IPL में कई मैच आखिरी ओवर तक जाते हैं लेकिन कुछ मुकाबले ऐसे होते हैं जो हर बार नई कहानी बना देते हैं। डेविड मिलर और प्रसिद्ध कृष्णा की भिड़ंत भी अब कुछ ऐसी ही बन गई है। जब-जब ये दोनों डेथ ओवर में आमने-सामने आते हैं, मैच आखिरी गेंद तक खिंच जाता है और रोमांच अपने चरम पर पहुंच जाता है।
पिछले कुछ सीजन के आंकड़े बताते हैं कि इस मुकाबले में कभी बल्लेबाज हावी रहा तो कभी गेंदबाज ने बाजी मारी। 2022 से 2026 तक के तीन बड़े मौकों पर डेविड मिलर और प्रसिद्ध कृष्णा की सीधी टक्कर ने मैच का रुख बदला है। इन तीनों घटनाओं को देखें तो साफ होता है कि यह सिर्फ खिलाड़ी बनाम खिलाड़ी नहीं, बल्कि दबाव बनाम संयम की भी लड़ाई है।
यह भी पढ़ें: KKR vs LSG: सच में आउट थे फिन एलन? कैच विवाद पर उठे सवाल, वीडियो हो रहा वायरल
दोनों का आमना-सामना कब-कब हुआ?
IPL 2022 के क्वालिफायर 1 में गुजरात टाइटंस को आखिरी ओवर में 16 रन चाहिए थे और बॉलर प्रसिद्ध कृष्णा थे। इस मैच में डेविड मिलर गुजरात टाइटंस की जर्सी में खेल रहे थे। इतने प्रेशर में, मिलर ने लगातार तीन छक्के मारकर सिर्फ तीन गेंदों में मैच खत्म कर दिया। यह उन बहुत कम मौकों में से एक था जब किसी बैट्समैन ने बॉलर पर पूरी तरह से प्रेशर बनाया और मैच अपने नाम कर लिया। मिलर इस मैच में पूरी तरह से छाए रहे और इस मैच को गुजरात जीतने में सफल रहा।
IPL 2025 के एक लीग मैच में, दिल्ली कैपिटल्स मुश्किल में थी। 3 बॉल पर 8 रन चाहिए थे, मिलर ने पहली बॉल पर छक्का मारकर उम्मीद जगाई लेकिन प्रसिद्ध ने अगली दो बॉल पर वापसी की, एक डॉट और फिर एक विकेट। नतीजतन, गुजरात टाइटंस 1 रन से जीत गई। इस बार, बॉलर्स ने प्रेशर झेला और मैच अपने पक्ष में कर लिया। प्रसिद्ध इस मैच में गुजरात की जर्सी में गेंदबाजी कर रहे थे।
यह भी पढ़ें: पिछले सीजन से अब तक सिर्फ 4 मैच जीती CSK, क्या चेन्नई को है नए हेड कोच की जरूरत?
IPL 2026 के लीग मैच में आखिरी ओवर में भी ऐसी ही लड़ाई देखने को मिली। गुजरात टाइटंस के खिलाफ दिल्ली को आखिरी ओवर में 13 रन चाहिए थे। मिलर ने लंबा छक्का लगाकर मैच आसान कर दिया लेकिन आखिरी दो गेंदों पर मैच का पासा पलट गया। एक आसान रन चूकना और फिर आखिरी गेंद पर रन आउट होना, बस यहीं मैच खत्म हो गया और गुजरात एक रन से मैच जीत गया।। प्रसिद्ध ने एक बार फिर संयम दिखाया और अपनी टीम को जीत दिलाई।
कौन पड़ा भारी?
अगर इन तीन मुकाबलों को देखें तो डेविड मिलर ने 2022 में ऐतिहासिक फिनिश देकर बढ़त बनाई थी लेकिन 2025 और 2026 में प्रसिद्ध कृष्णा ने वापसी करते हुए मैच अपने नाम किए। यानी हेड-टू-हेड में गेंदबाज 2-1 से आगे है। यह आंकड़े बताते हैं कि डेथ ओवर में सिर्फ ताकत नहीं, बल्कि फैसले और संयम ज्यादा अहम होते हैं। मिलर जहां आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं, वहीं प्रसिद्ध ने दबाव में योजनाबद्ध गेंदबाजी से खुद को साबित किया है। यही कारण है कि यह राइवलरी हर बार नए रोमांच के साथ सामने आती है और आगे भी IPL में ऐसे कई और मुकाबलों की उम्मीद बनी रहेगी।