logo

मूड

ट्रेंडिंग:

गुजरात टाइटंस ने तोड़ा RCB का घमंड, अहमदाबाद में 4 विकेट से रौंदा

अरशद खान, राशिद खान और जेसन होल्डर की धारदार गेंदबाजी के बूते गुजरात टाइटंस ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को करारी शिकस्त दी। बड़ी जीत के साथ गुजरात टाइटंस ने पॉइंट्स टेबल में पांचवां स्थान हासिल कर लिया है।

Shubman Gill Sai Sudharsan vs RCB

RCB के खिलाफ रन लेते शुभमन गिल और साई सुदर्शन, Photo Credit: PTI

शेयर करें

google_follow_us

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 के 42वें मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को 4 विकेट से धूल चटा दी। गुरुवार (30 अप्रैल) को अहमदाबाद में खेले गए इस मुकाबले में GT ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और RCB को 19.2 ओवर में 155 रन पर ही ढेर कर दिया। 

 

GT की ओर से अरशद खान ने 3, जबकि राशिद खान और जेसन होल्डर ने 2-2 विकेट झटके। वहीं मोहम्मद सिराज और कैगिसो रबाडा को एक-एक सफलता मिली। इसके बाद कप्तान शुभमन गिल, जोस बटलर और राहुल तेवतिया की आक्रामक पारियों की बदौलत GT ने टारगेट को 15.2 ओवर में ही 6 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया। GT की यह लगातार दूसरी जीत रही और अब वह पॉइंट्स टेबल में पांचवें पायदान पर पहुंच गई है।

 

यह भी पढ़ें: 36 की उम्र में कहर बरपा रहे भुवनेश्वर कुमार, गुजरात टाइटंस के खिलाफ रचा इतिहास

RCB को ले डूबा ओवर कॉन्फिडेंस

पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर RCB ने आक्रामक शुरुआत की। विराट कोहली ने मैच के दूसरे ओवर में कैगिसो रबाडा के खिलाफ लगातार 5 चौके ठोके। अगले ओवर में उन्होंने मोहम्मद सिराज को छक्के के लिए भेजा। सिराज ने दूसरे ओपनर जैकब बेथेल (5) का विकेट लेकर वापसी की। कोहली के तेवर अलग रहे थे लेकिन जल्द ही रबाडा ने उन्हें शांत कर दिया। इस साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने कोहली (28) को छोटी गेंद पर चलता किया। 

 

35 रन पर 2 विकेट गिरने के बाद देवदत्त पडिक्कल और कप्तान रजत पाटीदार ने तीसरे विकेट के लिए 44 रन की साझेदारी कर RCB की पारी को संभालने की कोशिश की लेकिन पाटीदार अंपायर के एक विवादास्पद फैसले का शिकार बन गए। अरशद खान की गेंद पर होल्डर ने उनका कैच लपकने के बाद अपने हाथ को जमीन पर ड्रैग किया था। अंपायर का मानना था कि गेंद जमीन को छू रही थी लेकिन इससे पहले ही होल्डर ने कैच पूरा कर लिया था। पाटीदार का विकेट 79 रन पर गिरा। कुछ देर बाद जितेश शर्मा 1 रन बनाकर चलते बने।

 

80/4 स्कोर होने के बाद RCB के बाकी बल्लेबाजों को समझदारी दिखाने की जरूरत थी लेकिन वे बड़ा शॉट खेलने के प्रयास में अपना विकेट फेंककर पवेलियन लौटते गए। RCB ने वेंकटेश अय्यर को इम्पैक्ट प्लेयर के तौर पर उतारा लेकिन यह दांव भी फेल रहा। वेंकटेश 15 गेंद खेलकर 12 रन ही बना सके। RCB की ओर से देवदत्त पडिक्कल ने सबसे ज्यादा 40 रन बनाए।

 

यह भी पढ़ें: रजत पाटीदार Out या Not Out? होल्डर के कैच पर बवाल, अंपायर से भिड़े कोहली

GT ने RCB से लिया बदला

छोटे टारगेट का पीछा करने उतरी GT की शुरुआत विस्फोटक रही। शुभमन गिल ने पहले ओवर से ही चौके-छक्कों में डील किया और 3 ओवर में ही टीम का स्कोर 42 रन तक पहुंचा दिया। गिल ने हेजलवुड के खिलाफ दूसरे ओवर में 26 रन बटोरे। सलामी जोड़ीदार साई सुदर्शन (6) के जल्दी आउट होने के बाद भी गिल ने आतिशी बल्लेबाजी जारी रखी और वह 18 गेंद में 43 रन की पारी खेलकर पवेलियन लौटे। इसके बाद जोस बटलर ने मोर्चा संभाला और 19 गेंद में 39 रन जड़े।

 

बटलर के आउट होने के बाद GT ने शाहरुख खान (8) और वॉशिंगटन सुंदर (12) के विकेट जल्द-जल्दी खोए लेकिन राहुल तेवतिया ने अंत तक खड़े रहकर उसे 25 गेंद पहले ही लक्ष्य तक पहुंचा दिया। तेवतिया ने 17 गेंद में नाबाद 27 रन बनाए। GT ने इस जीत के साथ RCB से कुछ ही दिनों पहले मिली हार का बदला चुकता कर लिया। RCB के लिए भुवनेश्वर कुमार ने 4 ओवर में 28 रन देकर 3 विकेट लिए लेकिन वह अकले पड़ गए।


और पढ़ें