ऑस्ट्रेलिया के पूर्व सलामी बल्लेबाज उस्मान ख्वाजा ने सैंडपेपर गेट कांड को लेकर बड़ा खुलासा किया है। उन्होंने कहा है कि दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ बॉल टैम्परिंग में पूरी ऑस्ट्रेलियाई टीम शामिल थी। उन्होंने कहा कि इसमें सिर्फ खिलाड़ी ही नहीं, बल्कि सपोर्ट स्टाफ के लोग भी शामिल थे। ख्वाजा ने अपनी नई किताब 'Sabr' में इस घटना से जुड़े कई खुलासे किए हैं। अब तक जब भी सैंडपेपर कांड का जिक्र होता है, तो स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर को ही सबसे ज्यादा निशाने पर लिया जाता है। ख्वाजा ने कहा कि पिछले 8 साल में डेविड वॉर्नर की सबसे ज्यादा आलोचना हुई है। उन्होंने माना कि इतना सब होने के बाद भी चुप रहना आसान नहीं था, लेकिन वॉर्नर ने चुपचाप सब कुछ सहा।
'सैंडपेपर गेट' ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट के सबसे शर्मनाक विवादों में गिना जाता है। 2018 में चार टेस्ट मैचों की सीरीज 1-1 से बराबर थी। केपटाउन में तीसरा टेस्ट खेला जा रहा था। मैच के तीसरे दिन दक्षिण अफ्रीका दूसरी पारी में मजबूत स्थिति में था। इसी दौरान ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों ने गेंद से छेड़छाड़ की योजना बनाई। इसके बाद युवा खिलाड़ी कैमरन बैनक्रॉफ्ट को सैंडपेपर से गेंद रगड़ते हुए कैमरे में पकड़ा गया। इसका मकसद गेंद को रिवर्स स्विंग कराने में मदद करना था। शुरुआत में बैनक्रॉफ्ट ने पीली टेप इस्तेमाल करने की बात कही थी, लेकिन जांच में सैंडपेपर के इस्तेमाल की पुष्टि हुई। इसके लिए स्टीव स्मिथ और डेविड वॉर्नर को एक साल के इंटरनेशनल से बैन कर दिया गया था। वहीं बैनक्रॉफ्ट को 9 महीने तक बैन का सामना करना पड़ा था।
'बॉल टैम्परिंग में सभी शामिल थे'
उस्मान ख्वाजा ने अपनी नई किताब 'Sabr' (सब्र) को लेकर 'द सिडनी मॉर्निंग हेराल्ड' को इंटरव्यू दिया है। इसमें उन्होंने सैंडपेपर गेट कांड को लेकर कई खुलासे किए हैं। ख्वाजा ने कहा, 'यह (बॉल टैम्परिंग) हम सभी ने किया था। सिर्फ बल्लेबाज नहीं, सिर्फ गेंदबाज नहीं और सिर्फ सपोर्ट स्टाफ नहीं, बल्कि हम सभी इसमें शामिल थे।'
ख्वाजा ने कहा कि वह इस मामले पर सार्वजनिक रूप से बात नहीं करना चाहते थे। उन्हें उम्मीद थी कि आठ साल बाद सच्चाई सामने आ जाएगी। उन्होंने कहा, 'मैं आदर्श स्थिति में ऐसा नहीं करना चाहता था। मैं वह व्यक्ति नहीं बनना चाहता था, जो सामने आकर सच के बारे में बात करे। समस्या यह है कि मुझे सच में लगा था कि आठ साल बाद तक सच्चाई सामने आ चुकी होगी। शायद मुझे लगा था कि डेविड वॉर्नर इस बारे में सब कुछ बता देंगे या कोई दूसरा इस पर खुलकर बात करेगा। मैंने नहीं सोचा था कि बात यहां तक पहुंचेगी।'
'डेविड वॉर्नर को बनाया गया निशाना'
उस्मान ख्वाजा ने बताया कि मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में उन्होंने साथी खिलाड़ियों से इस मामले की जिम्मेदारी पूरी टीम के तौर पर लेने को कहा था। उन्होंने कहा, 'ड्रेसिंग रूम में भी, जब मैं मैच के बाद उनसे बात कर रहा था, तब मैंने कहा था कि इसे एक टीम के तौर पर स्वीकार करो। हमने यह एक टीम के तौर पर किया था। हमें पता था कि क्या हो रहा है। हमें इसकी जिम्मेदारी एक टीम के तौर पर लेनी होगी। मेरा रुख हमेशा यही रहा। जाहिर है, ऐसा नहीं हुआ और उन तीनों खिलाड़ियों की जमकर आलोचना हुई।'
यह भी पढ़ें: अंडर-19 एशिया कप: आर्यवीर सहवाग ने छक्के से जड़ी फिफ्टी, भारत की 10 विकेट से जीत
ख्वाजा ने डेविड वॉर्नर का जिक्र करते हुए कहा कि पिछले आठ साल में उन्हें लगातार आलोचनाओं का सामना करना पड़ा। उन्होंने कहा, 'मैंने पिछले आठ साल में डेविड को बार-बार बुरी तरह निशाने पर आते देखा है। इतने सब के बावजूद चुप रहना और कुछ न कहना आसान नहीं था। इसके लिए बहुत मजबूत इंसान होना पड़ता है।'
यह भी पढ़ें: 38 के सचिन vs 38 के विराट: मास्टर ब्लास्टर की तुलना में कहां तक पहुंचे कोहली?
स्मिथ ने कहा था- मुझे इस बारे में कुछ नहीं जानना
ख्वाजा ने अपनी किताब में बताया कि 2018 में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ दूसरे टेस्ट के दौरान ड्रेसिंग रूम में गेंद से छेड़छाड़ को लेकर चर्चा हुई थी। उनके मुताबिक, उस समय स्टीव स्मिथ ने खुद को इस चर्चा से अलग कर लिया था। ख्वाजा ने लिखा, 'इस समय स्मिथ ने लगभग अपने हाथ खड़े कर दिए और कहा कि वह इस बारे में कुछ नहीं जानना चाहते।' इसके बाद केपटाउन में सीरीज के तीसरे टेस्ट के दौरान कैमरन बैनक्रॉफ्ट को गेंद पर सैंडपेपर रगड़ते हुए कैमरे में पकड़ा गया था।