युवा सनसनी वैभव सूर्यवंशी सुर्खियों में बने हुए हैं। 15 साल के इस खिलाड़ी ने अपने टैलेंट से हर किसी को अपना मुरीद बना लिया है। भारत को अंडर-19 वर्ल्ड कप जिताने के बाद अब वह इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में राजस्थान रॉयल्स के लिए गदर काट रहे हैं। उन्होंने मौजूदा सीजन में 6 मैचों में 236.53 के स्ट्राइक रेट से 246 रन बना दिए हैं। ऑरेंज कैप की रेस में यह बाएं हाथ का बल्लेबाज पांचवें नंबर पर चल रहा है।
अपनी बेखौफ बल्लेबाजी के लिए मशहूर वैभव ने निरंतरता भी दिखाई है, जिसके बाद उन्हें टीम इंडिया में शामिल करने की मांग जोर पकड़ रही है। इस बीच ऑस्ट्रेलिया के महान कप्तान एलन बॉर्डर ने भी उनकी खूब तारीफ की है लेकिन उन्हें एक सलाह भी दी है। भारत दौरे पर आए बॉर्डर ने एक इंटरव्यू में कहा है कि वैभव एक ग्रेट टैलेंट हैं लेकिन अब उन्हें अपना डिफेंस भी मजबूत करना होगा।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: पावरप्ले में ही हार जा रही है LSG, आंकड़े दे रहे गवाही
वैभव में दिखती है लारा की झलक - बॉर्डर
एलन बॉर्डर ने कहा कि उन्हें वैभव में कैरेबियाई दिग्गज ब्रायन लारा की झलक दिखती है। ऑस्ट्रेलिया को पहला वर्ल्ड कप जिताने वाले कप्तान ने वैभव की तारीफ में कहा, 'मुझे लगता है कि वैभव एक ग्रेट टैलेंट है। मैंने 14-15 साल के किसी बल्लेबाज को क्रिकेट की गेंद को इतनी ज्यादा ताकत से मारते कभी नहीं देखा है। मैं इस समय ये भविष्यवाणी तो नहीं कर सकता कि आगे चलकर वह एक सफल टेस्ट क्रिकेटर बन पाएगा या नहीं लेकिन मैं उसमें ब्रायन लारा की झलक साफ-साफ देख सकता हूं।
उन्होंने आगे कहा, 'उसे बहुत आगे जाना है लेकिन उसे ये सुनिश्चित करना होगा कि वह गेंद को मैदान के हर कोने में मार सकता है।' बॉर्डर ने वैभव को सलाह दिया कि उन्हें अब ये जरूर सीखना चाहिए कि वह अपना डिफेंस कैसे मजबूत करें।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान क्रिकेट में भूचाल... नवाज का ड्रग्स टेस्ट आया पॉजिटिव, ऐक्शन में PCB
बॉर्डर ने देखी वैभव की बैटिंग
कोलकाता के ईडन गार्डंस में रविवार (19 अप्रैल) को कोलकाता नाइट राइडर्स और राजस्थान रॉयल्स के बीच मुकाबला हुआ था, जिसमें वैभव ने 28 गेंद में 6 चौके और 2 छक्कों की मदद से 46 रन ठोके थे। इस मुकाबले को बॉर्डर ने अपने बेटे डीन के साथ देखा।