भारत की मेजबानी में हुए 2016 टी20 वर्ल्ड कप से पहले वेस्टइंडीज के खिलाड़ियों और बोर्ड के बीच वेतन को लेकर विवाद चल रहा था। इस कारण कैरेबियाई टीम के इस टूर्नामेंट में खेलने पर सस्पेंस था। किसी तरह वह बिना किट के भारत आई। वेस्टइंडीज के प्लेयर्स के पास न जर्सी थी न जूते। टीम ने इन चुनौतियों को लड़ते हुए फाइनल में जगह बनाई और इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर दूसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी पर कब्जा जमा लिया। वह एक से ज्यादा बार यह ट्रॉफी जीतने वाली दुनिया की पहली टीम बनी।
वेस्टइंडीज की खिताबी जीत के बाद कप्तान डैरेन सैमी ने खुलासा किया था कि फाइनल में पहुंचने के बावजूद बोर्ड से कॉल या मैसेज तक नहीं आया था। सैमी ने वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड के इस रवैये को अपमानजनक बताया था। उन्होंने कहा था कि हम कप जीतकर उन्हें मैसेज देना चाहते थे।
यह भी पढ़ें: भारत ने U19 वर्ल्ड कप के सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को रौंदा, अब इंग्लैंड से होगी खिताबी जंग
कार्लोस ब्रेथवेट के वे 4 छक्के...
कोलकाता के ऐतिहासिक ईडन गार्डंस स्टेडियम में खेले गए फाइनल मुकाबले में वेस्टइंडीज ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया और इंग्लैंड को 155/9 के स्कोर पर ही रोक दिया। देखने में यह टारगेट छोटा था लेकिन खिताबी मुकाबले के दबाव में कैरेबियाई टीम ने 11 रन पर ही 3 विकेट गंवा दिए। जॉनसन चार्ल्स (1), क्रिस गेल (4) और लेंडल सिमंस (0) पवेलियन लौट चुके थे। यहां से मार्लोन सैमुअल्स ने मोर्चा संभाला और रन गति को चलायमान रखा। एक छोर से इंग्लैंड की टीम लगातार अंतराल पर विकेट चटकाए जा रही थी।
सैमुअल्स अकेले पड़ गए थे और वह 19 ओवर तक वेस्टइंडीज को 137 रन तक ही पहुंचा पाए थे। आखिरी ओवर में विंडीज को 19 रन की जरूरत थी और स्ट्राइक पर थे कार्लोस ब्रेथवेट। इंग्लैंड के कप्तान ईयोन मोर्गन ने गेंद बेन स्टोक्स को थमाई। स्टोक्स के पास डिफेंड करने के लिए पर्याप्त रन थे लेकिन ब्रेथवेट ने 4 गेंद में ही मैच खत्म कर दिया। ब्रेथवेट ने 4 गेंद पर लगातार 4 छक्के जड़े और इंग्लैंड के जबड़े से जीत छीन ली। इससे पहले उन्होंने गेंदबाजी में भी कमाल दिखाते हुए 4 ओवर में 23 रन देकर 3 विकेट झटके थे। सैमुअल्स 66 गेंद में 85 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच के अवॉर्ड से नवाजा गया।
यह भी पढ़ें: जिद की कीमत चुकाएगा पाकिस्तान, भारत के खिलाफ नहीं खेला तो 2300 करोड़ डूबेंगे?
सेमीफाइनल में थम गया था भारत का सफर
मेजबान भारतीय टीम इस टूर्नामेंट में खिताब के प्रबल दावेदार के रूप में उतरी थी लेकिन उसका सफर सेमीफाइनल में ही गया था। वेस्टइंडीज ने मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में टीम इंडिया को वह दिल तोड़ने वाली हार थमाई थी। सेमीफाइनल में पहले बल्लेबाजी का न्योता मिलने पर भारत ने 2 विकेट के नुकसान पर 192 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया था। विराट कोहली ने 47 गेंद में नाबाद 89 रन की पारी खेली। जवाब में वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही थी लेकिन लेंडल सिमंस ने नो-बॉल पर मिले जीवनदान का फायदा उठाकर 51 गेंद में नाबाद 82 रन ठोके और टीम को जीत दिला दी। आंद्रे रसेल ने 20 गेंद में ताबड़तोड़ अंदाज में 43 रन ठोके थे।
टी20 वर्ल्ड कप 2016 में इन टीमों ने लिया हिस्सा
- वेस्टइंडीज
- इंग्लैंड
- भारत
- न्यूजीलैंड
- ऑस्ट्रेलिया
- साउथ अफ्रीका
- श्रीलंका
- पाकिस्तान
- अफगानिस्तान
- बांग्लादेश
- जिम्बाब्वे
- नीदरलैंड्स
- ओमान
- स्कॉटलैंड
- आयरलैंड
- हॉन्ग कॉन्ग