logo

मूड

ट्रेंडिंग:

IPL: 'एल क्लासिको' में चेन्नई सुपर किंग्स ने फिर मारी बाजी, मुंबई इंडियंस बाहर!

चेन्नई सुपर किंग्स ने IPL 2026 में मुंबई इंडियंस को फिर से हरा दिया है। मुंबई इंडियंस की यह लगातार तीसरी हार है और वह प्लेऑफ की रेस से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है।

Ruturaj Gaikwad Fifty vs MI IPL 2026

MI के खिलाफ पचासा जड़ने के बाद जश्न मनाते ऋतुराज गायकवाड़, Photo Credit: IPL/X

शेयर करें

google_follow_us

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 44वां मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच खेला गया। शनिवार (2 मई) को चेपॉक में खेले गए इस मुकाबले में CSK ने 8 विकेट से बाजी मारी। MI ने टॉस जीतकर पहले बैटिंग करते हुए 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे CSK ने कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ और कार्तिक शर्मा के नाबाद अर्धशतकों की मदद से 18.1 ओवर में 2 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।

 

इस सीजन MI के खिलाफ CSK की यह लगातार दूसरी जीत रही। इससे पहले 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में CSK ने MI को 103 रन से रौंदा था। अब अपने घर में बड़ी जीत के साथ CSK पॉइंट्स टेबल में छठे स्थान पर आ गई है। दूसरी तरफ MI प्लेऑफ की रेस से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। यह उसकी लगातार तीसरी हार रही। MI 9 में से 2 ही मैच जीत पाई है। अब MI अपने बचे पांचों में में भी जीत दर्ज करती है, तब भी वह 14 पॉइंट्स तक ही पहुंच पाएगी, जो प्लेऑफ में पहुंचने के लिए काफी नहीं होंगे।

 

यह भी पढ़ें: न बल्ला चल रहा, न गेंद से कर पा रहे कमाल... हार्दिक पंड्या को हुआ क्या है?

CSK ने पावरप्ले में ही जीत लिया मैच

चेपॉक की धीमी पिच पर 159 रन के टारगेट का पीछा करने उतरी CSK की शुरुआत अच्छी नहीं रही। टीम के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले संजू सैमसन (11) दूसरे ही ओवर में जसप्रीत बुमराह का शिकार बन गए। इसके बाद कप्तान ऋतुराज और उर्विल पटेल ने आतिशी बल्लेबाजी करते हुए CSK को पावरप्ले के अंदर 60 के पार पहुंचा दिया। उर्विल 12 गेंद में 24 रन की तेज पारी खेलकर आउट हुए। CSK ने पावरप्ले में 2 विकेट के नुकसान पर 62 रन बनाए, जिससे MI बैकफुट पर आ गई और फिर ऋतुराज और कार्तिक ने उसे वापसी का मौका ही नहीं दिया।

 

ऋतुराज-कार्तिक ने तीसरे विकेट के लिए 98 रन की नाबाद साझेदारी कर CSK को आसान जीत दिला दी। ऋतुराज ने 48 गेंद में 5 चौके और 2 छक्कों की मदद से नाबाद 67 रन की पारी खेली। वहीं कार्तिक ने अपने IPL करियर की पहली अर्धशतकीय पारी खेली। उन्होंने 40 गेंद में नाबाद 54 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 3 छक्के शामिल रहे।

 

यह भी पढ़ें: स्पिन के सामने फंस रहे हैं तिलक, पेस से परेशान सूर्या, MI करे तो क्या करे?

अचानक धीमी पड़ी MI की पारी

MI ने 10 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 90 रन बना लिए थे। नमन धीर ने 11वें ओवर की शुरुआत लगातार चौकों के साथ की। MI की टीम आसानी से 200 के पार जाती दिख रही थी लेकिन सूर्यकुमार यादव (21) के आउट होते ही उसकी पारी अचानक धीमी पड़ गई। तिलक वर्मा 8 गेंद खेलकर 5 रन ही बना सके, जबकि कप्तान हार्दिक पंड्या ने आखिरी ओवर तक बैटिंग की लेकिन वह 23 गेंद में 8 रन ही बना पाए। MI की टीम आखिरी 10 ओवर में 69 रन ही जोड़ पाई। उसकी ओर से नमन धीर ने सबसे ज्यादा 57 रन बनाए। वहीं रायन रिकलटन ने 37 रन का योगदान दिया। 

 

CSK के लिए अंशुल कम्बोज ने 4 ओवर में 32 रन देकर 3 विकेट झटके। नूर अहमद ने 4 ओवर में सिर्फ 26 रन दिए और 2 विकेट अपने नाम किए। डेब्यूटंट रामकृष्ण घोष और जेमी ओवरटन के खाते में 1-1 विकेट रहे।


और पढ़ें