पूर्व भारतीय क्रिकेटर विनोद कांबली लंबे समय से स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं। शनिवार (21 दिसंबर) को फिर से तबीयत बिगड़ने के बाद कांबली को गंभीर हालत में ठाणे के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। बताया जा रहा है कि उनकी हालत स्थिर है, लेकिन अब भी चिंताजनक बनी हुई है। कांबली पिछले महीने यानी नवंबर में बेहोश होकर गिर गए थे, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। हाल ही में कांबली ने एक इंटरव्यू में बताया कि यूरिन इंफेक्शन की वजह से वह बेहोश हुए थे।
कपिल देव ने मदद की पेशकश की थी
विनोद कांबली कुछ ही दिनों पहले अपने बचपन के कोच रमाकांत आचरेकर के मेमोरियल इवेंट में दिखे थे। इवेंट में कांबली के साथ उनके जिगरी दोस्त सचिन तेंदुलकर भी मौजूद थे। दोनों की मुलाकात का वीडियो कई दिनों तक सोशल मीडिया पर चर्चा में बना हुआ था। कांबली बेबस नजर आ रहे थे। इवेंट के दौरान बोलते हुए उनकी जुबान लड़खड़ा रही थी। कांबली की इस हालत को देख 1983 वर्ल्ड कप विजेता कप्तान कपिल देव ने मदद की पेशकश की थी। कपिल ने कहा था कि अगर कांबली फिर से रिहैब में जाने के लिए तैयार हैं, तो वह पूरी मदद करेंगे।
बता दें कि कांबली पहले ही 14 बार रिहैब में जा चुके हैं। उन्होंने कपिल देव के ऑफर को स्वीकार करते हुए 15वीं बार रिहैब में जाने के लिए हामी भरी थी। कांबली ने विकी लालवानी के यूट्यूब चैनल पर कहा था, 'मैं रिहैब के लिए जाने के लिए तैयार हूं। मैं इसलिए जाना चाहता हूं क्योंकि मुझे किसी चीज का डर नहीं है। मेरा परिवार मेरे साथ है।'
इस इंटरव्यू में उन्होंने अपनी आर्थिक स्थिति के बारे में भी खुलासा किया था। कांबली ने कहा था कि उनकी माली हालत ठीक नहीं है और उनकी आय का एकमात्र जरिया बीसीसीआई से मिलने वाला पेंशन है, जो हर महीने 30 हजार रुपए आता है।
कांबली ने कीं दो शादियां
बाएं हाथ के बल्लेबाज विनोद कांबली ने भारत के लिए 1991 में डेब्यू किया था और आखिरी बार 2000 में वह टीम इंडिया की जर्सी में दिखे। कांबली 9 साल लंबे अपने इंटरनेशनल करियर में 121 मैच ही खेल पाए। कांबली ने 17 टेस्ट में 54 से ज्यादा की औसत से 1084 रन बनाए। इस दौरान उनके बल्ले से 4 शतक निकले जिसमें 2 दोहरे शतक शामिल थे। वनडे में उन्हें 104 मैच खेलने को मिले जिसमें उन्होंने 2477 रन बनाए। कांबली ने 2009 में इंटरनेशनल क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी।
कांबली ने दो शादियां कीं। उन्होंने पहली शादी 1998 में नोएला लुईस से की थी। नोएला होटल में रिसेप्शनिस्ट के रूप में काम करती थीं। हालांकि यह लव लाइफ ज्यादा दिन नहीं चली और उनका तलाक हो गया। इसके बाद कांबली ने दूसरी शादी 2006 में फैशन मॉडल एंड्रिया हेविट से की। 2010 में एंड्रिया ने कांबली के बेटे जीसस क्रिस्टियानो को जन्म दिया। कांबली को एक बेटा और एक बेटी है।