उत्तर प्रदेश टी20 लीग 2026 के शुरुआती 3 मुकाबले लो-स्कोरिंग रहे थे लेकिन अब रनों की बौछार शुरू हो गई है। रविवार (16 अगस्त) को खेले गए दोनों मुकाबलों में बल्लेबाजों ने खूब मौज किया। काशी रुद्रास के खिलाफ कानपुर सुपरस्टार्स ने 163/4 का बड़ा स्कोर खड़ा किया था। काशी रुद्रास ने 164 रन के टारगेट को 18.1 ओवर में ही हासिल कर लिया। इसके बाद मेरठ मावेरिक्स ने सीजन का पहला 200 प्लस स्कोर बनाया, जिसके जवाब में गोरखपुर लायंस की टीम 9 विकेट खोकर 170 रन ही बना सकी।
बड़े खिलाड़ियों का प्रदर्शन कैसा है?
काशी रुद्रास के कप्तान समीर रिजवी ने 47 गेंद में 8 चौके और 2 छक्कों की मदद से 71 रन की पारी खेली। हालांकि काशी रुद्रास के कप्तान करण शर्मा और अभिषेक गोस्वामी की पारी के सामने उनकी मेहनत बेकार चली गई। अभिषेक गोस्वामी ने 52 गेंद में 76 रन की पारी खेली। वहीं कप्तान करण शर्मा ने 44 गेंद में 67 रन जड़े, जिसमें 1 चौका और 6 छक्के शामिल रहे। काशी रुद्रास की यह दो मैचों में पहली जीत रही, जबकि कानपुर सुपरस्टार्स ने लगातार दूसरा मुकाबला गंवाया।
यह भी पढ़ें: भारतीय महिला हॉकी टीम ने चीन को ड्रॉ पर रोका, अब आगे का रास्ता कैसा है?
सितारों से सजी मेरठ मावेरिक्स ने गोरखपुर लायंस के खिलाफ 6 विकेट के नुकसान पर 206 रन बनाए। चिकारा ने 45 गेंद में 9 चौके और 4 छक्कों की मदद से 82 रन ठोके। ऋतुराज शर्मा ने 30 गेंद में 44 रन बनाए, जिसमें 5 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं कप्तान रिंकू सिंह ने 12 गेंद में 25 रन ठोक दिए। उनके बल्ले से 2 चौके और 2 छक्के निकले।
गोरखपुर लायंस की ओर से सिद्धार्थ यादव को छोड़कर कोई बल्लेबाज नहीं चल सका। सिद्धार्थ ने 22 गेंद में 2 चौके और 3 छक्कों की मदद से 40 रन बनाए। मेरठ मावेरिक्स के लिए जीशान अंसारी ने लगातार दूसरे मैच में भी अच्छा प्रदर्शन किया और 3 ओवर में 36 रन देकर 2 विकेट लिए। कार्तिक त्यागी ने 4 ओवर में 18 रन देकर 1 विकेट झटका।
यह भी पढ़ें: चीते जैसी छलांग, एक हाथ से कैच... शुभमन गिल ने क्रिकेट वर्ल्ड को किया स्तब्ध
भुवनेश्वर चले लेकिन टीम हारी
तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने भी सीजन के अपने पहले मुकाबले में अच्छा प्रदर्शन किया लेकिन उनकी टीम लखनऊ फाल्कन्स को हार का सामना करना पड़ा। लखनऊ फाल्कन्स ने 15-15 ओवर के मैच में गोरखपुर लायंस को 95 रन का टारगेट दिया था। गोरखपुर की टीम ने इसे 2 गेंद शेष रहते हासिल कर लिया। भुवनेश्वर ने 3 ओवर में 17 रन 1 विकेट लिए लेकिन वह गोरखपुर लायंस को जीत से नहीं रोक सके। विपराज निगम ने 10 रन बनाने के अलावा 3 ओवर में 10 रन देकर 2 विकेट झटके। मगर उनकी मेहनत भी बेकार चली गई।