्रम ने 31 गेंद में 58 रन बनाए। उनके जाने के बाद पूरन ने मोर्चा संभाला और 23 गेंद में धमाकेदार अर्धशतक जड़ा। उन्होंने 34 गेंद में 61 रन की पारी खेली, जिसमें 1 चौका और 7 छक्के शामिल रहे। पूरन जब आउट हुए, तब LSG को 28 गेंद में महज 27 रन की जरूरत थी। GT ने इसके बाद किफायती गेंदबाजी करते हुए मैच में रोमांच ला दिया। LSG को आखिरी ओवर में ओवर में 6 रन बनाने थे। आयुष बदोनी ने साई किशोर की दूसरी गेंद पर चौका और फिर छक्का जड़कर मैच फिनिश किया। इम्पैक्ट प्लेयर के रूप में उतरे बदोनी 20 गेंद में 28 रन बनाकर नाबाद लौटे। GT के इम्पैक्ट प्लेयर प्रसिद्ध कृष्णा ने 2 विकेट चटकाए। राशिद खान और वॉशिंगटन सुंदर को एक-एक सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: मिचेल मार्श को क्या हुआ, GT के खिलाफ क्यों नहीं खेल रहे मैच?
गिल-सुदर्शन की मेहनत पर फिरा पानी
पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने पहले विकेट के लिए 12 ओवर में 120 रन जड़ दिए। इसी स्कोर पर आवेश खान ने शुभमन को पवेलियन भेजा। शुभमन ने 38 गेंद में 6 चौके और 1 छक्के की मदद से 60 रन बनाए। उनके आउट होने के बाद सुदर्शन भी चलते बने। सुदर्शन ने 37 गेंद में 56 रन की पारी खेली, जिसमें 7 चौके और 1 छक्का शामिल रहा। शुभमन और सुदर्शन के क्रीज पर रहते GT 220 के आस-पास जाती दिख रही थी मगर वह आखिरी 8 ओवर में 60 रन ही बना सकी। जोस बटलर और शरफेन रदरफोर्ड ने निराश किया। बटलर ने 14 गेंद में 16 रन बनाए, जबकि रदरफोर्ड ने 19 गेंद में 22 रन जोड़े। LSG की ओर से शार्दुल ठाकुर और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट झटके।
यह भी पढ़ें: शुभमन गिल का डबल धमाल, फिफ्टी जड़कर पोलार्ड को छोड़ा पीछे