भारतीय ग्रैंडमास्टर आर प्रज्ञानानंदा ने फॉर्म में चल रहे वर्ल्ड चैंपियनशिप चैलेंजर जावोखिर सिंदारोव को सुपर चेस क्लासिक्स के दूसरे राउंड में हरा दिया है। मुकाबला शुरुआती और मिडिल स्टेज में ड्रॉ की ओर जाता दिख रहा था लेकिन काले मोहरों से खेल रहे प्रज्ञानानंदा ने शानदार रणनीतिक कौशल का प्रदर्शन करते हुए जीत हासिल कर ली।
लगातार चालों के दोहराव के बीच संतुलन की स्थिति बनती दिख रही थी लेकिन भारतीय खिलाड़ी ने जोखिम उठाते हुए मौके को भुना लिया। इस जीत के साथ ही प्रज्ञानानंदा ने 2026 कैंडिडेट्स टूर्नामेंट में सिंदारोव के हाथों मिली हार का बदला भी चुकता कर लिया है। प्रज्ञानानंदा ने पहले राउंड में फ्रांस के अलीरेजा फिरोजा के खिलाफ ड्रॉ खेला था।
यह भी पढ़ें: ज्वाला गुट्टा ने एक साल में दान किया 60 लीटर ब्रेस्ट मिल्क, जानिए कारण
प्रज्ञानांदा संयुक्त रूप से शीर्ष पर पहुंचे
अन्य मुकाबलों में अमेरिका के फैबियानो कैरुआना और नीदरलैंड्स के अनीश गिरी के बीच मुकाबला ड्रॉ रहा। वेस्ली सो और जॉर्डन वैन फॉरेस्ट का मुकाबला भी ड्रॉ पर समाप्त हुआ। फ्रांस के मैक्सिम वाचिए-लाग्रेव ने अपने हमवतन अलीरेजा फिरोजा को हराकर दिन की दूसरी जीत दर्ज की। जर्मनी के विंसेंट कीमर ने भी रोमानिया के बोगदान-डैनियल डेअक को पराजित किया।
यह भी पढ़ें: पीवी सिंधु थाईलैंड ओपन से बाहर, क्वार्टर-फाइनल में यामागुची ने दी शिकस्त
दूसरे राउंड के बाद प्रज्ञानानंदा, कीमर और वाचिए-लाग्रेव 1.5 पॉइंट्स के साथ संयुक्त रूप से शीर्ष पर हैं। कारुआना, वेसली सो, वैन फॉरेस्ट और गिरी के नाम एक-एक पॉइंट है, जबकि फिरोजा, डेअक और सिंदारोव आधे पॉइंट के साथ निचले पायदान पर हैं। यह टूर्नामेंट 9 राउंड का है, जिसमें 10 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं और कुल पुरस्कार राशि 3.5 लाख डॉलर है। इसमें से विजेता को एक लाख डॉलर दिए जाएंगे।