फ्रांस के स्टार फुटबॉलर किलियन एमबापे ने स्वीडेन के खिलाफ 2 गोल दागकर वर्ल्ड रिकॉर्ड बना दिया है। एमबापे FIFA वर्ल्ड कप के नॉकआउट में सबसे ज्यादा गोल दागने वाले खिलाड़ी बन गए हैं। उनके रिकॉर्डतोड़ प्रदर्शन की बदलौत फ्रांस ने स्वीडेन को 3-0 से हराकर शान से राउंड ऑफ 16 में जगह बनाई। एमबापे ने 45वें मिनट में एक शानदार क्रॉसओवर शॉट से फ्रांस को बढ़त दिलाई। यह वर्ल्ड कप के नॉकआउट राउंड में उनका 9वां गोल था जो, वर्ल्ड रिकॉर्ड है। उन्होंने ब्राजील के दिग्गज लियोनिडास और रोनाल्डो (दोनों 8-8 गोल) को पीछे छोड़ा।
एमबापे यहीं पर नहीं रुके और उन्होंने मैच के 74वें मिनट में अपना दूसरा गोल कर वर्ल्ड कप नॉकआउट राउंड में अपने कुल गोलों की संख्या 10 तक पहुंचा दी। इस गोल से एमबापे के मौजूदा टूर्नामेंट में अब 6 गोल हो गए हैं और उन्होंने सबसे ज्यादा गोल करने के लिए मिलने वाले गोल्डन बूट की दौड़ में अर्जेंटीना के फॉरवर्ड लियोनेल मेसी की बराबरी कर ली है। वर्ल्ड कप करियर में उनके कुल गोलों की संख्या 18 हो गई है, जो मेसी के रिकॉर्ड से सिर्फ एक कम है। एपबापे ने वर्ल्ड कप में अब तक कुल 18, जबकि मेसी ने 29 मैच खेले हैं।
यह भी पढ़ें: ओलंपिक क्वालीफायर अलर्ट! एशिया में नंबर-1 नहीं रहा भारत तो क्या होगा नुकसान?
हालेंड ने नॉर्वे को दिलाई ऐतिहासिक जीत
स्टार स्ट्राइकर एर्लिंग हालैंड ने अपने स्किल्स का शानदार नमूना पेश करते हुए 86वें मिनट में निर्णायक गोल किया, जिससे नॉर्वे ने आइवरी कोस्ट को 2-1 से हराकर वर्ल्ड में पहली बार नॉकआउट मैच जीता। जैसे ही नॉर्वे के पैट्रिक बर्ग गेंद लेकर पेनल्टी एरिया में पहुंचे, तीन डिफेंडर ने उन्हें घेर दिया। उन्होंने बड़ी कुशलता से इन तीनों डिफेंडर को छकाते हुए गेंद को हालैंड की तरफ बढ़ा दिया, जिन्होंने उसे गोल में बदलने में कोई गलती नहीं की। यह उनका मौजूदा टूर्नामेंट में तीन मैचों में पांचवां गोल है।
यह भी पढ़ें: 'मुझे लात-घूंसों से पीटा', क्रिकेटर शशांक सिंह के कुक ने लगाए गंभीर आरोप
नॉर्वे की ओर से एंटोनियो नुसा ने 39वें मिनट में घुमावदार किक से गोल किया। आइवरी कोस्ट के लिए अमाद डियालो ने 74वें मिनट में बराबरी का गोल दागा। चौथी बार वर्ल्ड कप में भाग ले रहे नॉर्वे का राउंड ऑफ 16 में मुकाबला रविवार को पांच बार के चैंपियन ब्राजील से होगा। नॉर्वे 1998 के बाद पहली बार वर्ल्ड कप में खेल रहा है। 1998 में उसने अपने आखिरी ग्रुप मुकाबले में 83वें और 89वें मिनट में गोल करके ब्राजील के खिलाफ 2-1 से जीत के दम पर नॉकआउट राउंड में जगह बनाई थी।