पिछले चार मैच में हार से आहत पंजाब किंग्स (PBKS) को अगर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में अपना अभियान वापस पटरी पर लाना है, तो मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ गुरुवार (14 मई) को धर्मशाला में होने वाले मैच में उसे अपनी गेंदबाजी और फील्डिंग में जल्द से जल्द सुधार करना होगा। टूर्नामेंट के शुरुआती स्टेज में शानदार प्रदर्शन करने वाली PBKS की टीम लगातार चार मैच हार चुकी है और प्लेऑफ में जगह बनाने के लिए संघर्ष कर रही है।
PBKS को अगर टॉप-4 में जगह पक्की करनी है, तो उसे अपने बचे हुए मैचों में से कम से कम दो में जीत दर्ज करनी होगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी वाली टीम कुछ समय पहले तक टूर्नामेंट में एकमात्र अजेय टीम थी लेकिन इस फॉर्मेट और IPL की प्रकृति ही ऐसी है कि भाग्य बहुत जल्दी किसी भी तरफ पलट सकता है। जैसा कि श्रेयस ने दिल्ली कैपिटल्स से मिली हार के बाद कहा, PBKS की इस मुश्किल स्थिति के लिए वे खुद ही जिम्मेदार हैं। टूर्नामेंट के पहले हाफ में बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन से गेंदबाजी विभाग की कमजोरियां सामने नहीं आईं लेकिन अब उसके लिए यह चिंता का विषय बन गया है।
यह भी पढ़ें: 3 टी20 खेले, विकेट एक भी नहीं; कौन हैं सौरभ दुबे जिनका KKR ने कराया IPL डेब्यू?
आसानी से रन लुटा रहे हैं PBKS के गेंदबाज
दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ पिछले मैच में PBKS की टीम जीत के करीब पहुंच गई थी लेकिन आखिरी पांच ओवरों में तेज गेंदबाजों ने अपनी लेंथ सही नहीं रखी। अर्शदीप सिंह की अगुवाई वाले तेज गेंदबाजी आक्रमण का इकॉनमी रेट 10 टीमों में सबसे खराब है। IPL के पहले हाफ में जेवियर बार्टलेट और अर्शदीप ने नई गेंद से अच्छा संयोजन प्रदान किया लेकिन लॉकी फर्ग्यूसन की वापसी के बाद इसमें अस्थिरता देखने को मिली है। PBKS ने पिछले मैच में बाएं हाथ के तीन तेज गेंदबाजों को मैदान पर उतारा, जिनमें बेन ड्वार्शियस भी शामिल थे, जो काफी महंगे साबित हुए। अर्शदीप ने जिन 11 मैचों में हिस्सा लिया है, उनमें से अधिकांश में उन्होंने प्रति ओवर 10 से अधिक रन दिए हैं।
यह भी पढ़ें: 'उन्हें कोच पद से हटाया नहीं गया...' श्रीजेश के आरोपों पर हॉकी इंडिया का जवाब
PBKS के बल्लेबाजों की भी बिगड़ी लय
PBKS की बल्लेबाजी की बात करें तो प्रभसिमरन सिंह को रन बनाने होंगे ताकि वह टॉप ऑर्डर में प्रियांश आर्य का साथ दे सकें। टीम की फील्डिंग भी पिछले कुछ मैच में अच्छी नहीं रही और उन्होंने कई कैच छोड़े, जिससे उन्हें भारी नुकसान उठाना पड़ा है। PBKS के सामने MI है, जिसने अभी तक निराशाजनक प्रदर्शन किया है। हालांकि PBKS को उसे किसी भी तरह से हल्के से लेने की कोशिश नहीं करनी चाहिए, क्योंकि वह उसके समीकरण बिगाड़ने में सक्षम है।
MI के कप्तान हार्दिक पंड्या चोटिल होने के कारण पिछले दो मैच में नहीं खेल पाए थे और यह देखना बाकी है कि वह पूरी तरह से फिट हो गए हैं या नहीं। पिछले कुछ समय से रन बनाने के लिए जूझ रहे सूर्यकुमार यादव बाकी बचे तीन मैचों का भरपूर फायदा उठाने की कोशिश करेंगे। रायन रिकलटन और रोहित शर्मा से भी पावरप्ले में तूफानी शुरुआत की उम्मीद रहेगी।