सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में बिहार को लगातार दूसरी हार का सामना करना पड़ा है। रविवार (22 नवंबर) को इंदौर में खेले गए ग्रुप-डी के मुकाबले में तमिलनाडु के खिलाफ 239 रन के विशाल टारगेट का पीछा करते हुए बिहार महज 139 पर ही सिमट गया। उसे 99 रन से करारी हार झेलनी पड़ी। टूर्नामेंट में बिहार की यह तीसरी हार रही, वहीं तमिलनाडु ने लगातार तीन हार का सिलसिला तोड़ा। तमिलनाडु की जीत के हीरो बालासुब्रमण्यम सचिन रहे, जिन्होंने 41 गेंद में 7 चौके और 5 छक्के उड़ाते हुए 83 रन ठोके।
कर्नाटक पर मंडराया बाहर होने का खतरा
चंडीगढ़ के हाथों 7 विकेट से करारी हार के बाद कर्नाटक की टीम टूर्नामेंट से बाहर होने की कगार पर पहुंच गई है। चंडीगढ़ ने कर्नाटक की पूरी टीम को महज 95 रन पर समेट दिया और फिर 13.5 ओवर में 3 विकेट खोकर आसानी से लक्ष्य हासिल कर लिया। कर्नाटक इस हार के बाद 5 मैच में 8 अंक के साथ तालिका में पांचवें स्थान पर खिसक गया, जबकि चंडीगढ़ एक स्थान ऊपर चढ़कर छठे स्थान पर पहुंच गया।
उधर उत्तर प्रदेश ने डिफेंडिंग चैंपियन झारखंड को 12 रन से शिकस्त दी। इस जीत से उत्तर प्रदेश की टीम 5 मैच में 12 अंक के साथ चौथे स्थान पर पहुंच गई। वहीं झारखंड 5 मैच में 8 अंक से एक पायदान खिसककर पांचवें स्थान पर पहुंच गया।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान-ए ने इंडिया-ए को 48 रन से रौंदा, कप्तान तिलक वर्मा बने हार के गुनहगार
महाराष्ट्र के खिलाफ मध्य प्रदेश की रोमांचक जीत
मध्य प्रदेश ने ग्रुप-सी के रोमांचक मैच में महाराष्ट्र को 5 रन से हरा दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए मध्य प्रदेश ने 208 रन बनाए थे। अक्षत रघुवंशी ने 21 गेंद पर 50 रन की आक्रामक पारी खेली। हर्ष गवली ने 43 गेंद में 55 रन का योगदान दिया, जबकि रजत पाटीदार ने 18 गेंद में 31 रन बनाए। महाराष्ट्र की तरफ से विवेक शेलार ने 3 और मुकेश ने 2 विकेट लिए।
महाराष्ट्र लक्ष्य का पीछा करते हुए पूरे 20 ओवर खेलकर 203 रन तक ही पहुंच सका। अर्शिन कुलकर्णी ने 26 गेंद पर नाबाद 54 रन बनाए। पृथ्वी शॉ (34 गेंद में 51 रन) और साहिल पारख (20 गेंद पर 50 रन) ने तेजतर्रार पारियां खेलीं लेकिन वह अपनी टीम को लक्ष्य तक नहीं पहुंचा पाए। मध्य प्रदेश के कुमार कार्तिकेय ने 33 रन देकर ऋषिकेश सोनावाने (12) और महाराष्ट्र के कप्तान ऋतुराज गायकवाड़ (14) के महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए, जबकि शिवांग कुमार ने पृथ्वी को आउट किया।
ग्रुप-सी के अन्य मैचों में हिमाचल प्रदेश ने त्रिपुरा को 32 रन से, जबकि न्यू चंडीगढ़ में केरल ने पुडुचेरी को 18 रन से हराया। आंध्र ने शानदार प्रदर्शन करते हुए असम को 50 गेंद शेष रहते 8 विकेट से हराया। असम को 7 विकेट पर 134 रन पर रोकने के बाद आंध्र ने दो विकेट गंवाकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें: वैभव का विकेट लेकर इतरा रहा था पाक बॉलर, अभिषेक शर्मा ने एक ओवर में औकात दिखा दी
बड़ौदा ने बंगाल को दी शिकस्त
जितेश शर्मा और कृणाल पंड्या के शानदार प्रदर्शन की बदौलत बड़ौदा ग्रुप-ए के मैच में बंगाल को चार विकेट से शिकस्त दी। इस जीत के साथ बड़ौदा (नेट रन रेट 2.3) 5 मैच में 16 अंक लेकर ग्रुप-ए में टॉप पर पहुंच गया। राजस्थान के भी 5 मैच में 16 अंक हैं लेकिन नेट रन रेट 1.8 होने के कारण वह दूसरे स्थान पर है।
बंगाल की टीम 5 मैच में 12 अंक लेकर तीसरे स्थान पर बनी हुई है। कप्तान अभिमन्यु ईश्वरन की 46 गेंद में 78 रन की पारी की मदद से बंगाल ने पहले बल्लेबाजी करते हुए छह विकेट पर 172 रन का स्कोर खड़ा किया। ईश्वरन ने अपनी पारी के दौरान दो अहम साझेदारियां कीं। उन्होंने अभिषेक पोरेल (29) के साथ दूसरे विकेट के लिए 55 रन और शाकिर गांधी (26) के साथ चौथे विकेट के लिए 60 रन जोड़े। हालांकि स्पिन गेंदबाजी ऑलराउंडर कृणाल ने पोरेल और सुदीप कुमार घरामी को आउट करके बंगाल की रन गति पर अंकुश लगाया।
लक्ष्य का पीछा करते हुए बड़ौदा की ओर से जितेश (29 गेंद में 54 रन), शाश्वत रावत (35 गेंद में 51 रन) और आक्रामक बल्लेबाज शिवालिक शर्मा (16 गेंद में 31 रन) ने अहम योगदान दिया। मध्यम गति के तेज गेंदबाज सयान घोष ने तीन विकेट लिए लेकिन बंगाल के गेंदबाजों के पास टीम को जीत दिलाने के लिए स्कोरबोर्ड पर काफी रन नहीं थे।