रणजी ट्रॉफी 2026-27 सीजन में बंगाल ने जीत के साथ अपने अभियान की शुरुआत की है। कल्याणी में खेले गए ग्रुप-सी के मुकाबले में बंगाल ने दिल्ली को 9 विकेट से रौंदकर 6 पॉइंट अपने नाम कर लिए। दिल्ली की टीम अपने कल के स्कोर 3 विकेट के नुकसान पर 101 रन से आगे खेलते हुए 106.2 ओवर में 277 रन पर आउट हो गई, जिससे बंगाल को 89 रन टारगेट मिला। बंगाल ने इस 1 विकेट खोकर बेहद आसानी से हासिल कर लिया।
दिल्ली के कप्तान आयुष बदोनी ने 134 गेंद में 85 रन बनाए, जिसमें दस चौके शामिल रहे। विकेटकीपर बल्लेबाज अनुज रावत ने 76 गेंद में 39 रन का योगदान दिया। इन दोनों ने चौथे विकेट के लिए 95 रन की साझेदारी कर बंगाल को परेशान किया लेकिन उनके अलावा कोई बल्लेबाज नहीं चल सका और दिल्ली को करारी हार झेलनी पड़ी।
यह भी पढ़ें: ICC टी20 रैंकिंग में 'सरपंच साहब' का जलवा, करियर में पहली बार टॉप-5 में पहुंचे
बंगाल की जीत के ये रहे हीरो
दिल्ली ने पहली पारी में 240 रन बनाए थे। इसके जवाब में बंगाल ने पहली पारी में 429 रन बनाए और 189 रन की बढ़त हासिल कर ली, जिससे उसे चौथी पारी में छोटा टारगेट मिला। बंगाल ने टारगेट हासिल करने के लिए सिर्फ 15.3 ओवर लिए। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन ने 40 गेंद में नाबाद 34 रन बनाए। अंकुर पॉल 41 गेंद में 38 रन बनाकर आउट हुए।
सुदीप कुमार घरामी ने 12 गेंद में नाबाद 16 रन बनाए। उन्होंने पहली पारी में 133 रन जड़े थे। विकेटकीपर बल्लेबाज अभिषेक पोरेल ने भी 149 रन का योगदान दिया था। सीनियर तेज गेंदबाज मोहम्मद शमी ने मुकाबले में 5 विकेट झटके। उन्होंने पहली पारी में 4, जबकि दूसरी पारी में 1 विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: टूर्नामेंट खेलने जा रहे थे भारतीय पहलवान, US ने कहा - बेरोजगार हो, वीजा कैंसल
गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से पीटा
बाएं हाथ के स्पिनर सिद्धार्थ देसाई की शानदार गेंदबाजी के दम पर गुजरात ने ओडिशा को 10 विकेट से करारी शिकस्त देकर बोनस अंक सहित 7 अंक हासिल किए। ओडिशा ने सुबह चार विकेट पर 119 रन से अपनी पारी आगे बढ़ाई लेकिन उसकी पूरी टीम 161 रन पर आउट हो गई। गुजरात को इस तरह से 47 रन का लक्ष्य मिला, जिसे उसने 9.3 ओवर में बिना किसी नुकसान के हासिल कर लिया। इससे पहले देसाई ने 36 रन देकर पांच विकेट लिए और ओडिशा को सस्ते में समेटने में अहम भूमिका निभाई।
ओडिशा की तरफ से संदीप पटनायक ने 65 और निनाद राठवा ने 53 रन बनाए। बाएं हाथ के तेज गेंदबाज अर्जन नागवासवाला ने भी गुजरात की जीत में योगदान दिया। उन्होंने मैच में छह विकेट लिए, जिसमें दूसरी पारी में लिए गए 33 रन देकर तीन विकेट भी शामिल हैं।