इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) का आगामी सीजन शुरू होने से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने जैक एडवर्ड्स के रिप्लेसमेंट का ऐलान कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के बॉलिंग ऑलराउंडर एडवर्ड्स पैर की चोट के चलते IPL 2026 से बाहर हो गए थे। SRH ने उनकी जगह डेविड पेन को अपने स्क्वॉड में शामिल किया है। 35 साल के डेविड पेन बाएं हाथ के तेज गेंदबाज हैं। उन्होंने हाल ही में बिग बैश लीग (BBL) के फाइनल में 18 रन देकर 3 विकेट लिया था और पर्थ स्कॉर्चर्स को चैंपियन बनाया था।
इंग्लैंड के लिए एक वनडे इंटरनेशनल मुकाबला खेलने वाले डेविड पेन ने टी20 में अब तक 233 मैचों में 304 विकेट झटके हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 8.03 की रही है। 'धीमी गेंद' डालने में माहिर इस तेज गेंदबाज ने इसी साल डेजर्ट वाइपर्स के साथ ILT20 का भी खिताब जीता था। डेविड पेन ने फर्स्ट क्लास क्रिकेट में 115 मुकाबले खेले हैं। अब उन्होंने रेड बॉल क्रिकेट छोड़ टी20 पर फोकस किया है और अपने करियर को नई दिशा दी है।
यह भी पढ़ें: विदेशी खिलाड़ियों पर करोड़ों लुटाती हैं फ्रेंचाइजियां, फायदा होता है?
शुरुआती मैचों में उपलब्ध नहीं हैं कमिंस
SRH के कप्तान पैट कमिंस IPL 2026 के शुरुआती मैचों में नहीं खेल पाएंगे। वह चोट से उबर रहे हैं और उन्हें पूरी तरह से फिट होने में कुछ समय लगेगा। उनकी गैरमौजूदगी में ईशान किशन को टीम की कमान दी गई है। कमिंस की अनुपलब्धता और एडवर्ड्स के बाहर होने के बाद SRH का तेज गेंदबाजी युनिट कमजोर नजर आ रहा था। ऐसे में डेविड पेन के आने से SRH को मजबूती मिलेगी। SRH को 28 मार्च को सीजन के ओपनिंग मैच में डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु से भिड़ना है।
यह भी पढ़ें: कौन हैं क्रिकेटर अनुष्का शर्मा, जिनका टीम इंडिया में हुआ सेलेक्शन?
SRH का फुल स्क्वॉड: ईशान किशन (कप्तान और विकेटकीपर), पैट कमिंस, ट्रेविस हेड, अभिषेक शर्मा, हेनिरक क्लासेन, अनिकेत वर्मा, आर स्मरण, सलिल अरोड़ा, ब्राइडन कार्स, हर्ष दुबे, क्रेन्स फुलेत्रा, लियम लिविंगस्टोन, नीतीश कुमार रेड्डी, कामिंदु मेंडिस, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, शिवम मावी, ईशान मलिंगा, शिवांग कुमार, जीशान अंसारी, साकिब हुसैन, प्रफुल्ल हिंगे, अमित कुमार, ओंकार तारमाले, डेविड पेन