IPL 2026 का 22वां मैच चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच खेला गया। यह मैच दोनों टीमों के लिए बेहद अहम था। जो 14 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेला गया। चेन्नई ने यह मैच 32 रनों से जीत लिया। यह CSK की लगातार दूसरी जीत है, जबकि KKR अब तक 5 मैच खेलने के बाद भी IPL 2026 में अपनी पहली जीत की तलाश में है। इस मैच में चेन्नई के नूर अहमद ने 3 विकेट लिए।
IPL 2026 का 22वां मैच जीतकर CSK ने पॉइंट्स टेबल में छलांग लगा दी है। अब टीम 5 मैच में से 2 जीत के साथ और -0.846 नेट रन रेट लेकर 8वें नंबर पर पहुंच गई है। इससे पहले चेन्नई 9वें स्थान पर थी। अब 9वें नंबर पर मुंबई इंडियंस खिसक गई है। वहीं KKR का हाल और भी खराब है। टीम ने 5 में से 4 मैच हारे हैं, जबकि एक मैच बारिश में धुल गया। इसी वजह से कोलकाता -1.383 नेट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल में सबसे नीचे 10वें नंबर पर है।
यह भी पढ़ें: KKR के ब्लेसिंग मुजारबानी पर 2 साल का बैन क्यों लगा? जानें पूरा मामला
CSK की पारी
टॉस हारने के बाद CSK को पहले बल्लेबाजी करने बुलाया गया। बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई की शुरुआत बढ़िया रही। पावरप्ले में टीम ने 2 विकेट खोकर 72 रन ठोक दिए। इसके बाद मिडिल ओवर्स में टीम की रफ्तार थोड़ी धीमी पड़ गई। 7 से 15 ओवर के बीच चेन्नई ने सिर्फ 70 रन जोड़े, हालांकि इस दौरान सिर्फ 1 ही विकेट गिरा। फिर डेथ ओवर्स में टीम ने वापसी की और 16 से 20 ओवर के बीच 2 विकेट खोकर 50 रन बटोर लिए। इसी की बदौलत CSK ने 20 ओवर में 5 विकेट गंवाकर 192 रन का अच्छा स्कोर खड़ा कर दिया।
CSK की तरफ से संजू सैमसन ने सबसे ज्यादा 48 रन ठोके। उनके अलावा डेवाल्ड ब्रेविस ने 41 रन बनाए और आयुष म्हात्रे ने 38 रन का योगदान दिया। वहीं कोलकाता की गेंदबाजी की बात करें तो कार्तिक त्यागी ने 2 विकेट झटके। बाकी सुनील नरेन, अनुकूल रॉय और वैभव अरोड़ा को 1-1 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में आने वाले हैं वैभव सूर्यवंशी? समझिए कहां से मिल रहे हैं संकेत
KKR की पारी
कोलकाता की शुरुआत काफी धीमी और खराब रही। पावरप्ले में ही टीम ने 2 विकेट गंवाकर सिर्फ 36 रन बनाए। इसके बाद मिडिल ओवरों में भी चेन्नई के गेंदबाजों का दबदबा बना रहा। 7 से 15 ओवर के बीच KKR ने 71 रन तो बनाए लेकिन इस दौरान 4 विकेट भी खो दिए। डेथ ओवरों में भी टीम कुछ खास नहीं कर पाई। 16 से 20 ओवर के बीच 53 रन बने। आखिर में KKR 20 ओवर में 7 विकेट खोकर सिर्फ 160 रन ही बना सकी। यही वजह रही कि CSK ने इस मैच को आसानी से 32 रन से जीत लिया।
KKR की तरफ से रमनदीप सिंह ने सबसे ज्यादा 35 रन ठोके। वहीं रोवमैन पॉवेल 31 रन बनाकर नाबाद लौटे। इनके अलावा कप्तान अजिंक्य रहाणे भी कुछ खास नहीं कर पाए और 28 रन बनाए। दूसरी तरफ चेन्नई के गेंदबाज पूरे मैच में हावी नजर आए। नूर अहमद ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 3 विकेट झटके। अंशुल कंबोज ने भी 2 विकेट लिए। वहीं खलील अहमद और अकील हुसैन को 1-1 सफलता मिली।
यह भी पढ़ें: कौन हैं प्रफुल्ल हिंगे? डेब्यू मैच में लिए 4 विकेट, IPL में रचा इतिहास
KKR प्लेऑफ सिनेरियो
IPL 2026 में प्लेऑफ से पहले हर टीम को 14 मैच खेलने हैं। प्लेऑफ में पहुंचने के लिए आम तौर पर 8 जीत यानी 16 पॉइंट्स जरूरी माने जाते हैं। अब बात करें KKR की, तो टीम अपने पहले 5 मैच खेल चुकी है और एक भी जीत नहीं मिली है। यानी अब कोलकाता के पास सिर्फ 9 मैच बचे हैं।
ऐसे में अगर KKR को प्लेऑफ में पहुंचना है, तो उसे अब कमाल करना होगा। आसान भाषा में समझें तो टीम को लगभग सारे मैच जीतने पड़ेंगे। कम से कम 9 में से 7 मैच जीतना बेहद जरूरी है। अगर KKR यहां से 3 मैच भी हार जाती है, तो उसका प्लेऑफ में पहुंचना लगभग नामुमकिन हो जाएगा। मतलब अब हर मैच उनके लिए 'करो या मरो' जैसा बन चुका है।