इंटरनेशनल ओलंपिक कमिटी (IOC) ने कहा है कि 2036 ओलंपिक की मेजबानी की रेस में भारत समेत 7 देश शामिल हैं। IOC के मुताबिक, भारत के अलावा जर्मनी, हंगरी, कतर, कोरिया, साउथ अफ्रीका और तुर्किए ने भी 2036 ओलंपिक की मेजबानी में रूचि दिखाई है। इन देशों को नवंबर में 'फ्यूचर होस्ट कमीशन' के सामने अपने प्रोजेक्ट पेश करने के लिए बुलाया गया है।
IOC ने कहा कि प्रोजेक्ट का आकलन कई तकनीकी पहलुओं पर किया जाएगा, जिनमें आयोजन स्थलों का मास्टर प्लान और खिलाड़ियों का अनुभव, फंडिंग को लेकर रणनीति, राजनीतिक और जनता का समर्थन, मेजबानी की क्षमता और मेजबान समुदायों को दीर्घकालिन फायदे पहुंचाने वाली विरासत रणनीति शामिल है। IOC ने इन 'प्रेजेंटेशन' के लिए कोई निश्चत समय सीमा नहीं बताई। IOC ने एक बयान में कहा कि इच्छुक पक्ष IOC से लगातार बात कर रहे हैं।
बयान में आगे कहा गया, 'कई नेशनल ओलंपिक कमिटी (NOC) 2036 के बाद होने वाले ओलंपिक खेलों की मेजबानी को लेकर IOC के साथ शुरूआती बातचीत में शामिल हैं। इच्छुक पक्षों को नवंबर में फ्यूचर होस्ट कमीशन के सामने अपना प्रोजेक्ट पेश करने के लिए आमंत्रित किया गया है।' IOC ने कहा कि 31 अक्टूबर के बाद 2036 ओलंपिक की मेजबानी के लिए किसी और इच्छुक पक्ष पर विचार नहीं किया जाएगा।
यह भी पढ़ें: Asian Games: शूटिंग में मिली निराशा... इन गेम्स में चमका भारत, पूरा लेखा-जोखा
भारत ने अहमदाबाद को चुना है ओलंपिक शहर
पहली बार ओलंपिक की मेजबानी के लिए दावेदारी पेश कर रहे भारत ने अहमदाबाद को मेजबानी के लिए चुना है। भारत ने 2024 में ओलंपिक की मेजबानी की इच्छा जताने संबंधी आशय पत्र सौंप दिया था। इसके बाद IOC की नयी अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने मेजबान चयन प्रक्रिया रोक दी थी और कहा था कि प्रक्रिया को बेहतर बनाने के लिए सदस्य देशों से राय ली जाएगी।
2036 ओलंपिक के मेजबान का ऐलान 2029 में किया जाएगा। भारत की ओर से कम्यूनिकेशन की अगुवाई खेल मंत्रालय के सहयोग से भारतीय ओलंपिक संघ (IOA) गुजरात सरकार के साथ मिलकर करेगा।
यह भी पढ़ें: 'जितने बड़े मैच...' ब्राजील से हार के बाद क्या बोले भारतीय फुटबॉल टीम के कोच?
IOC अध्यक्ष ने मेजबानी पर ये कहा
IOC अध्यक्ष क्रिस्टी कोवेंट्री ने कहा, 'मैं खुशकिस्मत थी कि मुझे चार महाद्वीपों में पांच ओलंपिक खेलों में हिस्सा लेने का मौका मिला। हर ओलंपिक की अपनी अलग खासियत थी। हर मेजबान देश ने अपने लोगों, अपनी संस्कृति और खेलों के आयोजन के अपने तरीके से कुछ अनोखा पेश किया।'
उन्होंने कहा, 'लेकिन जब भी खेल होते हैं तो एक चीज कभी नहीं बदलती कि हर चीज का केंद्र खिलाड़ी होते हैं। एक खिलाड़ी होने के नाते ओलंपिक खेलने का सपना पूरा करने के लिए आप बरसों मेहनत करते हैं।' उन्होंने आगे कहा, 'ओलंपिक खेलों में भागीदारी का अनुभव जीवन भर आपके साथ रहता है। इसलिए भविष्य के हर मेजबान के लिए खिलाड़ियों को बेस्ट अनुभव देना शुरूआती कदम होना चाहिए।'
आगे क्या-क्या होगा?
IOC ने जून में ओलंपिक मेजबान चुनने की प्रक्रिया की समीक्षा के तहत विकसित प्रोजेक्ट वाले इच्छुक पक्षों को चुनने के लिए एक रणनीतिक बातचीत का चरण शुरू किया था। नवंबर में होने वाले प्रेजेंटेशन के बाद का अगला चरण लक्ष्य केंद्रित संवाद की बजाय रणनीतिक संवाद होगा, जो बदले हुए ढांचे में भी निर्णय लेने की प्रक्रिया का अंतिम चरण बना रहेगा। अंतिम चरण 2028 में शुरू होगा।
लक्ष्य केंद्रित संवाद के बाद IOC सदस्यों को फ्यूचर होस्ट कमीशन से रिपोर्ट मिलेगी। इसके बाद 2029 के मध्य में IOC कार्यकारी बोर्ड उन पसंदीदा मेजबानों को चुनेगा, जिन्हें 2036 ओलंपिक खेलों का मेजबान चुनने के लिए IOC सत्र में चुनाव के लिए पेश किया जाएगा।