IPL 2026 का 22वां मैच पॉइंट्स टेबल की सबसे नीचे वाली दो टीमों के बीच खेला जा रहा है। यह मुकाबला चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) और कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) के बीच 14 अप्रैल को चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हो रहा है। इस मैच में कोलकाता ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया है। टीम ने एक बदलाव के साथ मैदान में कदम रखा है, जिसमें वरुण चक्रवर्ती को प्लेइंग 11 में वापस लाया गया है, जबकि चेन्नई ने अपनी पुरानी टीम पर ही भरोसा जताया है।
अभी पॉइंट्स टेबल में चेन्नई, कोलकाता से आगे है। दोनों टीमों ने चार-चार मैच खेले हैं। इनमें से CSK ने एक मैच जीता है और -1.532 के नेट रन रेट के साथ पॉइंट्स टेबल पर 9वें स्थान पर है। वहीं, KKR ने अभी तक एक भी मैच नहीं जीता है और -1.315 के नेट रन रेट के साथ सबसे नीचे 10वें स्थान पर है। इसलिए, दोनों टीमें अपनी स्थिति को मजबूत करने के लिए इस मैच को जीतने की पूरी कोशिश करेंगी।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया में आने वाले हैं वैभव सूर्यवंशी? समझिए कहां से मिल रहे हैं संकेत
टीम कॉम्बिनेशन पर रहाणे का बयान
टॉस जीतने के बाद केकेआर के कप्तान अजिंक्य रहाणे ने कहा, 'जब चीजें आपके मुताबिक नहीं जा रही हों, तो भरोसा बनाए रखना और पॉजिटिव रहना बहुत जरूरी होता है। जैसा मैंने कहा, पिछले मैच में हमारा कॉम्बिनेशन काफी अच्छा लग रहा था। तो अब इस मैच के बारे में सोच रहे हैं और बस उसी पल में रहना चाहते हैं। मेगा ऑक्शन के बाद सही कॉम्बिनेशन ढूंढना थोड़ा मुश्किल होता है। ऊपर से कुछ खिलाड़ी चोटिल हैं और कुछ उपलब्ध नहीं हैं, तो ये चैलेंजिंग हो जाता है। आज हमने सिर्फ एक बदलाव किया है। वरुण चक्रवर्ती फिट हैं, इसलिए वो नवदीप सैनी की जगह टीम में आए हैं।'
पिछले दो मैचों से वरुण चक्रवर्ती की फिटनेस KKR के लिए एक बड़ी चिंता का विषय बनी हुई थी। दरअसल, सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच के दौरान कैच लेने की कोशिश करते समय उनकी उंगली में चोट लग गई थी और तब से ही वह टीम से बाहर थे। वह मैच 2 अप्रैल को खेला गया था। इस चोट की वजह से वरुण PBKS के खिलाफ मैच और उसके बाद ईडन गार्डन्स में LSG के हाथों मिली हार, दोनों ही मैचों में नहीं खेल पाए थे।
यह भी पढ़ें: कौन हैं प्रफुल्ल हिंगे? डेब्यू मैच में लिए 4 विकेट, IPL में रचा इतिहास
CSK vs KKR प्लेइंग-11
- चेन्नई सुपर किंग्स: संजू सैमसन (विकेटकीपर), ऋतुराज गायकवाड़ (कप्तान), आयुष म्हात्रे, सरफराज खान, शिवम दुबे, डेवाल्ड ब्रेविस, जेमी ओवरटन, नूर अहमद, अंशुल कंबोज, गुरजापनीत सिंह, खलील अहमद।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: मैथ्यू शॉर्ट, अकील हुसैन, कार्तिक शर्मा, प्रशांत वीर, मैट हेनरी।
- कोलकाता नाइट राइडर्स: अजिंक्य रहाणे (कप्तान), कैमरन ग्रीन, अंगकृष रघुवंशी (विकेटकीपर), रोवमैन पॉवेल, रिंकू सिंह, सुनील नरेन, रमनदीप सिंह, अनुकूल रॉय, वरुण चक्रवर्ती, वैभव अरोड़ा, कार्तिक त्यागी।
इम्पैक्ट सब्स्टीट्यूट: फिन एलन, मनीष पांडे, तेजस्वी दहिया, टिम सीफर्ट, नवदीप सैनी।