इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का 43वां मुकाबला राजस्थान रॉयल्स (RR) और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच खेला गया। शुक्रवार (1 मई) को जयपुर के सवाई मान सिंह स्टेडियम में हुए इस हाई-स्कोरिंग मुकाबले में DC ने अपने IPL इतिहास के सबसे बड़े रन चेज को अंजाम दिया। RR ने 6 विकेट के नुकसान पर 225 रन का स्कोर खड़ा किया था, जिसे DC ने 19.1 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से हासिल कर लिया।
इस जीत के साथ DC ने जीत की पटरी पर वापसी की। उसने पिछले 3 मुकाबले गंवा दिए थे। DC अब 9 मैचों में 8 पॉइंट्स के साथ टेबल में छठे स्थान पर आ गई है। दूसरी तरफ RR को जयपुर में एक और बड़ी हार का सामना करना पड़ा है। उसने यहां सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ पिछले मुकाबले में 228 रन बनाए थे, फिर भी उसे हार झेलनी पड़ी थी।
यह भी पढ़ें: पहले 4 मैच में 181 का स्ट्राइक रेट, अब धीमे पड़े ध्रुव जुरेल, RR की बढ़ी परेशानी
राहुल-निसांका ने रखी जीत की नींव
विशाल रन चेज में केएल राहुल और पथुम निसांका ने DC को तूफानी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 9.3 ओवर में 110 रन की ओपनिंग पार्टनरशिप की। निसांका 33 गेंद में 62 रन बनाकर आउट हुए। उनके जाने के बाद राहुल ने नीतीश राणा के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और DC को 170 के पार पहुंचाया। हालांकि इसके बाद DC ने लगातार ओवरों में दोनों के विकेट गंवा दिए।
नीतीश 17 गेंद में 33 रन बनाकर तुषार देशपांडे का शिकार बने तो राहुल (40 गेंद में 75 रन) को जोफ्रा आर्चर ने चलता किया। लगा कि RR यहां से वापसी कर सकती है लेकिन ट्रिस्टन स्टब्स (11 गेंद में नाबाद 18 रन) और आशुतोष शर्मा (15 गेंद में नाबाद 25 रन) ने उसे कोई मौका नहीं दिया और DC को आसानी से रिकॉर्ड जीत दिला दी।
यह भी पढ़ें: फिर चले KL राहुल, अब एबी डिविलियर्स के रिकॉर्ड की कर ली बराबरी
RR की ऐसी रही पारी
टॉस जीतकर पहले बैटिंग करने उतरी RR की शुरुआत अच्छी नहीं रही। यशस्वी जायसवाल ने IPL 2026 का पहला मैच खेल रहे मिचेल स्टार्क का स्वागत छक्के के साथ किया लेकिन वह एक गेंद बाद ही फुल टॉस गेंद पर अपना विकेट गंवा बैठे। अगले ओवर में काइल जेमीसन के खिलाफ वैभव सूर्यवंशी ने चौके के साथ खाता खोला। जेमीसन ने इसके बाद यॉर्कर गेंद डाली, जिस पर वैभव क्लीन बोल्ड हो गए।
12 रन पर दोनों ओपनर्स के पवेलियन लौटने के बाद कप्तान रियान पराग ने ध्रुव जुरेल के साथ मिलकर मोर्चा संभाला और तीसरे विकेट के लिए 102 रन की साझेदारी की। इस पार्टनरशिप में जुरेल थोड़ा धीमे चले। वह 30 गेंद में 42 रन बनाकर पवेलियन लौटे।
पराग एक छोर पर जमे रहे और 50 गेंद में 90 रन की पारी खेली, जिसमें 8 चौके और 5 छक्के शामिल रहे। इस सीजन की यह उनकी पहली अर्धशतकीय पारी रही। उनके जाने के बाद डोनोवन फरेरा ने 14 गेंद में 2 चौके और 6 छक्के उड़ाते हुए 47 रन ठोक RR को बड़े स्कोर तक पहुंचाया लेकिन यह भी नाकाफी साबित हुआ। DC की ओर से स्टार्क ने 4 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट झटके।