इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन से पहले लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के मालिक संजीव गोयनका ने बड़ा बयान दिया है। गोयनका ने कहा है कि सिर्फ प्लेऑफ में पहुंचना काफी नहीं है। अगर टीम ट्रॉफी नहीं जीतेगी तो लोग रिस्पेक्ट नहीं करेंगे। उन्होंने जियोस्टार के एक शो में बताया कि LSG 2 बार प्लेऑफ में पहुंची है लेकिन यह काफी नहीं है। टीम कभी हारती है तो कभी जीतती है लेकिन LSG को अपनी पहली ट्रॉफी जीतनी ही होगी।
ऋषभ पंत की बढ़ी टेंशन
LSG ने IPL 2025 के लिए ऋषभ पंत को 27 करोड़ रुपये में खरीदा था। यह IPL इतिहास की सबसे महंगी बोली है। पंत पर बड़ी रकम का दबाव साफ दिखा और वह 2025 सीजन में पूरी तरह से फ्लॉप साबित हुए। वह 13 पारियों में 133.16 के स्ट्राइक रेट से सिर्फ 269 रन ही बना सके। इनमें से 118 रन LSG के सीजन के आखिरी मैच में आए। पंत ने यह पारी तब खेली, जब LSG प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी थी।
IPL 2025 में LSG 14 मैचों में 6 ही जीत दर्ज कर पाई और सातवें स्थान पर रही। यह लगातार दूसरा सीजन रहा जब LSG प्लेऑफ में पहुंचने में नाकाम रही। पंत का इस सीजन पहला टारगेट टीम को प्लेऑफ तक पहुंचाना होगा लेकिन सीजन शुरू होने से पहले गोयनका के बयान ने उनकी टेंशन बढ़ा दी है। साल 2022 में IPL में शामिल हुई LSG ने केएल राहुल की कप्तानी में अपने शुरुआती दो सीजन में प्लेऑफ का टिकट कटाया था। इसके बाद IPL 2024 में जब टीम का प्रदर्शन अच्छा नहीं रहा, तब गोयनका ने राहुल को मैदान के बीच डांट लगाई थी। राहुल ने इसी सीजन के बाद LSG छोड़ दिया।
पंत के खराब प्रदर्शन के बाद भी गोयनका अब तक काफी दोस्ताना व्यवहार करते दिखे हैं और फ्रेंचाइजी ने इस विकेटकीपर बल्लेबाज को रिटेन किया है। मगर आगामी सीजन से पहले गोयनका का यह कहना कि टीम की सफलता का आकलन सिर्फ निरंतरता के आधार पर नहीं बल्कि ट्रॉफी से तय होता है, पंत पर अतिरिक्त दबाव बढ़ा सकता है।
यह भी पढ़ें: 'तुम क्या हो, बकवास कर रहे हो...' आर अश्विन पर क्यों भड़के योगराज सिंह?
1 अप्रैल को है LSG का पहला मैच
IPL 2026 का आगाज 28 मार्च से हो रहा है। LSG अपने अभियान की शुरुआत 1 अप्रैल को अपने घरेलू मैदान पर दिल्ली कैपिटल्स के खिलाफ करेगी। इसके बाद 5 अप्रैल को वह सनराइजर्स हैदराबाद से टकराएगी। LSG की टीम सीजन का अपना तीसरा मैच 9 अप्रैल को ईडन गार्डंस में मेजबान कोलकाता नाइट राइडर्स के खिलाफ खेलेगी। फिर वह 12 अप्रैल को अपने घर में गुजरात टाइटंस से भिड़ेगी।
यह भी पढ़ें: IPL में कभी खेलने को नहीं मिला, अब RCB खरीद ली, क्या है आर्यमन बिरला की कहानी?
लखनऊ सुपर जायंट्स का फुल स्क्वॉड: ऋषभ पंत (कप्तान), मिचेल मार्श, एडन मारक्रम, निकोलस पूरन, आयुष बदोनी, अब्दुल समद, शाहबाज अहमद, मोहम्मद शमी, आवेश खान, मयंक यादव, मोहसिन खान, दिग्वेश राठी, मैथ्यू ब्रीत्जके, हिम्मत सिंह, अर्शिन कुलकर्णी, प्रिंस यादव, एम सिद्धार्थ, आकाश सिंह, अर्जुन तेंदुलकर, जोश इंग्लिस, मुकुल चौधरी, अक्षत रघुवंशी, एनरिक नॉर्खिया, वानिंदु हसरंगा,नमन तिवारी