पंजाब किंग्स (PBKS) को आखिरकार जीत मिल गई है। PBKS ने लगातार 6 मैचों से चले आ रहे हार के सिलसिले को तोड़ दिया है। श्रेयस अय्यर (नाबाद 101) की पहली IPL सेंचुरी के दम पर PBKS ने शनिवार (23 मई) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ बड़ी जीत दर्ज कर प्लेऑफ की अपनी उम्मीदों को जीवित रखा है। अब उसकी किस्मत मुंबई इंडियंस (MI) के हाथों में है। राजस्थान रॉयल्स (RR) के खिलाफ MI की जीत की दुआ कोलकाता नाइट राइडर्स (KKR) भी करेगी। ऐसा क्यों? आइए आपको पूरा सिनेरियो समझाते हैं।
RR vs MI मैच पर PBKS-KKR की निगाहें
'करो या मरो' वाले मुकाबले में LSG के खिलाफ मिली जीत के बाद PBKS के पास 14 मैचों में 15 पॉइंट्स हो गए हैं। वह पॉइंट्स टेबल में फिलहाल चौथे पायदान पर है। राजस्थान रॉयल्स (RR) 13 मैचों में 14 पॉइंट्स के साथ पांचवें नंबर पर है। वहीं KKR के पास 13 मैचों 13 पॉइंट्स हैं और वह टेबल में छठे स्थान पर है। अगर आज (रविवार) दोपहर के मुकाबले में RR ने MI को हरा दिया तो PBKS और KKR की उम्मीदें ध्वस्त हो जाएंगी। RR 16 पॉइंट्स के साथ प्लेऑफ के आखिरी स्पॉट पर कब्जा जमा लेगी। वहीं MI जीतती है तो PBKS और KKR की किस्मत चमक सकती है।
यह भी पढ़ें: दूसरों को ट्रोल करा लो इनसे... खुद बुरी तरह पिट रहे, अर्शदीप का शर्मनाक रिकॉर्ड
MI के जीतने पर RR 14 पॉइंट्स पर ही रह जाएगी और उसका बोरिया बिस्तर बंध जाएगा। ऐसा होता है तो प्लेऑफ में पहुंचने वाले चौथी टीम PBKS और KKR में से कोई एक होगी। दोनों में जिसका नेट रन रेट बेहतर होगा, वह प्लेऑफ के लिए क्वालिफाई कर जाएगी। फिलहाल PBKS (0.309) का नेट रन रेट KKR (0.011) से काफी बेहतर है।
MI जीती तो KKR को क्या करना होगा?
IPL 2026 का आखिरी लीग स्टेज मुकाबला रविवार शाम 7:30 बजे से KKR और दिल्ली कैपिटल्स (DC) के बीच कोलकाता के ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेला जाएगा। मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में RR के खिलाफ MI जीत हासिल कर लेती है तो KKR को नेट रन रेट के मामले में PBKS से आगे निकलने के लिए DC को विशाल अंतर से हराना होगा।
यह भी पढ़ें: सूर्या पर गिरने वाली है गाज, अजीत अगरकर नहीं गंभीर सुनाएंगे आखिरी फैसला
मान लीजिए कि ईडन गार्डंस में पहले बैटिंग करते हुए KKR 200 रन बनाती है तो, उसे कम से कम 77 रन से जीत दर्ज करनी होगी, तभी उसके लिए बात बन पाएगी। वहीं अगर DC 200 रन बना देती है तो KKR को प्लेऑफ में पहुंचने के लिए यह टारगेट 12.1 ओवर से 12.4 ओवर के बीच हासिल करना होगा।