logo

मूड

ट्रेंडिंग:

17 साल में टेस्ट डेब्यू, फिर 21 की उम्र में कहां खो गए लक्ष्मण शिवरामकृष्णन?

लक्ष्मण शिवरामकृष्णन एक समय भारत के सबसे युवा टेस्ट क्रिकेटर थे लेकिन उनका इंटरनेशनल करियर ज्यादा दिन तक नहीं चल सका। उम्र बढ़ने के साथ उनके गेंद की धार कुंद होती चली गई।

Laxman Sivaramakrishnan

लक्ष्मण शिवरामकृष्णन की गुमनामी की कहानी, Photo Credit: Khabargaon

शेयर करें

google_follow_us

संबंधित खबरें

Advertisement

महज 17 साल की उम्र में टेस्ट डेब्यू, 19 साल में इंग्लैंड के खिलाफ 12 विकेट और 1985 में वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ क्रिकेट का खिताब जीतने वाली टीम इंडिया के अहम सदस्य लक्ष्मण शिवरामकृष्णन को विलक्षण प्रतिभा का धनी माना जाता था लेकिन उनका करियर उम्मीदों के मुताबिक परवान नहीं चढ़ सका। कहा जाता है कि भारतीय क्रिकेट में प्रतिभा के जाया हो जाने का सबसे बड़ा उदाहरण शिवरामकृष्णन हैं। 

 

उनकी गेंदों में फ्लाइट थी, टर्न था और बल्लेबाज को छकाने की क्षमता थी। वह गेंद को हवा में लटकाकर बल्लेबाज को आगे आने के लिए मजबूर करते और फिर आखिरी समय में गेंद को टर्न कराते थे। वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ क्रिकेट के फाइनल में जावेद मियांदाद को स्टंप आउट कराने वाली उनकी गेंद आज भी फैंस के जेहन में ताजा है।

 

शिवरामकृष्णन ने अपने शुरुआती दिनों में ऐसी झलक दिखाई थी कि उन्हें भारतीय क्रिकेट का भविष्य माना जाने लगा था लेकिन इस लेग स्पिनर का इंटरनेशनल करियर 21 साल की उम्र में ही लगभग खत्म हो गया। जिस उम्र में किसी क्रिकेटर का करियर आकार लेना शुरू करता है, उस उम्र में शिवरामकृष्णन भारतीय टीम से बाहर हो चुके थे।

 

यह भी पढ़ें: डेब्यू टेस्ट में 16 विकेट लेकर रिकॉर्ड बनाया, फिर कहां खो गए नरेंद्र हिरवानी?

धमाकेदार शुरुआत के बाद आया मुश्किल दौर

31 दिसंबर 1965 के रोज मद्रास (अब चेन्नई) में जन्मे शिवरामकृष्णन ने 15 साल की उम्र में रणजी ट्रॉफी में डेब्यू किया और दिल्ली के खिलाफ 7 विकेट लेकर तहलका मचा दिया। इसके बाद उन्हें भारतीय टीम के साथ पाकिस्तान दौरे पर जाने का मौका मिला। उसी सीजन उन्होंने 28 अप्रैल 1983 को वेस्टइंडीज के खिलाफ एंटीगा में टेस्ट डेब्यू किया। उस समय उनकी उम्र महज 17 साल और 118 दिन थी और वह भारत के लिए टेस्ट खेलने वाले सबसे कम उम्र के खिलाड़ी थे। डेब्यू टेस्ट में उन्हें विकेट नहीं मिला लेकिन उनकी प्रतिभा को लेकर चर्चा जारी रही। 

 

शिवरामकृष्णन को असली पहचान 1984-85 में इंग्लैंड के खिलाफ घरेलू टेस्ट सीरीज में मिली। मुंबई टेस्ट में उन्होंने दोनों पारियों में 6-6 विकेट झटके। सिर्फ 18 साल की उम्र में उनके इस प्रदर्शन ने क्रिकेट जगत को हैरान कर दिया। उन्होंने सीरीज में कुल 23 विकेट लिए। इस शानदार गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज के अवॉर्ड से नवाजा गया। इसके बाद उन्होंने 1985 में ऑस्ट्रेलिया में आयोजित वर्ल्ड चैंपियनशिप ऑफ क्रिकेट में 10 विकेट झटक लिए। 

 

उन्होंने पाकिस्तान के खिलाफ फाइनल में 3 विकेट लेकर भारत को खिताबी जीत दिलाई। इसी टूर्नामेंट के दौरान उनकी प्रतिभा को इंटरनेशनल पहचान मिली। हालांकि इस चमक के पीछे मुश्किलों का दौर शुरू हो चुका था।

 

यह भी पढ़ें: 1968 का ऐतिहासिक डुनेडिन टेस्ट, जब भारत ने विदेशी जमीन पर जीतना सीखा

लंबाई बढ़ने से बिगड़ा लय

शिवरामकृष्णन की फिरकी पर दुनिया के दिग्गज बल्लेबाज नाच रहे थे लेकिन उनकी गेंदों में अचानक वह धार क्यों नहीं रही? यह सवाल लंबे समय तक क्रिकेट प्रेमियों को परेशान करता रहा। इसका एक तकनीकी जवाब खुद शिवरामकृष्णन ने दिया है। उन्होंने हाल ही में बताया था कि 16 से 19 साल की उम्र के बीच उनकी लंबाई करीब दो से ढाई इंच बढ़ गई थी। इसके बावजूद उनका रिलीज पॉइंट पहले जैसा ही रहा। नतीजा यह हुआ कि उनकी गेंदों की लेंथ बिगड़ने लगी। 

 

जिस जगह गेंद पहले सही टप्पा खाती थी, वहां अब वह आगे गिरने लगी और अच्छी लेंथ की गेंद फुलटॉस में बदलने लगी। उन्हें इस तकनीकी बदलाव को समझने और सुधारने में मदद नहीं मिली। इसी दौरान ऑस्ट्रेलिया में फील्डिंग करते समय उनके कंधे में चोट भी लग गई। उनके मुताबिक, चोट का सही इलाज और पहचान समय पर नहीं हो सकी। गेंदबाजी की तकनीकी परेशानी और चोट ने धीरे-धीरे उनके प्रदर्शन को प्रभावित किया।

 

शिवरामकृष्णन का मानना है कि अगर उस समय किसी अनुभवी व्यक्ति ने उन्हें रिलीज पॉइंट बदलने की सलाह दी होती तो शायद वह इस समस्या से निकल सकते थे लेकिन उस दौर में भारतीय क्रिकेट में आज जैसी तकनीकी सुविधाएं, बायोमैकेनिक्स स्पेशलिस्ट और एनालिसिस की सुविधा नहीं थी। नेट्स में वह लगातार उसी तरीके से गेंदबाजी करते रहे। धीरे-धीरे फुलटॉस डालना उनकी आदत बनता चला गया।

 

यह भी पढ़ें: जब घायल कपिल देव ने कंगारुओं का किया शिकार, भारत को दिलाई चमत्कारिक जीत

इंटरनेशनल करियर पर लगा विराम

वर्ल्ड चैंपियंस ऑफ क्रिकेट टूर्नामेंट के बाद शिवरामकृष्णन का प्रदर्शन पहले जैसा नहीं रहा। उन्हें बल्लेबाज आसानी से खेलने लगे और धीरे-धीरे भारतीय टीम में उनकी जगह कमजोर होती चली गई। 1985 में श्रीलंका दौरे पर उन्होंने एक टेस्ट खेला लेकिन कोई खास प्रभाव नहीं छोड़ सके। इसके कुछ महीने बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर उनका प्रदर्शन और भी निराशाजनक रहा। उनकी गेंदबाजी का जादू जैसे गायब हो गया था। वह छोटा सा गेंदबाज, जिसके बारे में कहा जा रहा था कि वह कई रिकॉर्ड तोड़ेगा, महज 12 महीने पहले वाले अपने प्रदर्शन की छाया बनकर रह गया।

 

यह भी पढ़ें: जब हेडिंग्ले में भारत ने तोड़ा अंग्रेजों का घमंड, सचिन-द्रविड़-गागुंली का शतक

ऑलराउंडर बनकर भी नहीं कर सके वापसी

जनवरी 1986 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सिडनी टेस्ट उनका आखिरी टेस्ट साबित हुआ। इसके बाद 1987 वर्ल्ड कप के लिए उन्हें भारतीय टीम में जगह मिली। न्यूजीलैंड और जिम्बाब्वे के खिलाफ दो वर्ल्ड कप मैच खेलने के बाद वह बाहर हो गए, जिसके बाद टीम इंडिया की जर्सी में दोबारा नहीं दिखे। इंटरनेशनल क्रिकेट से दूर होने के बाद वह घरेलू क्रिकेट में पसीना बहाते रहे लेकिन भारतीय टीम में वापसी का रास्ता उनके लिए लगातार मुश्किल होता चला गया। 

 

उन्होंने ऑलराउंडर के रूप में भी वापसी करने की कोशिश की लेकिन सफल नहीं हो सके। अस्सी के दशक के आखिरी वर्षों तक उनकी बल्लेबाजी इतनी सुधर चुकी थी कि उन्होंने तमिलनाडु को 33 साल के लंबे अंतराल के बाद रणजी ट्रॉफी (1987-88) चैंपियन बना दिया। लगा कि वह अब भारतीय टीम में वापसी करेंगे लेकिन जल्द ही उन्होंने तमिलनाडु की टीम में भी अपनी जगह गंवा दी। इसके बाद वह धीरे-धीरे गुमनामी में खो गए।
 
शिवरामकृष्णन ने टीम इंडिया के लिए 9 टेस्ट में कुल 26 लिए। वहीं 16 वनडे में 15 विकेट झटके। ये आंकड़े उस प्रतिभा की पूरी तस्वीर नहीं दिखाते, जिसके बारे में कभी बिशन सिंह बेदी जैसे दिग्गजों ने भी बड़ी बातें कही थीं।

Related Topic:#Maidan

और पढ़ें