इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 में खराब शुरुआत के बाद साई सुदर्शन ने शतक ठोक दिया है। सुदर्शन ने शुक्रवार (24 अप्रैल) को रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के खिलाफ 58 गेंद में 100 रन की बेहतरीन पारी खेली। सुदर्शन ने इस पारी के दौरान क्रिस गेल के महारिकॉर्ड को ध्वस्त कर दिया है। सुदर्शन अब IPL इतिहास में सबसे तेज 2000 रन बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। गेल 48 पारियों में इस मुकाम तक पहुंचे थे। सुदर्शन ने 47वीं पारी में ही इस उपलब्धि को अपने नाम कर लिया है।
सुदर्शन को गेल का रिकॉर्ड तोड़ने के लिए 72 रन की जरूरत थी। उन्होंने क्रुणाल पंड्या के खिलाफ 9वें ओवर की आखिरी गेंद पर छक्का लगाकर उनके महारिकॉर्ड को ध्वस्त किया। सुदर्शन ने इसके बाद सहजता से अपनी पारी आगे बढ़ाई और 57 गेंद में अपना तीसरा IPL शतक पूरा किया। हालांकि इसके बाद वह ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक सके और हेजलवुड का शिकार बन गए।
यह भी पढ़ें: सॉल्ट चोटिल, RCB ने बेथेल को दिया मौका, गुजरात टाइटंस ने भी किए दो बदलाव
GT ने RCB को दिया 206 रन का टारगेट
सुदर्शन का विकेट 16वें ओवर की तीसरी गेंद पर गिरा। इस समय गुजरात टाइटंस (GT) का स्कोर 2 विकेट के नुकसान पर 160 रन था। वह 220 के पार जाती दिख रही थी लेकिन 17वें, 18वें और 19वें ओवर में GT के बल्लेबाज कोई बाउंड्री नहीं लगा पाए। एक समय लगा कि यह टीम 200 तक भी नहीं पहुंच पाएगी। हालांकि जेसन होल्डर ने क्रुणाल पंड्या के खिलाफ आखिरी ओवर में दो छक्के और एक चौका लगाकर उसे 205 रन तक पहुंचा दिया। होल्डर 10 गेंद में 23 रन बनाकर नाबाद लौटे। वॉशिंगटन सुंदर ने 12 गेंद में नाबाद 19 रन बनाए।
यह भी पढ़ें: अब फंस रही है RCB, जैकब बेथेल के लिए शेफर्ड को बाहर करेंगे फ्लावर?
इससे पहले कप्तान शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने 128 रन की ओपनिंग साझेदारी की। गिल 24 गेंद में 32 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जोस बटलर ने 16 गेंद में 25 रन का योगदान दिया। बटलर और सुदर्शन के क्रीज पर रहते GT बेहद मजबूत स्थिति में थी लेकिन यह जोड़ी टूटते ही वह कम से कम 20 रन पीछे रह गई। अब देखना होगा कि उसके गेंदबाज 205 रन को डिफेंड कर पाते हैं या नहीं।