logo

ट्रेंडिंग:

भारत आ रहे हैं लियोनेल मेसी... कब, किससे मिलेंगे? नोट कर लीजिए शेड्यूल

अर्जेंटीना के महान फुटबॉलर लियोनेल दिसंबर में 3 दिन के लिए भारत आ रहे हैं। उनके दौरे का आगाज कोलकाता से होगा। मेसी इस दौरे पर कई भारतीय सितारों से मिलने वाले हैं।

Lionel Messi

लियोनेल मेसी। (File Photo Credit: FIFA/X)

शेयर करें

संबंधित खबरें

Advertisement
Budget2

लियोनेल मेसी दिसंबर में भारत आ रहे हैं। अर्जेंटीना के सुपरस्टार फुटबॉलर मेसी का भारत दौरा 3 दिन का होगा। लियोनेल मेसी के भारत दौरे को हरी झंडी 15 अगस्त को मिली। उनके 'GOAT' टूर ऑफ इंडिया 2025' का आगाज 12 दिसंबर को कोलकाता से होगा। इस इवेंट के प्रमोटर सताद्रु दत्ता ने यह जानकारी दी है। मेसी की भारत यात्रा का समापन 15 दिसंबर को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से उनके आवास पर मुलाकात के साथ होगा।

 

मेसी की भारतीय क्रिकेट के सितारे सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी, विराट कोहली और शुभमन गिल से भी मुलाकात हो सकती है। वह 2011 के बाद पहली बार भारत आने वाले हैं। पिछली बार वह वेनेजुएला के खिलाफ FIFA का मैत्री मैच खेलने आए थे। यह मुकाबला कोलकाता के साल्ट लेक स्टेडियम में हुआ था।

 

यह भी पढ़ें: आजादी के 78 साल, क्रिकेट से कबड्डी तक, खेलों में कहां पहुंचा भारत?

मेसी ने किया था भारत आने का वादा

न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, मेसी की यात्रा का पहला पड़ाव कोलकाता होगा जिसके बाद वह अहमदाबाद, मुंबई और दिल्ली जाएंगे। सताद्रु दत्ता ने कहा, 'मुझे कन्फर्मेशन मिल गया है और उसके बाद ही मैने इसकी घोषणा (सोशल मीडिया पर) की। मेसी 28 अगस्त से एक सितंबर के बीच इसे लेकर पोस्ट कर सकते हैं। इसमें आधिकारिक पोस्टर और दौरे की जानकारी होगी।'

 

सताद्रु दत्ता ने इस साल की शुरूआत में मेसी के पिता से मुलाकात करके यह प्रस्ताव रखा था। इसके बाद 28 फरवरी को मेसी ने खुद अपने आवास पर सताद्रु दत्ता से 45 मिनट तक बात की थी। सताद्रु दत्ता ने कहा, 'मैंने उन्हें पूरे कार्यक्रम के बारे में बताया। उन्होंने आने का वादा किया था।' मेसी के साथ इंटर मियामी के रौड्रिगो डि पॉल , लुईस सुआरेज, जोर्बी अल्बा और सर्जियो बस्केट्स भी आ सकते हैं। मेसी हर शहर में बच्चों के साथ मास्टरक्लास में भी भाग लेंगे। वह 12 दिसंबर को कोलकाता पहुंचेंगे और वहां दो दिन और एक रात रुकेंगे।

 

यह भी पढ़ें: भारत-पाक मैच पर बोले भज्जी - देश और जवानों से बढ़कर कुछ नहीं

3 दिन में क्या-क्या करेंगे मेसी?

मेसी 13 दिसंबर को कोलकाता में मीट एंड ग्रीट कार्यक्रम में भाग लेंगे। उनके लिए स्पेशल फूड और टी फेस्टिवल होगा जिसमें बंगाली मछली हिलसा, बंगाली मिठाई और असम चाय परोसी जाएगी। इसके बाद ईडन गार्डंस या साल्टलेक स्टेडियम में 'GOAT' कन्सर्ट और 'GOAT' कप का आयोजन होगा। शहर में दुर्गापूजा के दौरान उनका 25 फुट ऊंचा और 20 फुट चौड़ा भित्तिचित्र भी रखा जाएगा, जिस पर प्रशंसक अपने संदेश लिख सकेंगे।

 

यह स्टेडियम में मेसी को उपहार में दिया जाएगा। वह प्रति टीम सात खिलाड़ियों का सॉफ्ट टच और सॉफ्ट बॉल मैच खेलेंगे, जिसमें सौरव गांगुली, लिएंडर पेस, जॉन अब्राहम और बाईचुंग भूटिया भी होंगे। ईडन गार्डंस पर होने वाले इस आयोजन के लिए टिकट की न्यूनतम दर 3500 रुपए होगी। 

 

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी उन्हें वहां सम्मानित कर सकती हैं। मेसी 13 दिसंबर की शाम को अहमदाबाद में अडाणी फाउंडेशन के निजी कार्यक्रम में भाग लेंगे। वह 14 दिसंबर को मुंबई पहुंचेंगे जहां ब्रेबॉर्न स्टेडियम में शाम 3:45 बजे 'मीट एंड ग्रीट' कार्यक्रम होगा। इसके बाद वानखेड़े स्टेडियम पर 5:30 बजे से 'GOAT' कप और कन्सर्ट होगा।

 

लियोनेल मेसी। (Photo Credit: FIFA/X

कोहली-धोनी से भी मिल सकते हैं मेसी

ब्रेबोर्न स्टेडियम में मुंबई पैडल 'GOAT' कप होगा। सूत्रों के मुताबिक, शाहरुख खान और लिएंडर पेस पांच से दस मिनट तक मेसी के साथ यह मैच खेल सकते हैं। महाराष्ट्र क्रिकेट संघ मेसी और सचिन तेंदुलकर, एम एस धोनी और रोहित शर्मा के साथ 'GOAT' कैप्टंस मोमेंट का आयोजन कर सकता है, जिसमें रणवीर सिंह, आमिर खान और टाइगर श्रॉफ भी भाग लेंगे। मेसी 15 दिसंबर को दिल्ली आएंगे, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलेंगे। इसके बाद फिरोज शाह कोटला स्टेडियम में दोपहर 2:15 बजे से 'GOAT' कप और कन्सर्ट होगा। जानकारी के मुताबिक, दिल्ली एवं जिला क्रिकेट एसोसिएशन (DDCA) विराट कोहली और शुभमन गिल को भी न्योता देगा, जो मेसी के बड़े प्रशंसक हैं।


और पढ़ें

design

हमारे बारे में

श्रेणियाँ

Copyright ©️ TIF MULTIMEDIA PRIVATE LIMITED | All Rights Reserved | Developed By TIF Technologies

CONTACT US | PRIVACY POLICY | TERMS OF USE | Sitemap