logo

मूड

ट्रेंडिंग:

पहले बटलर गए, फिर संजू... अब राजस्थान रॉयल्स का तारणहार बनेंगे यशस्वी-पराग?

IPL 2026: राजस्थान रॉयल्स की टीम में कप्तान रियान पराग और यशस्वी जायसवाल को अब सीनियर बल्लेबाज की भूमिका निभानी होगी। दोनों की उम्र 24 साल है।

Riyan Parag IPL

रियान पराग, Photo Credit: IPL/X

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के इतिहास में सबसे पहले चैंपियन बनने का गौरव हासिल करने वाली राजस्थान रॉयल्स (RR) की टीम ने पिछले दो सीजन में अपने दो सबसे बड़े बल्लेबाजों को खो दिया है। RR ने IPL 2025 मेगा ऑक्शन से पहले जोस बटलर को जाने दिया था। उसने भारतीय खिलाड़ियों में संजू सैमसन, यशस्वी जायसवाल, रियान पराग, ध्रुव जुरेल और संदीप शर्मा को रिटेन किया था। इनके साथ शिमरोन हेटमायर पर भी भरोसा बरकरार रखा गया। 

 

बटलर का जाना RR के लिए बड़ा झटका था। IPL 2025 में यह टीम 9वें स्थान पर रही। इसके बाद संजू सैमसन ने भी इस फ्रेंचाइजी को छोड़ दिया। संजू ट्रेड होकर चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में शामिल हो गए। संजू और बटलर RR के लिए सबसे ज्यादा IPL रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। इन दोनों की जगह को भरना आसान नहीं होगा लेकिन कप्तान रियान पराग और यशस्वी जायसवाल अब जिम्मेदारी उठाने के लिए तैयार हैं।

 

यह भी पढ़ें: बैटिंग में एक से बढ़कर एक धुरंधर... गेंदबाजी डूबाएगी लखनऊ सुपर जायंट्स की नैया?

यशस्वी-पराग पर सबकी निगाहें

RR टीम में अब सभी युवा बल्लेबाज बचे हैं। ऐसे में पराग और यशस्वी पर सबकी निगाहें हैं। 24-24 साल के ये दोनों खिलाड़ी लंबे समय से इस फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े हुए हैं। रियान ने 2019 में RR के साथ अपने IPL करियर की शुरुआत की थी। वहीं यशस्वी 2020 में इस फ्रेंचाइजी से जुड़े। यशस्वी 6 सीजन में ही RR के लिए पांचवें सबसे ज्यादा IPL रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने 66 पारियों में 2166 रन बना दिए हैं। 

 

पराग ने RR के लिए 7 सीजन में 72 पारियां खेली हैं और 1566 रन बनाए हैं। ध्यान देने वाली बात है कि उन्होंने इनमें से आधे रन पिछले दो सीजन में बनाए हैं। रियान पर मिडिल ओवरों में स्कोरबोर्ड को चलायमान रखने की जिम्मेदारी होगी। वहीं यशस्वी 14 साल के वैभव सूर्यवंशी के साथ टॉप ऑर्डर में मोर्चा संभालेंगे। RR के लिए अच्छी बात है कि शिमरन हेटमायर फॉर्म में आ गए हैं। वह रवींद्र जडेजा के साथ फिनिशर की भूमिका में दिख सकते हैं। सैम करन पर भी यही जिम्मेदारी रहेगी। जडेजा-करन CSK से ट्रेड होकर आए हैं।

 

यह भी पढ़ें: बटलर-गिल खराब फॉर्म से जूझ रहे, रदरफोर्ड भी चले गए, कैसे जीतेगी गुजरात टाइटंस?

RR के लिए सबसे ज्यादा IPL रन

  • संजू सैमसन - 4027 रन (144 पारियां)
  • जोस बटलर - 3055 रन (82 पारियां)
  • अजिंक्य रहाणे - 2810 रन (93 पारियां)
  • शेन वॉटसन - 2372 रन (76 पारियां)
  • यशस्वी जायसवाल - 2166 रन (66 पारियां)
  • रियान पराग - 1566 रन (72 पारियां)

गुवाहाटी में है पहला मैच

IPL 2026 में RR की टीम अपने अभियान की शुरुआत 30 मार्च को गुवाहाटी में CSK के खिलाफ करेगी। यह RR का दूसरा होम वेन्यू है। इसके बाद RR 4 अप्रैल को अहमदाबाद में गुजरात टाइटंस (GT) से भिड़ेगी। फिर वह गुवाहाटी लौटेगी और 7 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) से, जबकि 10 अप्रैल को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) से भिड़ेगी।

IPL 2026 में RR का शेड्यूल

बनाम - CSK, 30 मार्च, गुवाहाटी
बनाम - GT, 4 अप्रैल, अहमदाबाद
बनाम - MI, 7 अप्रैल, गुवाहाटी
बनाम - RCB, 12 अप्रैल, गुवाहाटी

 

राजस्थान रॉयल्स की संभावित प्लेइंग-11: यशस्वी जायसवाल, वैभव सूर्यवंशी, रियान पराग (कप्तान), ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), शिमरन हेटमायर, डोनोवन फरेरा, रवींद्र जडेजा, सैम करन, जोफ्रा आर्चर, रवि बिश्नोई, तुषार देशपांडे

 

इम्पैक्ट प्लेयर - संदीप शर्मा


और पढ़ें