रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) ने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 का खिताब जीत लिया है। RCB ने रविवार (31) को अहमदाबाद में खेले गए फाइनल मुकाबले में गुजरात टाइटंस (GT) को 5 विकेट से शिकस्त देकर लगातार दूसरी बार IPL चैंपियन बनने का गौरव हासिल किया। RCB के खिलाड़ी और उसके फैंस इस जीत के जश्न में डूबे हुए हैं। इस बीच IPL ने RCB के फिनिशर टिम डेविड पर बड़ा ऐक्शन लिया है। टिम डेविड को एक IPL मैच के लिए बैन कर दिया गया है।
टिम डेविड पर क्यों हुआ ऐक्शन?
IPL ने अपने बयान में कहा कि टिम डेविड ने अंपायर नितिन मेनन की ओर आइस बैग फेंका था। उन पर मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया है। साथ ही उन्हें दो डिमेरिट पॉइंट भी थमाया गया। टिम डेविड पर यह जुर्माना खिलाड़ियों और टीम अधिकारियों के लिए निर्धारित IPL के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 के उल्लंघन के लिए लगाया गया है। बयान के अनुसार, यह घटना GT की बल्लेबाजी के दौरान 10वें ओवर में विकेट गिरने के बाद हुई।
टिम डेविड को IPL के कोड ऑफ कंडक्ट के आर्टिकल 2.9 का उल्लंघन करने का दोषी माना गया है। यह आर्टिकल मैच के दौरान किसी खिलाड़ी, टीम अधिकारी, अंपायर, मैच रेफरी या किसी अन्य तीसरे व्यक्ति पर अनुचित या खतरनाक तरीके से गेंद (या क्रिकेट उपकरण की कोई अन्य वस्तु जैसे पानी की बोतल) फेंकने से संबंधित है। टिम डेविड ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया है।
यह भी पढ़ें: RCB की जीत का गुमनाम हीरो, जिसने पर्दे के पीछे से फ्लॉप टीम को बनाया चैंपियन
टिम डेविड अगले साल नहीं खेलेंगे पहला मैच
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी टिम डेविड की ने इस सीजन तीसरी बार IPL के कोड ऑफ कंडक्ट के लेवल 1 का उल्लंघन किया। उन्होंने 12 अप्रैल को मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ मैच के दौरान जबरन गेंद चेक किया था, जिसके चलते उन पर मैच फीस का 25 प्रतिशत जुर्माना लगाया गया और 1 डिमेरिट पॉइंट दिया गया। इसके बाद जब 10 मई को एक बार फिर RCB और MI की टीमें आमने-सामने हुईं, तब टिम डेविड ने डगआउट से मिडिल फिंगर दिखाया था।
इस हरकत के लिए उन पर मैच फीस का प्रतिशत जुर्माना और 2 डिमेरिट पॉइंट थमाया गया। अब फाइनल में अंपायर पर आइस बैग फेंकने से उनके उनके कुल 5 डिमेरिट पॉइंट हो गए, जिससे उन पर 1 IPL मैच का बैन लग गया है। वह IPL 2027 में RCB या जिस भी फ्रेंचाइजी के लिए खेलेंगे, उसका पहला मैच नहीं खेल पाएंगे।
यह भी पढ़ें: अब खराब रोशनी के कारण नहीं रुकेगा टेस्ट मैच, ICC ने पिंक बॉल ट्रॉयल को दी मंजूरी
बवाल के दौरान टिम डेविड ने की यह करतूत?
खिताबी मुकाबले में टॉस गंवाकर पहले बैटिंग करने उतरी GT ने 8 ओवर के अंदर 3 विकेट गंवा दिए थे। कप्तान शुभमन गिल, साई सुदर्शन और निशांत सिंधु पवेलियन लौट गए थे। इसके बाद जोस बटलर और वॉशिंगटन सुंदर पारी को संभालने में लगे थे। 10वें ओवर में सुंदर ने जैकब डफी की पटकी हुई गेंद को पुल किया लेकिन गेंद और बल्ले का संपर्क अच्छा नहीं हुआ। गेंद डीप फाइन लेग की ओर खड़ी हो गई।
डीप फाइन लेग पर खड़े सब्स्टिट्यूट फील्डर जॉर्डन कॉक्स ने आगे की ओर भागते हुए दोनों हाथों से कैच पूरा किया। हालांकि थर्ड अंपायर को रिप्ले में दिखा कि कॉक्स की उंगलियों में फंसी गेंद का कुछ हिस्सा जमीन को छू रहा था। उन्होंने सुंदर को नॉटआउट दे दिया। इसके बाद RCB के कप्तान रजत पाटीदार फील्ड अंपायर नितिन मेनन से बहस करते दिखे। शायद टिम डेविड ने इसी बवाल के दौरान यह करतूत की।