IPL 2026 मिनी ऑक्शन में रवि बिश्नोई और राहुल चाहर जैसे स्पिनर्स के अलावा सौरष्ट्र के क्रेन्स फुलेत्रा भी महंगे रह सकते हैं। 21 साल के फुलेत्रा पर दो फ्रेंचाइजियों की नजरें हैं।
सौराष्ट्र प्रो टी20 लीग में इमर्जिंग प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का अवॉर्ड लेते क्रेन्स फुलेत्रा, Photo Credit: Saurashtra Cricket/Instagram
इंडियन प्रीमियर लीग (
IPL
) के आगामी सीजन के लिए होने वाली मिनी नीलामी में ऑलराउंडर्स के अलावा स्पिनर्स पर भी बड़ी डीमांड में रहने वाले हैं। इस बार के ऑक्शन में रवि बिश्नोई और राहुल चाहर जैसे बड़े भारतीय नाम हैं, जिनके पीछे फ्रेंचाइजियां भाग सकती सकती हैं। वहीं विदेशों स्पिनर्स में वनिंदु हसरंगा और महीश तीक्षणा पर भी नजरें रहेंगी। इन बड़े नामों के बीच सौराष्ट्र के क्रेन्स फुलेत्रा की लॉट्री लग सकती है।
कौन हैं क्रेन्स फुलेत्रा?
21 साल के क्रेन्स फुलेत्रा बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर हैं। वह घरेलू क्रिकेट में सौराष्ट्र के लिए खेलते हैं। फुलेत्रा ने प्रोफेशन क्रिकेट में अब तक 3 ही मैच खेले हैं। उन्होंने पिछले विजय हजारे ट्रॉफी सीजन में अपना लिस्ट-ए डेब्यू किया था। अपने पहले लिस्ट-ए मैच में फुलेत्रा ने 10 ओवर में 79 रन खर्चे थे। उन्हें कोई सफलता भी नहीं मिली।
फुलेत्रा ने इस सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के दौरान अपने टी20 करियर की शुरुआत की। डेब्यू टी20 मैच में भी उन्हें एक भी विकेट नहीं मिला और उन्होंने 3 ओवर में 32 रन लुटा दिए। फुलेत्रा ने दूसरे मुकाबले में 3.1 ओवर में 30 रन देकर 1 विकेट लिए।
फुलत्रा सौराष्ट्र प्रो टी20 लीग में अनमोल किंग्स हालार के लिए खेलते हैं
फुलेत्रा की क्यों है चर्चा?
IPL में कलाई के स्पिनरों की हमेशा मांग रहती है। तिस पर से फुलेत्रा बाएं हाथ के कलाई के स्पिनर हैं, जो वर्ल्ड लेवल पर भी बहुतायात में नहीं मिलते हैं। फुलेत्रा को पिछले सीजन सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने नेट बॉलर के तौर पर चुना था। एडम जाम्पा के चोटिल होने के बाद फुलेत्रा SRH के मेन स्क्वॉड में शामिल किए जाने वाले थे लेकिन एक तकनीकी कारण से ऐसा नहीं हो सका। दरअसल, फुलेत्रा ने IPL 2025 मेगा ऑक्शन के लिए अपना नाम रजिस्टर्ड नहीं कराया था, जिससे वह SRH से नहीं जुड़ पाए। समझा जा रहा है कि इस बार नीलामी में SRH उनके लिए बोली लगाएगी। वहीं राजस्थान रॉयल्स भी फुलेत्रा के पीछे भागने वाली है।