मिथुन मन्हास भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) के नए अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। मन्हास को रविवार को बीसीसीआई की वार्षिक आम बैठक (AGM) में अध्यक्ष चुने गए। 45 साल के मन्हास बीसीसीआई के 37वें अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले रोजर बिन्नी बोर्ड के अध्यक्ष पद पर थे। बिन्नी पिछले महीने 70 साल के हो गए, जिसके बाद उन्होंने पद से इस्तीफा दे दिया था।
पूर्व ऑलराउंडर मिथुन मन्हास ने 1997-98 और 2016-17 के बीच 157 प्रथम श्रेणी, 130 लिस्ट ए और 55 आईपीएल मैच खेले। इस महीने की शुरुआत में दिल्ली में बोर्ड के शीर्ष अधिकारियों की एक अनौपचारिक बैठक के बाद उन्हें सर्वसम्मति से चुना गया था।
मन्हास का करियर
मिथुन मन्हास के नाम प्रथम श्रेणी मुकाबलों में 27 शतक सहित 9714 रन और लिस्ट ए मुकाबलों में 4126 रन दर्ज हैं। बोर्ड की बैठक में राजीव शुक्ला को बीसीसीआई का उपाध्यक्ष, देवजीत सैकिया को सचिव, ए रघुराम भट्ट को कोषाध्यक्ष और प्रभतेज सिंह भाटिया को बोर्ड का संयुक्त सचिव चुना गया है।
अमिता शर्मा महिला चयन पैनल की अध्यक्ष
एजीएम में अमिता शर्मा को महिला चयन पैनल का अध्यक्ष बनाया गया है। वह नीतू डेविड की जगह लेंगी। भारत के लिए 116 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मुकाबले खेलने वाली पूर्व तेज गेंदबाज अमिता के साथ चयन पैनल में श्यामा डे, जया शर्मा और श्रावंति नायडू को जगह मिली है। इनके कार्यकाल की शुरुआत भारत और श्रीलंका में 30 सितंबर से दो नवंबर तक होने वाले महिला विश्व कप के बाद होगी।
आरपी सिंह और प्रज्ञान को बड़ी जिम्मेदारी
पूर्व भारतीय अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी आरपी सिंह और प्रज्ञान ओझा को पुरुष चयन समिति में शामिल किया गया जबकि तमिलनाडु के पूर्व बल्लेबाज एस शरत जूनियर चयन समिति में लौट गए हैं। पंजाब क्रिकेट संघ के प्रतिनिधि के रूप में वार्षिक आम बैठक में शामिल पूर्व भारतीय स्पिनर हरभजन सिंह ने मन्हास के चुनाव का स्वागत करते हुए कहा कि बोर्ड के शीर्ष पद पर एक क्रिकेटर का होना एक सकारात्मक कदम है।
उन्होंने कहा, ‘जब कोई क्रिकेटर किसी क्रिकेट संस्था का प्रमुख होता है तो उसके अनुभव और अन्य गुणों से मदद मिलती है। यह एक अच्छा फैसला है और पिछले तीन कार्यकाल से ऐसा हो रहा है जो क्रिकेटरों के लिए और खेल को कुछ वापस देने के लिए उनके लिए भी एक शानदार चीज है।’