सूर्यकुमार यादव इंटरनेशनल क्रिकेट में पिछले एक साल से संघर्ष कर रहे हैं। इंग्लैंड के खिलाफ इस साल की शुरुआत में वह 5 मैचों की टी20 सीरीज में 28 रन ही बना पाए थे। सूर्या इस सीरीज में दो बार डक पर आउट हुए। इसके बाद उन्होंने इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2025 में अपना पुराना रूप दिखाया और 16 मैचों 717 रन जड़ दिए। उन्होंने पांच अर्धशतकीय पारियां खेली।
IPL 2025 में सूर्या ने 65.18 के बेजोड़ औसत और 167.91 के बेहतरीन स्ट्राइक रेट से रन बटोरे। ऐसा लगा कि वह अपनी फॉर्म को इंटरनेशनल क्रिकेट में जारी रखेंगे लेकिन भारत के अगले टी20 असाइनमेंट - एशिया कप 2025 - में उनका बल्ला शांत रहा। सूर्या 6 पारियों में सिर्फ 72 रन बना पाए। उनका बेस्ट स्कोर नाबाद 47 रहा, जो पाकिस्तान के खिलाफ ग्रुप मैच के दौरान छोटे रन चेज में आया।
एशिया कप के बाद वह ऑस्ट्रेलिया दौरे पर भी कुछ खास नहीं कर पाए। इस साल 15 टी20I पारियों में सूर्या 15.33 की औसत और 127.77 के स्ट्राइक रेट से महज 184 रन ही बना पाए हैं। इस दौरान उनके बल्ले से एक अदद अर्धशतक नहीं निकला है।
यह भी पढ़ें: वैभव सूर्यवंशी नहीं खेले, फिर भी बिहार ने यूपी को कैसे हरा दिया?
2025 में सूर्या के टी20I आंकड़े
| पारियां |
15 |
| रन |
184 |
| औसत |
15.33 |
| स्ट्राइक रेट |
127.77 |
| अर्धशतक |
0 |
| शतक |
0 |
| बेस्ट स्कोर |
नाबाद 47 |
| |
|
कप्तान बनने के बाद से सूर्या का बुरा हाल
टी20 वर्ल्ड कप 2024 में टीम इंडिया को चैंपियन बनाने के बाद रोहित शर्मा ने टी20I से संन्यास का ऐलान कर दिया था। इसके ठीक बाद जब भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे का दौरा किया तो टी20 टीम की कप्तानी शुभमन गिल के हाथों में थी। हार्दिक पंड्या और सूर्या जैसे सीनियर खिलाड़ियों को आरामा दिया गया था। ऐसे में शुभमन को कार्यवाहक कप्तान बनाया गया। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने जुलाई 2024 के अंत में होने वाली श्रीलंका दौरे से पहले सूर्या को टी20 टीम की बागडोर सौंपी।
सूर्या ने बतौर फुल टाइम टी20 कप्तान अपने पहले ही मैच में 26 गेंद में 58 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली। इसके बाद उन्होंने हैदराबाद में बांग्लादेश के खिलाफ 35 गेंद में 75 रन ठोक दिए। ऐसा लगा कि उन पर टीम की कमान का बोझ का कोई असर नहीं पड़ रहा है लेकिन इसके बाद से वह टी20I में कोई फिफ्टी नहीं लगा पाए हैं। फुल टाइम कप्तान बनने के बाद उनका औसत सिर्फ 19.71 का है। ऐसा नहीं है कि वह 200 के स्ट्राइक रेट से खेल रहे हैं, जिस कारण उनके औसत में गिरावट आई है। वह 147.85 के स्ट्राइक रेट से रन बना रहे हैं।
यह भी पढ़ें: टी20 वर्ल्ड कप भूल जाएं रिंकू सिंह... कप्तान सूर्या ने दे दिया क्लीयर कट जवाब
फुल टाइम टी20 कप्तान के तौर पर सूर्या के आंकड़े
| पारियां |
24 |
| रन |
414 |
| औसत |
19.71 |
| स्ट्राइक रेट |
147.85 |
| अर्धशतक |
2 |
| शतक |
0 |
| बेस्ट स्कोर |
75 |
नोट: सूर्या के कार्यवाहक कप्तान के तौर पर के आंकड़े इसमें शामिल नहीं हैं
कप्तानी का पड़ रहा असर?
सूर्यकुमार यादव कह चुके हैं कि वह ऑउट ऑफ फॉर्म नहीं बल्कि आउट ऑफ रन हैं। यानी फॉर्म की दिक्कत नहीं है, सिर्फ रन की कमी है। हालांकि आंकड़े कुछ और कहानी बयां कर रहे हैं। टी20I में बतौर खिलाड़ी उनका औसत 40 के ऊपर और स्ट्राइक रेट 168.17 का है। उनके पहले के आंकड़े और कप्तान बनने के बाद के आंकड़े को देखा जाए तो जमीन-आसमान का अंतर है।
बतौर खिलाड़ी सूर्या के टी20I आंकड़े
| पारियां |
58 |
| रन |
2040 |
| औसत |
43.40 |
| स्ट्राइक रेट |
168.17 |
| शतक |
3 |
| अर्धशतक |
17 |
| बेस्ट स्कोर |
117 |
यानी कहीं न कहीं कप्तानी का असर उनकी बल्लेबाजी पर पड़ा है। भारतीय टीम मैनेजमेंट चाहेगी कि 2026 टी20 वर्ल्ड कप से पहले सूर्या अपने पुराने रंग में लौट आएं और इसकी शुरुआत साउथ अफ्रीका के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से हो। अगर ऐसा नहीं होता है तो टीम इंडिया को टाइटल डिफेंड करने में मुश्किलें आ सकती हैं।