इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 अपने आखिरी पड़ाव पर है। रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB), राजस्थान रॉयल्स (RR) और गुजरात टाइटंस (GT) ही अब खिताब की दौड़ में है। RCB ने फाइनल में जगह बना ली है। वहीं RR और GT के बीच दूसरा क्वालिफायर मुकाबला खेला जाना है, जिसकी विजेता टीम खिताबी मुकाबले का टिकट हासिल करेगी। खिताब की रेस में शामिल ये तीनों टीमें पावरप्ले में ही विपक्षी टीमों को बैकफुट पर धकेल दे रही हैं। एक नजर आंकड़ों पर डालते हैं।
वैभव सूर्यवंशी ने जड़े हैं 490 रन
RR के युवा ओपनर वैभव सूर्यवंशी ने सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ एलिमिनेटर मुकाबले में 29 गेंद में 97 रन की विस्फोटक पारी खेली थी। इनमें से 60 रन उन्होंने पावरप्ले में बनाए थे, जिससे RR ने मैच पर अपनी पकड़ मजबूत कर ली थी। वैभव इस सीजन पावरप्ले में 490 रन बना चुके हैं, जो रिकॉर्ड है। इससे पहले किसी भी बल्लेबाज ने एक IPL सीजन में इतने रन नहीं बनाए थे। डेविड वॉर्नर ने 2016 में पावरप्ले में 467 रन बनाए थे, जिससे वैभव काफी आगे निकल चुके हैं।
वैभव बल्लेबाजी में धमाल मचा रहे हैं, तो वहीं जोफ्रा आर्चर गेंद से कमाल कर रहे हैं। जोफ्रा ने इस सीजन पावरप्ले में 14 विकेट चटका दिए हैं, जो कैगिसो रबाडा और भुवनेश्वर कुमार के बाद तीसरा सबसे ज्यादा है।
यह भी पढ़ें: बिना आगे निकले गेंदबाजों को कैसे पिट रहे हैं वैभव सूर्यवंशी? मेंटोर ने खोला राज
कहर बरपा रहे हैं रबाडा-सिराज
GT के तेज गेंदबाज रबाडा मौजूदा सीजन में सबसे ज्यादा विकेट चटकाने वाले गेंदबाजों की लिस्ट में भुवनेश्वर के साथ टॉप पर हैं। रबाडा और भुवनेश्वर दोनों ने 26-26 विकेट लिए हैं। रबाडा ने इन 26 विकेटों में से 18 विकेट पावरप्ले में चटकाए हैं। मोहम्मद सिराज भी ज्यादा पीछे नहीं हैं। सिराज ने इस फेज में 13 विकेट लिए हैं। रबाडा और सिराज ज्यादातर मौकों पर पावरप्ले में 3-3 ओवर डालते नजर आए हैं। क्वालिफायर 1 को छोड़ दें तो उन्होंने हालिया मैचों में पावरप्ले में ही विपक्षी टीमों की कमर तोड़ी है, जिससे GT ने आसान जीत दर्ज की है।
यह भी पढ़ें: टीम इंडिया के कप्तान बनेंगे रजत पाटीदार? IPL के बाद सूर्या के भविष्य पर फैसला!
भुवनेश्वर में अब भी आग बाकी
36 साल के भुवनेश्वर कुमार ने RCB की गेंदबाजी की भार अपने कंधों पर उठाया हुआ है। वह हर फेज में विकेट निकाल रहे हैं। RCB को फाइनल में पहुंचाने में उनकी अहम भूमिका रही है। भुवनेश्वर ने पावरप्ले में अब तक 16 विकेट झटके हैं। मौजूदा सीजन में इस फेज में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले टॉप-10 गेंदबाजों में भुवनेश्वर की औसत (14.06) सबसे बेहतरीन है।
IPL 2026 में पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट
- कैगिसो रबाडा (GT) - 18 विकेट
- भुवनेश्वर कुमार (RCB) - 16 विकेट
- जोफ्रा आर्चर (RR) - 14 विकेट
- मोहम्मद सिराज (GT) - 13 विकेट