न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज ट्रेंट ने व्हाइट बॉल क्रिकेट में बेहतरीन पावरप्ले गेंदबाज के तौर पर जाने जाते हैं। वनडे इंटरनेशनल हो या टी20, बोल्ट हर बार पावरप्ले में आते और विकेट चटकाकर विपक्षी टीम को बैकफुट पर धकेल देते। अपनी स्विंग के बूते उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भी यह जलवा दिखाया। बोल्ट IPL में पावरप्ले के दौरान 73 विकेट चटका चुके हैं, जो भुवनेश्वर कुमार (91) के बाद दूसरा सबसे ज्यादा है। हालांकि मौजूदा सीजन में वह इस फेज में एक अदद विकेट के लिए तरस गए हैं।
बोल्ट अब पावरप्ले में न तो विकेट निकाल पा रहे हैं और न ही वह रन रोकने में सफल रहे हैं। IPL 2026 में बोल्ट ने पावरप्ले में 8 ओवर डाले हैं, जिसमें उन्हें 103 रन पड़े हैं। उनकी इकॉनमी लगभग 13 की है और उनके नाम कोई सफलता नहीं है।
यह भी पढ़ें: न बल्ला चल रहा, न गेंद से कर पा रहे कमाल... हार्दिक पंड्या को हुआ क्या है?
CSK के खिलाफ 2 ओवर में लुटाए 24 रन
IPL 2026 के 44वें मुकाबले में शनिवार (2 मई) को मुंबई इंडियंस (MI) की टीम चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के खिलाफ 7 विकेट के नुकसान पर 159 रन ही बना सकी। चेपॉक की पिच से गेंदबाजों को मदद मिल रही थी। ऐसे में उम्मीद की जा रही थी कि MI इस टारगेट को डिफेंड कर सकती है लेकिन CSK ने पावरप्ले में 2 विकेट के नुकसान पर 62 बनाकर उसे मैच से दूर कर दिया।
पहला ओवर लेकर आए बोल्ट ने 7 रन दिए। दूसरे ओवर में जसप्रीत बुमराह ने संजू सैमसन (11) का बड़ा विकेट निकाला। उन्होंने इस ओवर में सिर्फ 6 रन दिए। 2 ओवर की समाप्ति पर CSK का स्कोर 13/1 था। MI मैच पर पकड़ बनाती नजर आ रही थी लेकिन बोल्ट ने अगले ओवर में 17 रन लुटाकर पूरा मोमेंटम खराब कर दिया। CSK के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ ने उन्हें पहली गेंद पर चौका जड़ा और फिर आखिरी दो गेंदों पर चौका और छक्का जड़ बताया कि बोल्ट की धार अब कुंद हो चुकी है।
यह भी पढ़ें: स्पिन के सामने फंस रहे हैं तिलक, पेस से परेशान सूर्या, MI करे तो क्या करे?
CSK ने आसानी से जीता मैच
पावरप्ले में 2 विकेट के नुकसान पर 62 रन बनाने के बाद CSK ने टारगेट को 18.1 ओवर में ही चेज कर लिया। ऋतुराज ने 48 गेंद में 67 रन की नाबाद पारी खेली। कार्तिक शर्मा ने उनका बखूबी साथ देते हुए 40 गेंद में नाबाद 54 रन की पारी खेल CSK को 8 विकेट से बड़ी जीत दिलाई। बोल्ट ने इस मुकाबले में 3.1 ओवर में 37 रन खर्चे। अंतत: उनका हाथ खाली ही रहा।