जर्मनी में हाइलो ओपन का खिताब जीतने वाले भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी लक्ष्य सेन कोरिया ओपन से हट गए हैं। मंगलवार से शुरू होने वाले इस पांच लाख डॉलर इनामी सुपर 500 टूर्नामेंट में अनुभवी एचएस प्रणय भारतीय चुनौती की अगुआई करेंगे। लक्ष्य को पहले दौर में चीन के डोंग तियान याओ से भिड़ना था लेकिन उन्होंने टूर्नामेंट से हटने का फैसला किया है।
वर्ल्ड चैंपियनशिप 2023 के ब्रॉन्ज मेडलिस्ट प्रणय अपने अभियान की शुरुआत साउथ कोरिया के यू ताए बिन के खिलाफ करेंगे। 33 साल के प्रणय इंटरनेशनल सर्किट में भारत के सबसे अनुभवी खिलाड़ियों में से एक हैं और लक्ष्य की गैरमौजूदगी में मेंस सिंगल्स में उन पर बड़ी जिम्मेदारी होगी। मेंस सिंगल्स में चीनी ताइपे के शीर्ष वरीय चोउ तिएन चेन, जापान के तीसरे वरीय कोडाई नाराओका और कनाडा के विक्टर लाई जैसे मजबूत खिलाड़ी भी चुनौती पेश करेंगे।
यह भी पढ़ें: BCCI ने वैभव सूर्यवंशी को दिया बड़ा मौका, तिलक वर्मा की कप्तानी में टीम का ऐलान
विमेंस सिंगल्स में तन्वी शर्मा पर रहेंगी निगाहें
विमेंस सिंगल्स में तन्वी शर्मा अपने अभियान की शुरुआत जापान की मनामी सुइजु के खिलाफ करेंगी। इस साल ताइपे ओपन का खिताब जीतने वाली इस युवा भारतीय खिलाड़ी ने खुद को उभरती प्रतिभाओं में शामिल किया है। मालविका बंसोड़ को पहले दौर में कड़ी चुनौती का सामना करना होगा। उनका मुकाबला साउथ कोरिया की चौथी वरीय सिम यू जिन से होगा।
पिछले सप्ताह हाइलो ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचने वाली अनमोल खरब कनाडा की रेचल चान से भिड़ेंगी। 19 वर्षीय अनमोल का जर्मनी में प्रदर्शन प्रभावशाली रहा था, जहां उन्होंने डबल ओलंपिक मेडलिस्ट पीवी सिंधु के खिलाफ सेमीफाइनल में जगह बनाई थी। कोरिया ओपन में उनके पास एक बार फिर ऊंची रैंकिंग वाली खिलाड़ियों के खिलाफ अपनी क्षमता साबित करने का मौका होगा।
यह भी पढ़ें: Rishabh Pant: न्यूजीलैंड दौरे से बाहर होंगे ऋषभ पंत? फिटनेस टेस्ट में हुए फेल
विमेंस डबल्स में भारत की सोनाली सिंह और रितिका ठाकेर का सामना ऑस्ट्रेलिया की लौडिया चेल्सी ग्रिसेल्डा और नोजोमी शिमिजू से होगा। मिक्स्ड डबल्स में ध्रुव रावत और के मनीषा भारतीय चुनौती पेश करेंगे। पहले दौर में उनका मुकाबला झू यी जुन और ली कियान की सातवीं वरीयता प्राप्त चीन की जोड़ी से होगा।