इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन शुरू होने में चंद दिन शेष रह गए हैं। इस बार का IPL वैभव सूर्यवंशी, प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा जैसे युवा खिलाड़ियों के नाम हो सकता है। वैभव ने पिछले IPL सीजन में डेब्यू करते हुए अपनी बल्लेबाजी से दर्शकों को रोमांचित किया था। उन्होंने 35 गेंद में शतक ठोक सनसनी मचा दी थी। उम्मीद की जा रही है कि वैभव इस सीजन भी अपने बल्ले से रन बरसाएंगे। उन्होंने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में 175 रन की धुआंधार पारी खेलकर संकेत भी दिया है कि इस बार का सीजन उनका ही होगा। वह एक बार फिर राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते नजर आएंगे।
IPL इतिहास के दो सबसे महंगे अनकैप्ड खिलाड़ी प्रशांत वीर और कार्तिक शर्मा भी अपनी छाप छोड़ने के लिए बेताब होंगे। इन दोनों को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) ने 14.2-14.2 करोड़ रुपये में खरीदा है। CSK के आयुष म्हात्रे भी बड़े स्टेज पर अपने बल्ले का कमाल दिखाना चाहेंगे, जिन्होंने अपनी कप्तानी में टीम इंडिया को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताया था। इन युवा जोश के बीच उन 5 उम्रदराज खिलाड़ियों पर एक नजर, जिन पर आगामी सीजन में सभी की निगाहें रहेंगी।
यह भी पढ़ें: न RCB न CSK... IPL के एक सीजन में इस टीम ने लगाए हैं सबसे ज्यादा छक्के
एमएस धोनी (44 साल)
CSK के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी 45 साल के होने वाले हैं लेकिन IPL में अभी भी उनका जलवा कायम है। फैंस उनकी एक झलक के लिए उमड़ पड़ते हैं। हर सीजन की तरह इस बार भी माना जा रहा है कि यह उनका आखिरी सीजन होगा। ऐसे में उनके फैंस का सैलाब एक बार फिर उमड़ने वाला है। धोनी के फैंस पिछले सीजन उनसे कुछ नाराज नजर आए थे, क्योंकि वह काफी नीचे बल्लेबाजी करने आ रहे थे। इस बार सबकी निगाहें इस पर हैं कि वह पूरा सीजन खेलते हैं या नहीं। अगर खेलते हैं तो CSK टीम में उनका रोल क्या होगा?
रोहित शर्मा (38 साल)
टीम इंडिया के लिए अब सिर्फ ODI फॉर्मेट में खेल रहे रोहित शर्मा के लिए यह IPL महत्वपूर्ण होने वाला है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय टीम मैनेजमेंट 2027 ODI वर्ल्ड कप के प्लान में शामिल सभी खिलाड़ियों पर बारीकी से नजर रखने वाली है। अगर रोहित IPL 2026 को बड़ा नहीं बनाते हैं तो शायद उनका वर्ल्ड कप का सपना टूट सकता है। रोहित IPL में बड़े रन बनाने के लिए नहीं जाने जाते हैं लेकिन इस बार उन्हें 600 प्लस रन वाले सीजन की जरूरत है, ताकि वह वर्ल्ड कप की रेस में बने रहें।
यह भी पढ़ें: प्रशांत वीर से मंगेश यादव तक... ये 5 अनकैप्ड खिलाड़ी मचा सकते हैं धमाल
सुनील नारायण (37 साल)
अपने IPL करियर शुरुआत से कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के लिए खेल रहे सुनील नारायण पर इस बार भी बड़ी जिम्मेदारी है। आंद्रे रसेल के संन्यास और प्रमुख तेज गेंदबाजों की चोट से परेशान KKR की टीम को सुनील नारायण से उम्मीदें रहेंगी। एक तरह से देखा जाए तो KKR की सफलता की कुंजी उनके ही हाथों में होती है। यह टीम जब-जब चैंपियन बनी है, उस सीजन सुनील नारायण का प्रदर्शन जबरदस्त रहा है। ऐसे में KKR फैंस को एक बार फिर इस कैरेबियाई ऑलराउंडर से चमत्कारिक प्रदर्शन की आस रहेगी।
अजिंक्य रहाणे - 37 साल
भारतीय टीम से बाहर चल रहे दिग्गज बल्लेबाज अजिंक्य रहाणे के लिए यह सीजन अग्निपरीक्षा से कम नहीं है। उन्हें एक बार फिर KKR की कमान दी गई है। पिछले सीजन रहाणे की कप्तानी में KKR आठवें स्थान पर रही थी। इस बार रहाणे को न सिर्फ कप्तानी बल्कि से भी टीम को जीत दिलाना है। अगर उनका और टीम का प्रदर्शन ठीक नहीं रहता है तो शायद रहाणे का IPL करियर यहीं खत्म हो सकता है।
रवींद्र जडेजा - 36 साल
17 साल बाद राजस्थान रॉयल्स में वापसी कर रहे सीनियर ऑलराउंडर रवींद्र जडेजा से इस फ्रेंचाइजी को काफी उम्मीदें हैं। जडेजा ने लंबे समय तक CSK के लिए गेंद और बल्ले से कमाल कर के दिखाया है। उनसे राजस्थान रॉयल्स के फैंस भी वैसे ही बेजोड़ प्रदर्शन की आस लगाए बैठे होंगे। रोहित की तरह जडेजा के लिए भी यह IPL सीजन काफी अहम है। 2027 वनडे वर्ल्ड कप के मद्देनजर जडेजा को दोनों डिपार्टमेंट में बेहतर करना होगा, तभी उनके लिए बात बनेगी।