पाकिस्तान सुपर लीग (PSL) का नया सीजन 26 मार्च से शुरू होने वाला है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने इस बार PSL को बंद दरवाजों के बीच आयोजित कराने का फैसला किया है यानी स्टेडियम में दर्शक नहीं आएंगे। PCB के चेयरमैन मोहसिन नकवी ने कहा है कि सरकार और सुरक्षा एजेंसियों के साथ कई दौर की मीटिंग के बाद यह फैसला लिया गया है। नकवी ने मीडिया से बताया कि पश्चिम-एशिया में जंग के चलते पाकिस्तान उर्जा संकट से जूझ रहा है, जिसके चलते रोजाना हजारों लोगों को स्टेडियम बुलाना ठीक नहीं होगा।
तालिबान के ताबड़तोड़ हमलों के चलते भी पाकिस्तान में हालात खराब हैं, जिसके चलते PSL को सिर्फ दो शहरों कराची और लाहौर तक सीमित कर दिया गया है। नकवी ने हर हाल में PSL को आयोजित कराने पर जोर दिया लेकिन पाकिस्तान के ताजा हालात खिलाड़ियों के लिए सुरक्षित नहीं हैं। इस कारण कई विदेशी खिलाड़ियों ने इस लीग से अपना नाम वापस ले लिया है। अब बांग्लादेश ने भी सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए कहा है कि जांच के बाद ही वह अपने खिलाड़ियों को पाकिस्तान जाने की इजाजत देगा।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: ढाई साल पहले खेला आखिरी टी20, अब KKR में एंट्री, कौन हैं सौरभ दुबे?
PSL पर गहराया संकट
गुडाकेश मोती, जेक फ्रेजर-मैकगर्क, ऑटनील बार्टमैन और स्पेंसर जॉनसन जैसे विदेशी खिलाड़ियों ने PSL के लिए पाकिस्तान आने से इनकार कर दिया है। वहीं ब्लेसिंग मुजारबानी और दसुन शनाका ने PSL को छोड़कर इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में खेलने का फैसला लिया है। विदेशी खिलाड़ी मौजूदा हालात में पाकिस्तान आने से बच रहे हैं।
बांग्लादेश के युवा और खेल राज्य मंत्री अमीनुल हक ने कहा है कि अगर सुरक्षा संबंधी कोई चिंता होती है तो बांग्लादेशी क्रिकेटर भी PSL में हिस्सा नहीं लेंगे। उनके बयान के बाद PSL के आगामी सीजन पर खतरा गहरा गया है, क्योंकि इसके बाद और भी विदेशी खिलाड़ी पाकिस्तान आने से इनकार कर सकते हैं।
यह भी पढ़ें: IPL से टकराव पड़ा महंगा, PSL छोड़ रहे विदेशी खिलाड़ी, क्या करेंगे मोहसिन नकवी?
बांग्लादेशी मंत्री ने क्या-क्या कहा है?
PSL के लिए बांग्लादेशी खिलाड़ियों को पाकिस्तान भेजे जाने पर अमीनुल ने रविवार (22 मार्च) को क्रिकबज से कहा, 'अगर कोई सुरक्षा की चिंता है तो हमारे क्रिकेटर बिल्कुल नहीं जाएंगे। पहले बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) को हमें इसके बारे में बताना होगा और उसके बाद हम अपने ऑब्जर्वेशन के आधार पर ऑफिशियल फैसला लेंगे। अगर BCB हमें आश्वस्त करता है कि हमारे क्रिकेटरों के वहां जाने से कोई समस्या नहीं है, तो हमें कोई आपत्ति नहीं है। खिलाड़ी क्या चाहते हैं, बोर्ड को इसका भी ध्यान रखना होगा, क्योंकि हम खेलों को हतोत्साहित नहीं करना चाहते।'
अमिनुल ने कहा कि BCB को सुरक्षा से जुड़े सभी पहलुओं पर सरकार से परामर्श करना चाहिए और अगर बोर्ड आश्वस्त करता है कि सब कुछ ठीक है, तभी हम आगे बढ़ेंगे। उन्होंने सुझाव दिया कि BCB को टूर्नामेंट की स्थिति का भी बारीकी से जायजा लेना चाहिए और सरकार को अपडेट करना चाहिए।