इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2026 अब अपने आधे पड़ाव के करीब पहुंच रहा है। आज (22 अप्रैल) सीजन का 34वां मुकाबला बेंगलुरु के एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाना है, जिसमें रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के सामने गुजरात टाइटंस (GT) की चुनौती होगी। इस मुकाबले में विराट कोहली के पास एक खास उपलब्धि हासिल करने का सुनहरा मौका है। कोहली GT के खिलाफ एक छक्का लगाते ही IPL में 300 छक्के पूरे कर लेंगे।
उन्होंने अब तक 265 पारियों में 299 छक्के लगाए हैं। एक छक्का जड़ते ही वह क्रिस गेल और रोहित शर्मा के क्लब में शामिल हो जाएंगे। अभी तक गेल और रोहित ही IPL में छक्कों का तिहरा शतक पूरा कर पाए हैं। कैरेबियाई दिग्गज गेल ने 141 IPL पारियों में 357 छक्के जड़े, तो रोहित 271 IPL पारियों में 310 छक्के लगा चुके हैं।
यह भी पढ़ें: गेंदबाज या बल्लेबाज, चिन्नास्वामी में कौन करेगा राज? जानें पिच का हाल
IPL में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
- क्रिस गेल - 357 छक्के (141 पारियां)
- रोहित शर्मा - 310 छक्के (271 पारियां)
- विराट कोहली - 299 छक्के (265 पारियां)
- एमएस धोनी - 264 छक्के (242 पारियां)
- एबी डिविलियर्स - 251 छक्के (170 पारियां)
IPL 2026 में ऐसा है कोहली का प्रदर्शन
पिछले सीजन की तरह इस बार भी कोहली का बल्ला आग उगल रहा है। उन्होंने अब तक 6 पारियों में 49.40 की औसत और 157.32 के स्ट्राइक रेट से 247 रन बनाए हैं, जिसमें 2 अर्धशतक शामिल है। इस दौरान उनके बल्ले से 8 छक्के निकले हैं। ऑरेंज कैप की रेस में वह छठे स्थान पर चल रहे हैं।
यह भी पढ़ें: चोट कंधे पर लगी और बहाना सिर का कर दिया? मुंबई इंडियंस के फैसले पर हंगामा
गेल के रिकॉर्ड पर सुदर्शन की नजरें
गुजरात टाइटंस के सलामी बल्लेबाज साई सुदर्शन आज के मुकाबले में एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर सकते हैं। IPL में सबसे तेज 2000 रन का आंकड़ा पार करने से वह 72 रन दूर हैं। उन्होंने अब तक 46 पारियों में 1928 रन बनाए हैं। अगर आज वह 72 रन की पारी खेलते हैं IPL में सबसे तेज 2000 रन बनाने के मामले में क्रिस गेल का रिकॉर्ड तोड़ देंगे, जिन्होंने 48 पारियों में यह कारनामा किया था।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XII:
गुजरात टाइटंस - शुभमन गिल (कप्तान), साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, शाहरुख खान/कुमार कुशाग्र, जेसन होल्डर/ग्लेन फिलिप्स, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कैगिसो रबाडा, मोहम्मद सिराज, प्रसिद्ध कृष्णा, अशोक शर्मा
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु - विराट कोहली, फिल सॉल्ट, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), टिम डेविड, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड/जैकब बेथेल, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार