logo

मूड

ट्रेंडिंग:

IPL 2026: भारतीय खिलाड़ियों को कप्तान बनाने से बचती रही है SRH, आंकड़े गवाह

सनराइजर्स हैदराबाद ने IPL 2026 के कुछ मैचों के लिए ईशान किशन को कप्तान बनाया है। वह इस टीम की कमान संभालने वाले चौथे भारतीय खिलाड़ी होंगे।

Ishan Kishan Abhishek Sharma

IPL 2025 के दौरान ईशान किशन और अभिषेक शर्मा, Photo Credit: IPL/X

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement
Group2

इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के आगामी सीजन से पहले सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) ने ईशान किशन को अपना कप्तान बनाया है। SRH ने यह फैसला इसलिए लिया है, क्योंकि उसके रेगुलर कप्तान पैट कमिंस चोट से पूरी तरह से नहीं उबर पाए हैं और वह IPL 2026 के कुछ मैच मिस कर सकते हैं। कमिंस के 23 मार्च तक हैदराबाद पहुंचने की संभावना है लेकिन वह कब खेलना शुरू करेंगे, इस पर अभी कोई अपडेट नहीं है। ऐसे में ईशान किशन को शुरुआती मैचों के लिए टीम की कमान दी गई है। वहीं अभिषेक शर्मा को उनका डिप्टी बनाया गया है।

 

ईशान SRH के 11वें कप्तान बनेंगे। वहीं 2013 में IPL में शामिल हुई इस टीम की कमान संभावने वाले वह चौथे भारतीय खिलाड़ी होंगे। SRH को अब तक कुमार संगाकारा, कैमरून व्हाइट, शिखर धवन, डैरेन सैमी, डेविड वॉर्नर, केन विलियमसन, भुवनेश्वर कुमार, मनीष पांडे, एडन मारक्रम और कमिंस लीड कर चुके हैं।

 

यह भी पढ़ें: तेज गेंदबाज चोटिल, रहाणे को कप्तान बनाने पर सवाल, KKR का क्या होगा हाल?

विदेशी खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा

SRH के मैनेजमेंट ने कप्तानी के मामले में अब तक विदेशी खिलाड़ियों पर ज्यादा भरोसा दिखाया है। इस टीम ने IPL में अब तक 196 मुकाबले खेले हैं, जिसमें 177 मैचों में विदेशी खिलाड़ी उसके कप्तान रहे हैं। वहीं भारतीय खिलाड़ियों ने सिर्फ 19 मैचों में SRH की कप्तानी की है। वॉर्नर-विलियमसन इस टीम को सबसे ज्यादा मैचों में लीड करने वाले कप्तान हैं। वॉर्नर ने 67 मैचों में SRH की कप्तानी की है, तो वहीं विलियमसन ने 46 मैचों में टीम की कमान संभाली है। 

 

भारतीय खिलाड़ियों की बात करें तो सिर्फ धवन ही इस टीम के फुल-टाइम कप्तान रहे। बाकियों को ईशान की तरह रेगुलर कप्तान के चोटिल या अनुपलब्ध होने पर ही टीम की कमान मिली। धवन ने 2014 सीजन में 10 मैचों में SRH की कप्तानी की थी, जिसमें उन्होंने 4 मैचों में टीम को जीत दिलाई। टीम के प्लेऑफ की रेस से बाहर होने के बाद उन्हें सीजन के बीच कप्तानी से हटा दिया गया था।

 

यह भी पढ़ें: ईशान किशन बने SRH के कप्तान, IPL इतिहास में दूसरी बार दिखेगा यह नजारा

भुवनेश्वर ने 3 अलग-अलग सीजन में कप्तानी की

SRH की ओर से लंबे समय तक IPL में खेले तेज गेंदबाज भुवनेश्वर ने 2019 सीजन में 6 मैचों में इस टीम की कप्तानी की थी। विलियमसन के चोटिल होने के चलते उन्हें यह जिम्मेदारी मिली थी। भवनेश्वर ने 2022 में भी एक मैच में ऐसा किया। उन्होंने IPL 2023 में SRH के पहले मैच में एडन मारक्रम के अनुपलब्ध रहने पर फिर से यह भूमिका निभाई। यानी उन्होंने कुल 8 IPL मैचों में SRH की कप्तानी की, जिसमें टीम को दो मैचों में जीत दिलाई। 

 

मनीष पांडे ने सिर्फ एक मैच में SRH की कप्तानी की है। उन्होंने IPL 2021 में विलियमसन के चोटिल होने पर टीम की कमान संभाली थी। उस मुकाबले में SRH को हार मिली थी।

सनराइजर्स हैदराबाद के कप्तानों की लिस्ट

  • कुमार संगाकारा (श्रीलंका)
  • कैमरून व्हाइट (ऑस्ट्रेलिया)
  • शिखर धवन (भारत)
  • डैरेन सैमी (वेस्टइंडीज)
  • डेविड वार्नर (ऑस्ट्रेलिया)
  • केन विलियमसन (न्यूजीलैंड)
  • भुवनेश्वर कुमार (भारत)
  • मनीष पांडे (भारत)
  • एडन मारक्रम (साउथ अफ्रीका)
  • पैट कमिंस (ऑस्ट्रेलिया)
  • ईशान किशन (भारत)

और पढ़ें