रोहित शर्मा
के वनडे इंटरनेशनल भविष्य को लेकर पिछले कुछ दिनों से अटकलें तेज हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच गुरुवार (16 जुलाई) को खेले गए दूसरे वनडे मुकाबले के दौरान खबर आई कि रोहित जल्द ही संन्यास ले सकते हैं। लॉर्ड्स में रविवार को होने वाला सीरीज का तीसरा वनडे उनके करियर का आखिरी मुकाबला हो सकता है। मीडिया रिपोर्ट्स में दावा किया गया कि सेलेक्टर्स ने रोहित को बता दिया है कि वह 2027 वनडे वर्ल्ड कप के प्लान्स का हिस्सा नहीं हैं। उनकी जगह
यशस्वी जायसवाल
को मौका दिया जाने वाला है।
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने बयान जारी कर इन रिपोर्ट्स को खारिज किया। बोर्ड के सचिव देवजीत सैकिया ने साफ-साफ कहा कि रोहित कहीं नहीं जा रहे हैं। इस तरह की कोई चर्चा नहीं हुई है कि वह लॉर्ड्स में अपना आखिरी मैच खेलेंगे। BCCI रोहित के संन्यास की खबरें मीडिया में आने से नाराज भी बताया जा रहा है।
यह भी पढ़ें: वनडे क्रिकेट में अब जो रूट और KL राहुल जैसे बल्लेबाजों की जरूरत क्यों है?
'गोपनीय बातचीत, गोपनीय ही रहे'
रिपोर्ट्स के मुताबिक, BCCI चीफ सेलेक्टर अजीत अगरकर और हेड कोच गौतम गंभीर के रुख से भी खुश नहीं है। बोर्ड का कहना है कि खिलाड़ियों के भविष्य से जुड़ी गोपनीय चर्चाएं पब्लिक डोमेन में नहीं आनी चाहिए। बोर्ड इस बात से नाराज है कि सेलेक्टर्स और रोहित के बीच हुई निजी बातचीत मीडिया तक पहुंच गई।
BCCI ने टीम मैनेजमेंट को सख्त संदेश दिया है कि इस तरह के संवेदनशील मामलों पर किसी भी तरह की जानकारी सार्वजनिक नहीं की जाए। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि रोहित के भविष्य को लेकर सेलेक्टर्स के साथ बातचीत काफी समय से चल रही है और इस पूरे घटनाक्रम की जानकारी गंभीर को भी थी।
यह भी पढ़ें: ICC ने पाकिस्तानी ऑलराउंडर पर लगाया 3 महीने का बैन, डोपिंग से जुड़ा है मामला
रोहित टीम मैनेजमेंट के बर्ताव से खुश नहीं
पूर्व कप्तान रोहित ने अपनी फिटनेस पर काफी काम किया है और वह हर हाल में 2027 वनडे वर्ल्ड कप खेलना चाहते हैं। रोहित का अभी संन्यास का इरादा नहीं है। एक रिपोर्ट में यह भी दावा किया गया है कि वह टीम मैनेजमेंट के रवैये से निराश हैं और अपने भविष्य पर जल्द ही बड़ा फैसला ले सकते हैं।
खबरें हैं कि रोहित इस बात से काफी नाखुश थे कि एक अहम मैच से पहले उन्हें ड्रॉप करने के बारे में बताया गया और वह नाराजगी जाहिर कर चुके थे कि एक सीनियर क्रिकेटर के साथ कैसा बर्ताव हो रहा है। न्यूज एजेंसी PTI की रिपोर्ट के मुताबिक, BCCI के आला अधिकारी इस मसले पर अगरकर और गंभीर के रुख से खुश नहीं हैं।