IPL 2026 को 13 अप्रैल को एक नया सितारा मिल गया, जिसने अपने डेब्यू मैच में ही वह कर दिखाया जो आज तक लीग के 19 साल के इतिहास में कोई दिग्गज गेंदबाज नहीं कर सका। सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के युवा तेज गेंदबाज प्रफुल्ल हिंगे ने राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच के पहले ही ओवर में तबाही मचाते हुए इतिहास रच दिया। प्रफुल्ल ने अपने स्पेल की पहली ही गेंद पर विकेट लिया और फिर उसी ओवर की तीसरी और छठी गेंद पर भी शिकार कर राजस्थान के टॉप ऑर्डर की कमर तोड़ दी। अपने डेब्यू मैच में उन्होंने 4 विकेट लिए और वैभव सूर्यवंशी की चमक एक पल में फीकी पड़ गई।
24 वर्षीय प्रफुल्ल हिंगे अब IPL इतिहास के पहले ऐसे गेंदबाज बन गए हैं, जिन्होंने मैच के पहले ही ओवर में तीन विकेट चटकाए हों। उनकी इस घातक गेंदबाजी ने न केवल फैंस को रोमांचित कर दिया, बल्कि क्रिकेट दिग्गजों को भी यह सोचने पर मजबूर कर दिया कि 30 लाख रुपये की बेस प्राइस में हैदराबाद को एक 'मैच विनर' मिल गया है।
यह भी पढ़ें: SRH vs RR: प्रफुल्ल-हुसैन ने 4-4 विकेट लेकर लूटी महफिल, रॉयल्स को 57 रन से हराया
कौन हैं प्रफुल्ल हिंगे?
प्रफुल्ल हिंगे महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र से आते हैं और घरेलू क्रिकेट में अपनी सटीक लाइन-लेंथ के लिए वर्कहॉर्स के रूप में जाने जाते हैं। उन्होंने अब तक 10 फर्स्ट क्लास मैचों में 27 विकेट लिए हैं। हालांकि, टी20 का अनुभव उनके पास कम था लेकिन विदर्भ की टीम में दिग्गज उमेश यादव के साथ गेंदबाजी करते हुए उन्होंने अपनी रफ्तार और अनुशासन से गहरी छाप छोड़ी। यही वजह रही कि हैदराबाद ने उन पर भरोसा जताया और उन्हें ऑक्शन में अपनी टीम का हिस्सा बनाया।
प्रफुल्ल हिंगे की संघर्ष की कहानी
प्रफुल्ल हिंगे की इस सफलता के पीछे उनके परिवार, खासकर उनकी बहन का बहुत बड़ा हाथ है। 19 साल की उम्र में प्रोफेशनल क्रिकेटर बनने का सपना देखने वाले प्रफुल्ल ने अंडर-19 के एक सीजन में 36 विकेट लेकर अपनी काबिलियत साबित की थी। हालांकि, कोरोना महामारी (COVID-19) के कारण उनकी तैयारियों में बाधा आई, लेकिन उन्होंने हार नहीं मानी। प्रफुल्ल अपनी बहन को अपना सबसे बड़ा मार्गदर्शक और प्रेरणा स्रोत मानते हैं, जिन्होंने संघर्ष के दिनों में उनका हौसला बनाए रखा। प्रफुल्ल हिंगे के करियर में असली सुधार तब आया जब उन्हें 'MRF पेस फाउंडेशन' में प्रशिक्षण का मौका मिला। वहां अंतरराष्ट्रीय मानकों के हिसाब से अपनी गेंदबाजी को ढालने के बाद प्रफुल्ल एक अलग ही अवतार में नजर आए।
यह भी पढ़ें: MI के लिए बुरी खबर! PBKS के खिलाफ रोहित शर्मा नहीं खेलेंगे? चोट पर आया अपडेट
डेब्यू मैच में प्रफुल्ल के विकेट
प्रफुल्ल हिंगे अब उन गेंदबाजों की लिस्ट में शामिल हो गए हैं जिन्होंने पावरप्ले में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। उन्होंने पावरप्ले के दौरान 3 ओवर फेंके और 18 रन देकर 4 विकेट लिए। उनके शिकार वैभव सूर्यवंशी, ध्रुव जुरेल और लुआन-ड्रे प्रीटोरियस थे, जो सभी जीरो रन पर आउट हो गए। उन्होंने राजस्थान के कप्तान रियान पराग का विकेट भी लिया। वह अब उन गेंदबाजों की लिस्ट में भी शामिल हो गए हैं जिन्होंने अपने डेब्यू मैच में 4 या उससे ज्यादा विकेट लिए हैं। इस लिस्ट में अल्जारी जोसेफ (6/12), एंड्रयू टाई (5/17), और शोएब अख्तर (4/11) भी शामिल हैं।