इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में दिग्गजों के बीच युवा खिलाड़ियों की धूम रही। 15 साल के वैभव सूर्यवंशी इस सीजन सबसे ज्यादा रन (776) बनाने वाले बल्लेबाज रहे तो, वहीं रसिख सलाम डार, प्रिंस यादव और कार्तिक त्यागी ने गेंद से कहर बरपाया। रसिख ने 12 मैचों में 19 विकेट लेकर रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को लगातार दूसरी बार खिताब जिताने में अहम भूमिका निभाई।
प्रिंस यादव ने लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के लिए 14 मैचों में 16 विकेट लिए। उन्होंने अपनी गति और सटीक लाइन-लेंथ से सुर्खियां बटोरी। उन्हें IPL 2026 के बीच टीम इंडिया में जगह भी मिल गई। 25 साल के कार्तिक त्यागी कोलकाता नाइट राइडर्स के सबसे सफल गेंदबाज रहे। उन्होंने 14 मैचों में 18 विकेट अपनी झोली में डाले। दिलचस्प बात है कि प्रिंस और कार्तिक को इस सीजन के लिए उनकी फ्रेंचाइजियों से महज 30-30 लाख रुपये मिले। वहीं कुछ ऐसे भी खिलाड़ी रहे, जिन्हें पेमेंट करोड़ों में मिले लेकिन उन्होंने पूरा सीजन बेंच पर ही बिताया। एक नजर उन 4 करोड़पति खिलाड़ियों पर डालिए, जिन्हें IPL 2026 में एक भी मैच खेलने का मौका नहीं मिला।
यह भी पढ़ें: 17 साल तक ट्रॉफी के लिए तरसी RCB अब कैसे जीत रही है? टीम के 'चाणक्य' ने खोला राज
- मंगेश यादव - मध्य प्रदेश के इस पेस बॉलिंग ऑलराउंडर को RCB ने पिछले साल के अंत में हुए मिनी ऑक्शन में 5.2 करोड़ रुपये में खरीदा था। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज और लोअर ऑर्डर में बल्ला घुमाने में माहिर मंगेश MP टी20 लीग से चमके थे। उन्हें पिछले साल इस लीग का इमर्जिंग प्लेयर चुना गया था। उनकी डेथ बॉलिंग से RCB के कप्तान रजत पाटीदार काफी प्रभावित हुए थे, जिसके बाद फ्रेंचाइजी ने उन पर बड़ी बोली लगाई। हालांकि मंगेश को कभी मैदान पर उतरने का मौका नहीं मिला
- मिचेल ओवन - पिछले IPL सीजन के दौरान पंजाब किंग्स (PBKS) ने ऑस्ट्रेलियाई हरफनमौला ग्लेन मैक्सवेल के इजरी रिप्लेसमेंट के रूप में उनके हमवतन इस बैटिंग ऑलराउंडर को 3 करोड़ रुपये में साइन किया था। मिचेल को PBKS ने पिछले साल IPL डेब्यू का मौका दिया था, जिसमें वह खाता भी नहीं खोल पाए थे। इसके बावजूद फ्रेंचाइजी ने उन्हें रिटेन किया। मिचेल पर भरोसा जताने के बाद भी इस सीजन PBKS ने उन्हें प्लेइंग-XI में शामिल नहीं किया।
- क्वेना मफाका - साउथ अफ्रीका के इस युवा तेज गेंदबाज को राजस्थान रॉयल्स (RR) ने IPL 2025 के मेगा ऑक्शन में 1.5 करोड़ रुपये में अपनी टीम में शामिल किया था। पिछले सीजन मफाका को 2 मैच खेलने को मिले, जिसमें उन्हें सिर्फ 1 सफलता मिली। मफाका में निवेश करते हुए RR ने उन्हें इस सीजन के लिए रिटेन किया लेकिन उन्हें कभी मैदान पर नहीं उतरा गया।
- नमन तिवारी - अंडर-19 वर्ल्ड कप 2024 में धमाल मचाने वाले इस बाएं हाथ के तेज गेंदबाज को LSG ने पिछले साल ऑक्शन में 1 करोड़ रुपये में खरीदा था। लगातार 145 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से बॉलिंग करने में सक्षम नमन के लिए IPL 2026 बड़ा मौका था लेकिन उन्हें एक भी खेलने को नहीं मिला।