टीम इंडिया के सलामी बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी ने शुक्रवार (6 फरवरी) को अंडर-19 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल में 80 गेंद में 175 रन की पारी खेल वर्ल्ड क्रिकेट को हैरान कर दिया। वैभव ने अपनी इस धमाकेदार पारी के दौरान इंग्लैंड की गेंदबाजी से खिलवाड़ करते हुए 15 चौके और 15 छक्के लगाए। 14 साल के वैभव की यह पारी उनके बचपन के कोच मनीथ झा की एक खास सलाह के बाद आई है।
वैभव इस अंडर-19 वर्ल्ड कप में सेट होने के बाद आउट हो जा रहे थे। पिछले पांच मैचों में उन्हें शुरुआत मिली थी लेकिन वह बड़ी पारी नहीं खेल पा रहे थे। अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में वह 68 रन बनाकर जब आउट हुए, तो मैच के बाद मनीष झा ने उन्हें एक WhatsApp मैसेज किया। कोच मनीष झा ने उनसे कहा, 'शायद यह पहला टूर्नामेंट होगा, जिसमें तुम्हारा एक भी शतक नहीं होगा। एक बार फाइनल में सेट हो गए, तो छोड़कर मत आना।'
यह भी पढ़ें: जिस रिकॉर्ड पर घमंड कर रहा था पाकिस्तान, वैभव सूर्यवंशी ने उसे ही तोड़ दिया
तकनीक में सुधार की दी सलाह
वैभव सूर्यवंशी को भेजा गया मनीष ओझा का मैसेज सिर्फ बड़ी पारी खेलने की याद दिलाने के लिए नहीं था, बल्कि उसमें एक हल्की तकनीकी कमी की ओर भी इशारा था जो शतक तक पहुंचने में बाधा बन रही थी। मनीष ओझा ने कहा, 'उसे पुल शॉट में थोड़ी परेशानी हो रही थी इसलिए मैंने उससे तकनीकी पहलुओं पर संक्षेप में बात की।'
उन्होंने आगे कहा, 'उसका सिर पीछे की ओर झुक जा रहा था और पिछला घुटना थोड़ा ढीला पड़ रहा था। जब शरीर की लाइन पर छोटी गेंदें आ रही थीं तो वह उन्हें स्क्वायर लेग या फाइन लेग की तरफ आसानी से पुल कर पा रहा था। मैंने उससे कहा कि अगर शरीर पर आ रही गेंदों को उसी हेड और फुट अलाइनमेंट के साथ खेल रहे हो तो ठीक है लेकिन अगर ऑफ स्टंप के बाहर की शॉर्ट गेंद को पुल करना है, तो सिर सीधा या थोड़ा गेंद की ओर होना चाहिए ताकि हाथ पूरी तरह खुलें और शॉट में ताकत आए।'
यह भी पढ़ें: हर्षित राणा T20 वर्ल्ड कप से बाहर? सूर्यकुमार यादव ने तोड़ी चुप्पी
'वैभव दुनियादारी से अनजान'
वैभव अभी 15 साल के भी नहीं हुए हैं और वह पहले ही सीनियर लेवल पर चार शतक जड़ चुके हैं। इसमें एक IPL शतक भी शामिल है। वैभव की लोकप्रियता बढ़ रही है। उन्हें चकाचौंध से बचाने की सलाह दी जा रही है। इस पर मनीष झा ने कहा कि वह दुनियादारी से अनजान हैं। अच्छा है कि वह क्रिकेट में व्यस्त हैं। मनीष ओझा ने कहा, 'वह अभी भी एक छोटा बच्चा है और दुनियादारी की बातों से अनजान है। अच्छी बात यह रही कि पिछले साल के IPL के बाद से इतना ज्यादा क्रिकेट रहा कि उसे इधर-उधर देखने का मौका ही नहीं मिला।'