रेस्ट ऑफ इंडिया ने 3 साल बाद फिर से ईरानी कप अपने नाम कर ली है। ईरानी कप में रेस्ट ऑफ इंडिया और पिछले सीजन की रणजी चैंपियन टीम की टक्कर होती है। ऐसे में इस बार रेस्ट ऑफ इंडिया के सामने जम्मू-कश्मीर की चुनौती थी, जिसे उसने 167 रन से हराकर खिताब अपने नाम कर लिया। श्रीनगर के शेर-ए-कश्मीर स्टेडियम में खेले गए इस मुकाबले में रेस्ट ऑफ इंडिया ने 279 रन का टारगेट था, जिसके जवाब में जम्मू-कश्मीर की टीम महज 111 रन पर ढेर हो गई।
रेस्ट ऑफ इंडिया ने पहली पारी में 237 रन बनाए थे। जम्मू-कश्मीर ने अपनी पहली पारी में 278 रन बनाए और 41 रन की बढ़त हासिल की।
ऋषभ पंत
की कप्तानी वाली रेस्ट ऑफ इंडिया ने दूसरी पारी में आर स्मरण के 135 रन की बदौलत 319 रन बनाए और जम्मू-कश्मीर के सामने मजबूत लक्ष्य रखा। इसके बाद मुकेश कुमार ने धारदार गेंदबाजी की और 6 विकेट लेते हुए जम्मू-कश्मीर को सस्ते में ढेर कर रेस्ट ऑफ इंडिया को बड़ी जीत दिला दी।
ईरानी कप जीत के बाद जश्न मनाते रेस्ट ऑफ इंडिया के खिलाड़ी, Photo Credit: PTI
रेस्ट ऑफ इंडिया ने 31वीं बार जीती ईरानी कप
1960 से शुरू हुई ईरानी कप को रेस्ट ऑफ इंडिया ने पहली बार 1966 में जीता था। इस बार वह 31वीं बार चैंपियन बनी है। स्मरण और मुकेश कुमार के अलावा मुकेश चौधरी ने भी उसकी जीत में अहम भूमिका निभाई। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी ने 5 विकेट लेकर पहली पारी में जम्मू-कश्मीर को 300 रन तक नहीं पहुंचने दिया, जिससे वह बड़ी बढ़त नहीं ले सकी। इसके बाद दूसरी पारी में मुकेश कुमार ने कमाल दिखाया। आकाश दीप ने दोनों पारियों में 3-3 विकेट लिए।
रेस्ट ऑफ इंडिया 2006-07 सीजन से लेकर 2012-13 तक अजेय रही थी। इस दौरान उसने लगातार 8 बार ईरानी कप जीते। पिछले 10 सीजन की बात करें तो मामला बराबरी पर रहा है। रेस्ट ऑफ इंडिया 5 बार चैंपियन बनी है, जबकि 5 बार उसे हार का सामना करना पड़ा है। चलिए आपको बताते हैं कि रेस्ट ऑफ इंडिया की टीम कब-कब ईरानी कप जीती है।