इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 62वें मुकाबले में रविवार (17 मई) को दिल्ली कैपिटल्स (DC) का सामना राजस्थान रॉयल्स (RR) से हुआ। दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी RR ने पावरप्ले में 1 विकेट खोकर 75 रन बना लिए। वैभव सूर्यवंशी और ध्रुव जुरेल का बल्ला सिर चढ़कर बोल रहा था। माधव तिवारी ने आठवें ओवर में वैभव (21 गेंद में 42 रन) का विकेट लेकर DC को दूसरी सफलता दिलाई। हालांकि इसके बाद भी RR की पारी धीमी नहीं पड़ी और कप्तान रियान पराग ने जुरेल के साथ मिलकर हल्ला बोल दिया।
पराग ने 23 गेंद में फिफ्टी ठोक RR को 14 ओवर में ही 160 रन के स्कोर तक पहुंचा दिया। जुरेल भी क्रीज पर जम चुके थे और 29 गेंद में 44 रन बनाकर नाबाद थे। RR की टीम विशालकाय टोटल की तरफ बढ़ती दिख रही थी लेकिन मिचेल स्टार्क ने एक ओवर में 3 विकेट लेकर उसकी पारी पर ब्रेक लगा दी।
यह भी पढ़ें: धमाकेदार जीत के साथ प्लेऑफ में पहुंची RCB, धर्मशाला में फिर हार गई पंजाब किंग्स
स्टार्क ने RR को किया ध्वस्त
15वां ओवर लेकर आए स्टार्क की पहली गेंद पर जुरेल ने सिंगल लिया। अब स्ट्राइक पराग के पास थी। स्टार्क ने गति में बदलाव किया और पराग को धीमी गेंद डाली, जिसे उन्होंने लॉन्ग ऑन के ऊपर से भेजना चाहा लेकिन टाइम नहीं कर पाए और अक्षर ने बेहतरीन कैच लपक DC को राहत दिलाई। पराग 26 गेंद में 3 चौके और 5 छक्कों की मदद से 51 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पराग के आउट होने के बाद क्रीज पर आए डोनोवन फरेरे ने पहली ही गेंद पर बड़ा शॉट खेलने के प्रयास किया लेकिन उन्हें अपना हाथ खोलने का मौका नहीं मिला। फरेरा भी लॉन्ग ऑन पर अक्षर के हाथों लपके गए। उनका खाता भी नहीं खुला। अब स्टार्क हैट्रिक पर थे। नए बल्लेबाज रवि सिंह ने स्टार्क को हैट्रिक लेने से रोका लेकिन वह भी इस ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज के तूफान में उड़ गए। स्टार्क ने रवि को LBW आउट कर RR का स्कोर 165/5 कर दिया।
यह भी पढ़ें: अजमेर का दिलवाड़ा गांव बना फुटबॉल हब, अपने सपनों को उड़ान दे रहीं बेटियां
200 भी नहीं बना पाई RR
स्टार्क के तिहरे झटकों से RR की पारी पटरी से उतर गई। वह अगले 2 ओवर में सिर्फ 8 रन ही बना पाई और शुभम दुबे का विकेट भी गंवा दिया। उसे दसुन शनाका को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारना पड़ा। स्टार्क ने 19वें ओवर में भी RR को परेशान किया और शनाका का विकेट लेकर RR के 200 के पार जाने के मंसूबों पर पानी फेर दिया। ध्रुव जुरेल ने आखिरी ओवर तक बल्लेबाजी की लेकिन बड़ा शॉट खेलने में नाकाम रहे। वह 40 गेंद में 53 रन बनाकर 20वें ओवर की चौथी गेंद पर आउट हुए। RR की टीम 8 विकेट खोकर 193 रन ही बना सकी। स्टार्क ने धारदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 40 रन देकर 4 विकेट चटकाए।