इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में गुरुवार (30 अप्रैल) को विराट कोहली और कैगिसो रबाडा के बीच दिलचस्प भिड़ंत देखने को मिली। अहमदाबाद में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के दिग्गज बल्लेबाज कोहली ने गुजरात टाइटंस (GT) के पेसर रबाडा को लगातार 5 चौके जड़े।
टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी RCB की पारी का यह दूसरा ही ओवर था और कोहली ने चौकों की बारिश कर माहौल बना दिया। उन्होंने इस ओवर की आखिरी गेंद पर भी बेहतरीन स्ट्रेट ड्राइव शॉट लगाया लेकिन रबाडा ने अपने पैरों से गेंद को रोक चौका बचा लिया।
रबाडा ने लिया बदला
कोहली ने अगले ओवर में मोहम्मद सिराज के खिलाफ आगे निकलकर गजब का छक्का जड़ा। वह खतरनाक मूड में लग रहे थे और गेंदबाजों के साथ खिलवाड़ कर रहे थे। हालांकि कोहली के हाथों पिटने के बावजूद शुभमन गिल ने रबाडा को गेंदबाजी अटैक से नहीं हटाया और उन्हें चौथा ओवर दिया। रबाडा ने पहली गेंद डाउन द लेग डाली, जिसे अंपायर ने वाइड करार दिया। इसके बाद उन्होंने बैक ऑफ लेंथ गेंद डाली, जो कोहली के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर उनके पैड पर लगी। कोहली बाल-बाल बचे।
अगली गेंद पर उन्होंने चहलकदमी कर बड़ा शॉट खेलना चाहा लेकिन रबाडा उन्हें भांप गए थे। इस साउथ अफ्रीकी तेज गेंदबाज ने कोहली को फॉलो करते हुए पटकी हुई गेंद डाली, जिसे पर उन्हें रूम नहीं मिला और वह पुल शॉट खेलते हुए कभी भी कंट्रोल में नहीं लगे। गेंद उनके बल्ले का ऊपरी किनारा लेकर हवा में टंग गई। मिडविकेट पर खड़े राशिद खान ने अपनी दाईं ओर भागते हुए बेहतरीन कैच लपका। इसके बाद रबाडा ने कोहली को घूरते हुए अपने कप्तान गिल के साथ जश्न मनाया।
रबाडा ने चौथी बार किया कोहली का शिकार
IPL में कोहली और रबाडा 9वीं बार आमने-सामने हुए थे। इस भिड़ंत में रबाडा ने एक बार फिर बाजी मारी। उन्होंने कोहली को चौथी बार आउट किया। कोहली ने उनके खिलाफ इस लीग में 51 गेंद में 79 रन बनाए हैं लेकिन उन्होंने विकेट भी गंवाया है।